मकान से बदबू, भीतर महिला की सड़ी लाश; दिल्ली में मजनू का टीला इलाके की घटना
दिल्ली के मजनू का टीला इलाके में एक बंद मकान से दुर्गंध आने पर लोगों ने पुलिस को बुलाया। पुलिस ने कमरे से 54 साल की एक अविवाहित महिला की सड़ चुकी लाश मौके से बरामद की। कमरे से मिले पहचान पत्र से महिला की शिनाख्त हुई है।

दिल्ली के मजनू का टीला इलाके में एक बंद मकान से तेज दुर्गंध आने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो कमरे के भीतर एक महिला की सड़ी गली लाश मिली। कमरे से मिले पहचान पत्र के जरिए मृतका की शिनाख्त हुई। स्थानीय लोगों के अनुसार महिला अविवाहित थी और बेहद एकांतप्रिय स्वभाव के कारण घर में अकेली रहती थी। किसी से बातचीत नहीं करने और आसपास के लोगों से मेलजोल नहीं होने के कारण महिला के साथ हुई घटना के बारे में किसी को नहीं पता चल सका।
एक अधिकारी ने बताया कि सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मजनू का टीला स्थित ओल्ड चंद्रावल में शनिवार को एक मकान से रहस्यमयी हालत में महिला का शव बरामद हुआ। कमरे से मिले आधार कार्ड के आधार पर मृतका की पहचान मजनू का टीला निवासी 54 वर्षीय अराचिमानी संथाल के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मृतका के रिश्तेदारों और परिजनों के बारे में पता लगाने की कोशिश कर रही है। परिजनों द्वारा दावे के लिए शव को अगले 72 घंटों तक सब्जी मंडी शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने संदिग्ध हालत में मौत के तहत मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, मामले में पड़ोसियों ने पुलिस को सूचित किया। उन्होंने शनिवार को जब महिला के बंद मकान से असहनीय दुर्गंध महसूस किया, तो उन्होंने तुरंत पीसीआर कॉल कर पुलिस को इसकी सूचना दी।
पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। जब पुलिस टीम ने मकान के अंदर प्रवेश किया, तो वहां फर्श पर एक महिला का शव पड़ा हुआ मिला, जो सड़ने की स्थिति में था और उसी से तेज बदबू आ रही थी। तत्काल क्राइम और फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम को मौके पर बुलाया गया। दोनों टीमों ने घटनास्थल का सघन निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस की शुरुआती पूछताछ और जांच के अनुसार, अब तक इस मामले में किसी भी प्रकार की आपराधिक साजिश या हत्या की आशंका सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एकांतप्रिय और अविवाहित थी महिला
पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से तलाशी ली तो एक आधार कार्ड बरामद हुआ। इसके आधार पर मृतका की पहचान मजनू का टीला निवासी 54 वर्षीय अराचिमानी संथाल के रूप में हुई। स्थानीय लोगों और पड़ोसियों से पूछताछ में यह बात सामने आई कि मृतका अविवाहित थी और इस घर में बिल्कुल अकेली रहती थी। उनका स्वभाव काफी एकांतप्रिय था और वह इलाके के लोगों से ज्यादा बातचीत नहीं करती थीं, जिसके कारण किसी को उनकी मौत की भनक समय पर नहीं लग सकी।


