
Delhi Old Age Pension : दिल्ली में बुजुर्ग पेंशन के आवेदन 50 दिन बाद भी नहीं हुए शुरू, क्या है वजह
Delhi Old Age Pension : दिल्ली में 50 हजार और बुजुर्गों को वृद्धावस्था पेंशन (Old Age Pension Delhi) देने की घोषणा 50 दिन बाद भी लागू नहीं हो सकी है। दिल्ली सरकार के समाज कल्याण विभाग की वेबसाइट पर अभी तक बुजुर्गों की पेंशन के लिए आवेदन शुरू नहीं हुए हैं।
दिल्ली में 50 हजार और बुजुर्गों को वृद्धावस्था पेंशन (Delhi Old Age Pension) देने की घोषणा 50 दिन बाद भी लागू नहीं हो सकी है। दिल्ली सरकार के समाज कल्याण विभाग की वेबसाइट पर अभी तक बुजुर्गों की पेंशन के लिए आवेदन शुरू नहीं हुए हैं। बुजुर्ग बीते कई दिनों से वेबसाइट पर जाकर आवेदन करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन अभी तक इसके आवेदन शुरू ही नहीं हुए हैं।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर के मौके पर दिल्ली में कई अहम परियोजनाओं के साथ वृद्धावस्था वित्तीय सहायता योजना में 50,000 नए लाभार्थियों को जोड़ने की घोषणा हुई थी। 17 सितंबर को कुछ घंटों के लिए वेबसाइट को खोला भी गया था, लेकिन इसकी जानकारी लोगों को नहीं थी। अब वेबसाइट पर फॉर्म नहीं खुल रहे हैं।
तकनीकी दिक्कत आ रही : समाज कल्याण विभाग से जुड़े सूत्रों ने बताया कि दिल्ली में लगभग चार लाख बुजुर्गों को सरकार मासिक पेंशन देती है। इसमें 50 हजार नए आवेदक जोड़ने की घोषणा सरकार ने की है। इसके लिए प्रयास जारी हैं। वेबसाइट में तकनीकी दिक्कत को दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
डीटीसी बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगे ट्रांसजेंडर
वहीं, दिल्ली सरकार अब महिलाओं के साथ ट्रांसजेंडर समुदाय को भी डीटीसी और क्लस्टर बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने जा रही है। इसके लिए जल्द ही ट्रांसजेंडरों के पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनाए जाएंगे। समाज कल्याण मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने परिवहन विभाग को निर्देश दिया है कि चालक, परिचालक और मार्शल को विशेष प्रशिक्षण दिया जाए ताकि बसों में महिलाओं या ट्रांसजेंडर यात्रियों के साथ किसी प्रकार का दुर्व्यवहार न हो। मंत्री ने कहा कि यह फैसला समाज के सबसे वंचित वर्गों को समान अवसर के साथ जीवन जीने में मदद करेगा। उन्होंने परिवहन विभाग से कहा कि सेवा शुरू होने से पहले सभी कर्मियों को संवेदनशीलता प्रशिक्षण दिया जाए ताकि ट्रांसजेंडर यात्रियों को असुविधा का सामना न करना पड़े।





