
दिल्ली की सड़कों पर दौड़ सकती हैं इलेक्ट्रिक डबल डेकर बसें, क्या है प्लान?
दिल्ली की सड़कों पर एक बार फिर डबल डेकर बसें दौड़ सकती हैं। सरकार मशहूर जगहों के लिए इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस चलाने की योजना बना रही है। क्या है सरकार का प्लान? जानने के लिए पढ़ें यह रिपोर्ट…
दिल्ली की सड़कों पर एक बार फिर डबल डेकर बसें दौड़ सकती हैं। अधिकारियों की मानें तो सरकार प्रधानमंत्री संग्रहालय से लेकर नेशनल वॉर मेमोरियल और भारत मंडपम जैसी मशहूर जगहों के लिए एक इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस चलाने की योजना बना रही है। यह इलेक्ट्रिक बस अशोक लेलैंड कंपनी की बताई जाती है। कंपनी ने कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी यानी सीएसआर पहल के तहत बनाकर दी थी। यह बस परिवहन विभाग को दी गई थी। बाद में इसे पर्यटन विभाग को सौंपा गया।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि रूट लगभग फाइनल हो गया है। योजना को एक महीने के अंदर हरी झंडी दिखाई जा सकती है। पर्यटन विभाग इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस को प्रधानमंत्री संग्रहालय से भारत मंडपम, वॉर मेमोरियल, नए संसद परिसर, दिल्ली हाट और दूसरी लोकप्रिय जगहों तक पर्यटकों की सहूलियत के लिए चलाने की योजना बना रहा है।
अधिकारी ने यह भी बताया कि हम इस बस सेवा के लिए दिल्ली आने वाले विदेशियों और पर्यटकों को टारगेट करने की योजना बना रहे हैं। बस 9.8 मीटर लंबी और 4.75 मीटर ऊंची है। इसमें ड्राइवर की सीट के साथ ही 63 से अधिक यात्रियों के बैठने की जगह है। योजना की हरी झंडी दिखाने की सेरेमनी के लिए सीएमओ से समय मांगा है। इसके बाद दिल्ली की सड़कों पर इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस चलने लगेगी।
इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस को लुटियंस दिल्ली में चलाया जा सकता है। लुटियंस दिल्ली में लटकते ओवरहेड तारों की समस्या नहीं है ऐसे में ऐसी बसें चलाने में समस्या नहीं आएगी। अधिकारी ने बताया कि इस बस पर सिग्नेचर ब्रिज, इंडिया गेट और भारत मंडपम जैसे टूरिस्ट स्पॉट की तस्वीरें लगी होंगी। बस में वयस्क के लिए एक सवारी का किराया 500 रुपये होगा। छह से 12 साल के बच्चों के लिए 300 रुपये का टिकट लग सकता है।





