दिल्ली को मिलेगी जाम से राहत, मोदी मिल और सवित्री सिनेमा फ्लाईओवर को मिली मंजूरी

Jan 17, 2026 01:11 pm ISTAnubhav Shakya लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

दिल्ली की आउटर रिंग रोड पर यातायात सुगम बनाने के लिए मोदी मिल और सवित्री सिनेमा फ्लाईओवर के विस्तार को 372 करोड़ रुपये की मंजूरी मिली है। यह परियोजना ढाई साल में पूरी होगी, जिससे नेहरू प्लेस, कालकाजी और ग्रेटर कैलाश जैसे व्यस्त इलाकों में लाखों वाहन चालकों को सिग्नल-फ्री सफर की सुविधा मिलेगी।

दिल्ली को मिलेगी जाम से राहत, मोदी मिल और सवित्री सिनेमा फ्लाईओवर को मिली मंजूरी

दिल्ली की आउटर रिंग रोड पर जाम की सबसे बड़ी समस्या जल्द खत्म होने वाली है। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने मोदी मिल और सवित्री सिनेमा चौराहों पर फ्लाईओवर के विस्तार और अपग्रेड की योजना को मंजूरी मिल चुकी है। दिल्ली सरकार की व्यय वित्त समिति ने दिसंबर 2025 में इन परियोजनाओं को हरी झंडी दी है। कुल मिलाकर फ्लाईओवर से जुड़े काम पर करीब 372 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसमें मोदी मिल फ्लाईओवर पर 313 करोड़ और सवित्री सिनेमा पर 59 करोड़ खर्च होंगे। पूरी परियोजना 30 महीने यानी ढाई साल में पूरी हो जाएगी।

मोदी मिल फ्लाईओवर का बड़ा विस्तार

टीओआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, मोदी मिल फ्लाईओवर को अब कालकाजी मंदिर तक बढ़ाया जाएगा। यह नया हिस्सा तीन लेन का होगा। कालकाजी मंदिर से मोदी मिल की तरफ 1,140 मीटर लंबा तीन लेन का हिस्सा बनेगा, जबकि मोदी मिल से कालकाजी की तरफ 870 मीटर का तीन लेन का हिस्सा होगा। इससे कैप्टन गौर मार्ग, मां आनंदमयी मार्ग, लोटस टेम्पल रोड और नेहरू प्लेस बस डिपो जैसे चौराहों पर ट्रैफिक बिना रुके बह सकेगा। मौजूदा फ्लाईओवर को दो तरफा बनाकर क्षमता दोगुनी की जाएगी।

सवित्री सिनेमा पर नया हाफ फ्लाईओवर

सवित्री सिनेमा चौराहा ग्रेटर कैलाश, सीआर पार्क और जीके-2 के लोगों के लिए हमेशा से परेशानी का सबब रहा है। यहां मौजूदा सिंगल फ्लाईओवर के समानांतर एक नया तीन लेन का हाफ फ्लाईओवर बनेगा। इसकी लंबाई करीब 435 मीटर होगी। यह पुराने फ्लाईओवर को डबल करेगा और जीके-2 रोड, मस्जिद मोथ रोड जैसे इलाकों में ट्रैफिक सुचारू बनाएगा। इससे नेहरू प्लेस और ग्रेटर कैलाश के बीच आवागमन आसान हो जाएगा।

प्रोजेक्ट में नीचे की सड़कों को चौड़ा करने, फुटपाथ, बस बे, ड्रेनेज सिस्टम और स्ट्रीट लाइट्स को अपग्रेड करने का भी प्लान है। पुरानी कुछ संरचनाएं हटाई या नई बनाई जाएंगी। नए यू-टर्न, पैदल यात्रियों के लिए क्रॉसिंग और बेहतर साइनेज लगेंगे। इससे मोदी मिल से आईआईटी गेट तक का 7-8 किलोमीटर का हिस्सा लगभग सिग्नल-फ्री हो जाएगा। इन फ्लाईओवर से दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद और आईजीआई एयरपोर्ट जाने वाले लाखों लोगों को समय, ईंधन और तनाव से बड़ी राहत मिलेगी।

Anubhav Shakya

लेखक के बारे में

Anubhav Shakya
भारतीय जनसंचार संस्थान नई दिल्ली से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद जी न्यूज से करियर की शुरुआत की। इसके बाद नवभारत टाइम्स में काम किया। फिलहाल लाइव हिंदुस्तान में बतौर सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। किताबों की दुनिया में खोए रहने में मजा आता है। जनसरोकार, सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों में गहरी दिलचस्पी है। एनालिसिस और रिसर्च बेस्ड स्टोरी खूबी है। और पढ़ें
;;;