
दिल्ली में 95 और मोहल्ला क्लीनिक बंद होंगे, सरकार ने दिया आदेश; जानिए क्या है इसकी वजह
दिल्ली सरकार ने 95 और मोहल्ला क्लीनिक बंद करने का आदेश दिया है, जो आयुष्मान आरोग्य मंदिरों से एक किलोमीटर के दायरे में स्थित हैं, जिसके साथ अब तक कुल 247 क्लीनिक बंद हो चुके हैं।
दिल्ली सरकार ने एक बार फिर मोहल्ला क्लीनिकों पर बड़ा फैसला लिया है। नए आदेश के तहत शहर में 95 और मोहल्ला क्लीनिक बंद कर दिए जाएंगे। ये सभी क्लीनिक नए खोले जा रहे आयुष्मान आरोग्य मंदिरों से एक किलोमीटर के दायरे में हैं।
पिछले कुछ महीनों में तीसरी बड़ी कार्रवाई
दिल्ली में अगस्त में 31 मोहल्ला क्लीनिक बंद हुए थे, जो पोर्टा केबिन और किराए के भवनों में चल रहे थे। इसके बाद अक्टूबर में 121 क्लीनिकों को बंद करने का आदेश आया था।
वहीं अब 95 और मोहल्ला क्लिनिक बंद होंगे। कुल मिलाकर अब तक 247 मोहल्ला क्लीनिक या तो बंद हो चुके हैं या होने वाले हैं।
AAP ने बनाए थे मोहल्ला क्लिनिक
2015 में आम आदमी पार्टी ने मोहल्ला क्लीनिक शुरू किए थे ताकि गरीब से गरीब को मुफ्त और पास में इलाज मिले। लेकिन इसी साल मार्च में दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह ने कहा था कि करीब 250 मोहल्ला क्लीनिक सिर्फ कागजों पर हैं। किराए की रकम का दुरुपयोग हो रहा है। इन्हें जल्द बंद कर दिया जाएगा।
कर्मचारियों ने जताई नाराजगी
मोहल्ला क्लीनिक यूनियन के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने कहा, “मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जनता दरबार में साफ कहा था कि सभी कर्मचारियों को बिना इंटरव्यू के आरोग्य मंदिरों में समायोजित कर लिया जाएगा। लेकिन अब बिना नौकरी दिए क्लीनिक बंद किए जा रहे हैं। हमने दिल्ली हाईकोर्ट में PIL दाखिल की है।”
सरकार का जवाब
स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह ने कहा, “हम सिर्फ वही क्लीनिक बंद कर रहे हैं जो आरोग्य मंदिरों के बहुत पास हैं या पोर्टा केबिन में चल रहे थे। नए आरोग्य मंदिरों में ज्यादा डॉक्टर, बेहतर जांच और दवाइयां होंगी। दिल्ली की जनता को फायदा ही होगा।”





