इनका नाम-पता बताओ; गालीबाजी और गंदी बातों पर दिल्ली पुलिस का बड़ा ऐक्शन
दिल्ली पुलिस ने संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्तियों के खिलाफ अपमानजनक और भद्दी भाषा का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ ऐक्शन लेने जा रही है। पुलिस ने एक्स से इनकी डिटेल मांग ली है।

संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्तियों के खिलाफ गंदी बातें करने वालों की खैर नहीं। दिल्ली पुलिस ने ऐसे लोगों के खिलाफ बड़ा कदम उठाया है। ना सिर्फ ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) को ऐसे सभी कॉटेंट को डिलीट करने को कहा है, बल्कि अपमानजनक बातें करने वालों का नाम और पता भी मांग लिया गया है।
दिल्ली पुलिस ने यह कदम ऐसे समय पर उठाया है, जब हाल ही में हुए छात्र आंदोलन के दौरान बहुत से प्रदर्शनकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत संवैधानिक पदों पर बैठे हुए शख्सियतों के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते नजर आए। खुद को 'जेन जी' बताने वाले कई यूजर्स ने सोशल मीडिया पर भी ऐसे कॉन्टेंट पोस्ट किए जिनमें गालियों और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया था। हालांकि, कुछ ने आंदोलन खत्म होने के बाद अपनी गलतियों के लिए माफी भी मांगी है।
नाम, पता समेत पूरी डिटेल मांगी
अब पुलिस ने एक शिकायत मिलने पर एक्स को लेटर लिखा है और कहा है कि संवैधानिक प्रमुखों के खिलाफ अपमानजनक, भ्रामक और मानहानिकारक सामग्री को प्रसारित किया जा रहा है। एक्स से कहा गया है कि ऐसे सभी पोस्ट/वीडियो या अन्य सामग्री को तुरंत डिलीट किया जाए। पुलिस ने इन सामग्रियों को पोस्ट करने वाले अकाउंट होल्डर्स की पूरी जानकारी भी मांगी है। एक्स अकाउंड होल्डर का पूरा नाम, पता, फोन नंबर, ईमेल आईडी आदि बताने को कहा गया है। इसके अलावा वह कहां से लॉग इन और लॉग आउट कर रहे हैं, यह भी पूछा गया है।
दिल्ली पुलिस ने कहा है कि यदि इनके संबंध में कोई और भी जानकारी हो जो जांच में मददगार हो सकती है, तो दी जाए। इसके अलावा कथित पोस्ट/वीडियो के ब्योरे को भविष्य के लिए संरक्षित करके रखने को कहा गया है।
गालीबाजी पर कई मांग चुके माफी
दिल्ली में जंतर-मंतर पर सीजेपी के प्रदर्शन के दौरान कई लोगों ने कैमरों के सामने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। प्रधानमंत्री को लेकर अपशब्दों का इस्तेमाल किया गया। हालांकि, आंदोलन खत्म होने के बाद ऐसे कई लोगों ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। इनमें प्रसिद्ध ट्रांसजेंडर मेकअप आर्टिस्ट और रियलिटी शो में भाग ले चुकी जानमोनी दास भी शामिल हैं जिन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनके माता-पिता को लेकर की गई अपनी हालिया आपत्तिजनक टिप्पणी के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है।


