दिल्ली में पीजी और कोचिंग सेंटरों पर नियंत्रण के लिए लागू होगी नीति; आएंगे नियम
दिल्ली में इमारतों के गिरने की घटनाओं के बाद DDA अवैध पीजी, कोचिंग सेंटरों, हास्टलों और पुस्तकालयों को विनियमित करने के लिए सुरक्षा नियमों वाली नीति ला रहा है। इसके साथ ही डीयू कॉलेजों के छात्रावासों का विस्तार किया जा रहा है।

दिल्ली में पीजी, छात्रावास, कोचिंग सेंटरों व पुस्तकालयों को विनियमित करने के लिए नियम लागू होंगे। इस संबंध में दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) द्वारा नीति तैयार की जा रही है। इसमें कई नियम व नियमों की शर्तों को तैयार किया जा रहा है। जिससे दिल्ली में अवैध तरह से नियमों का अनुपालन न करने वाले पीजी, कोचिंग सेंटरों, छात्रावास व पुस्तकालयों को नियंत्रित किया जा सके और उन पर सख्त कार्रवाई कानूनी रूप से की जाए। बीते छह महीनों के दौरान राजधानी में कई इमारत गिरने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
नई नीति के तहत लागू होंगे नियम
इसमें इस वर्ष मई के अंत में सैदुलाजाब में 5 मंजिला इमारत गिरने से कई छात्रों की मृत्यु हुई। इसके बाद बीते महीने सितंबर में सत्य निकेतन में एक पीजी की इमारत गिरी, जिससे छात्रों की मृत्यु हुई थी। इसे लेकर विभागों पर प्रशासनिक कामकाज पर कई सवाल खड़े हुए हैं। अब इन पीजी जैसी इमारतों को नियंत्रित करने के लिए नई नीति के तहत नियम लागू होंगे।
पीजी व अन्यों को किया जाएगा रेगुलेट
इस संबंध में डीडीए के सूत्रों ने बताया कि इसके मद्देनजर डीडीए प्रशासन, दिल्ली सरकार के साथ मिलकर दिल्ली में छात्रावास, पीजी, पुस्तकालय व कोचिंग सेंटरों को रेगुलेट (विनियमित) करने को लेकर भी एक महीने में एक नीति लाएगा। जिसमें भवन मानदंडों, भवन सुरक्षा नियमों का अनुपालन सुनिश्चित हो सकेगा। छात्रावास, पीजी में सीढ़ियों पर मीटर न लगा हो, संकरे कमरें व गलियां न हो। इन सब पर निगरानी होगी।
लगातार हो रही बैठकें
डीडीए की तरफ से कुछ स्थानों पर जमीनी को भी चिन्हित कर छात्रावास का निर्माण सुनिश्चित किया जाएगा। इस नीति को तैयार करने के लिए बैठकें लगातार हो रही हैं। इसे डीडीए की बोर्ड बैठक में प्रस्तुत कर लागू किया जाएगा।
इन छह कॉलेजों के आवासीय क्षेत्र के उपयोग को डीडीए ने 10 फीसदी से 30 फीसदी तक किया, कई अन्य कॉलेजों में भी व्यवस्था लागू होगी
- सेंट स्टीफंस कॉलेज - कॉलेज में 6 आवासीय ब्लॉक में 350 से 500 छात्रों के ठहरने की व्यवस्था है
- श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स - कॉलेज छात्रावास के कुल रूम की संख्या 146 है
- हंसराज कॉलेज - कॉलेज के छात्रावास में कुल रूम की संख्या 128 है
- मिरांडा हाउस - कॉलेज के छात्रावास में कुल रूम की संख्या 179 है
- हिंदू कॉलेज - कॉलेज के छात्रावास में कुल रूम की संख्या 119 है
- किरोड़ीमल कॉलेज - कॉलेज के छात्रावास में कुल रूम की संख्या लगभग 90 है
डीयू के कॉलेजों के आवासीय क्षेत्र का होगा विस्तार
दिल्ली में छात्रावास की समस्या को हल करने के लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसे लेकर डीडीए प्रशासन दिल्ली विश्वविद्यालय के विभिन्न कॉलेजों में आवासीय क्षेत्रों का विस्तार कर रहा है। अब तक एक महीने की अवधि के दौरान छह कॉलेजों की छात्रावास के आवासीय क्षेत्र की क्षमता को दस फीसदी से 30 फीसदी तक बढ़ दिया है। इसके तहत डीयू के इन छह कॉलेजों में अतिरिक्त कमरों की सुविधा छात्रों के लिए विकसित की जा सकेगी।
हास्टलों की क्षमता बढ़ाने पर जोर
इससे इन छह कॉलेजों में अतिरिक्त लगभग 2 से 3 हजार कमरों का निर्माण हो सकेगा। इसके अलावा डीडीए और दिल्ली सरकार द्वारा फ्लोर एरिया रेशो (एफएआर) जैसे भवन निर्माण मानदंडों में सरल बनाते हुए छात्रावासों की क्षमता को बढ़ाने की प्रक्रिया पर भी काम किया जा रहा है। इसके अलावा डीयू के अन्य कॉलेजों के छात्रावास की सुविधा को विस्तार प्रदान हो सके। इसके लिए भी डीडीए प्रशासन उन कॉलेजों की भूमि पर उपस्थित छात्रावास में अतिरिक्त कमरों की सुविधा प्रदान करने के लिए योजना पर काम कर रहा है।

