
दिल्ली नर्सरी दाखिले की रेस : अधिक उम्र वाले बच्चे के एडमिशन के लिए विशेषज्ञों ने बताए जरूरी टिप्स
Delhi Nursery Admission : दिल्ली के निजी स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2026-2027 के तहत नर्सरी, केजी व पहली कक्षा में दाखिले की दौड़ जारी है। अभिभावक बच्चों के लिए आवेदन करने में जुटे हैं। कुछ अभिभावक बच्चे की उम्र अधिक होने के चलते नर्सरी कक्षा में दाखिला के लिए आवेदन नहीं कर पा रहे हैं।
राजधानी दिल्ली में 1700 से अधिक निजी स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2026-2027 के तहत नर्सरी, केजी व पहली कक्षा में दाखिले की दौड़ जारी है। अभिभावक बच्चों के लिए आवेदन करने में जुटे हैं। कुछ अभिभावक बच्चे की उम्र अधिक होने के चलते नर्सरी कक्षा में दाखिला के लिए आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। खासकर एनसीआर के अभिभावक इसे लेकर पसोपेश में हैं।
अभिभावकों का कहना है कि उम्र सीमा हर वर्ष एक बड़ा मुद्दा रहा है। ऐसे में नर्सरी कक्षा दाखिला विशेषज्ञों ने बताया कि अभिभावकों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि अभिभावक आवेदन करने से पहले स्कूल से घर की दूरी को प्राथमिकता दें, क्योंकि यह कई स्कूलों में अहम अंक दिलाता है। एनसीआर में रहने वाले परिवार चाहें तो वहां के स्कूलों में भी आवेदन कर सकते हैं। इससे बच्चे का एक वर्ष खराब होने से बच सकता है। विशेषज्ञ बताते हैं कि जरूरत पड़ने पर अभिभावक स्कूल के प्रधानाचार्य से विशेष अनुरोध भी कर सकते हैं, जहां उम्र सीमा में मामूली छूट की संभावना रहती है।
देरी कर रहे स्कूलों पर शिक्षा विभाग की पैनी नजर
इसके अलावा कई स्कूलों ने अब तक दाखिला मापदंड जारी नहीं किए हैं। इससे कई जिलों के अभिभावकों को अभी और इंतजार करना पड़ रहा है। शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार राजधानी के कुल 1756 निजी मान्यता प्राप्त स्कूलों में से 1537 स्कूलों ने अपने-दाखिला मापदंड अपलोड किए हैं, जबकि 219 स्कूलों ने अभी तक मापदंड जारी नहीं किए हैं। शिक्षा विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जो स्कूल समय पर अपने मापदंड अपलोड नहीं कर रहे हैं, उन पर विभाग की नजर है। अगर इसी तरह देरी होती रही तो स्कूलों पर कार्रवाई की जाएगी।





