दिल्ली के न्यू सीमापुरी में बिल्डिंग गिरने के बाद से फरार मालिक को गिरफ्तार, 4 लोगों हुई थी मौत
दिल्ली पुलिस ने न्यू सीमापुरी बिल्डिंग हादसे की जांच के बीच फरार मकान मालिक मोहम्मद अनवर को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। इस हादसे में अनवर की बेटी समेत चार लोगों की मौत हो गई थी।

पूर्वी दिल्ली के न्यू सीमापुरी में पिछले सप्ताह गिरे एक पांच मंजिला मकान के मालिक करीब 60 वर्षीय मोहम्मद अनवर को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। वह हादसे के बाद से ही फरार था। इस मामले की जानकारी रखने वाले लोगों ने मंगलवार को बताया कि हादसे में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें अनवर की बेटी भी शामिल थी। जब यह इमारत गिरी तब अनवर बाहर गया हुआ था। घायलों में उसकी पत्नी, बेटा और तीन साल का पोता भी शामिल थे।
यह इमारत 20 साल से भी अधिक पुरानी थी और इसमें ग्राउंड-फ्लोर के ऊपर चार मंजिलें और बनाई गई थीं। आरोप है कि अनवर अपने 25 वर्ग गज मकान के सबसे ऊपरी मंजिल पर किराये पर देने के लिए कमरे बनवा रहा था, जबकि उस मकान की नींव कमजोर थी। हादसे में अनवर का तीन साल का पोता बाल-बाल बच गया। अनवर के घर से करीब 300 मीटर दूरी पर ही दामाद का घर है, जो फिर से बन रहा था। इसके चलते बेटी-दामाद और उनका बेटा एक महीने पहले ही इस मकान में रहने थे।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
एचटी की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने शुरुआत में अज्ञात लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 105 (गैर-इरादतन हत्या) और धारा 110 (गैर-इरादतन हत्या की कोशिश) के तहत मामला दर्ज किया था। इमारत गिरने की वजहों का पता लगाने के लिए मजिस्ट्रेट जांच भी चल रही है। हालांकि, शुरुआती जांच में पता चला है कि पिछले तीन-चार दिनों से पास के एक मकान में चल रही तोड़-फोड़ की वजह से यह हो सकता है कि यह इमारत ढह गई होगी। मकान में तोड़फोड़ के लिए वाइब्रेटर मशीनों का इस्तेमाल हो रहा था।
मलबें में दब गए थे 11 लोग
दिल्ली नगर निगम (MCD) ने बताया कि इमारत कम से कम 20-25 साल पुरानी थी और दिल्ली अर्बन शेल्टर इम्प्रूवमेंट बोर्ड (DUSIB) के अधिकार क्षेत्र में आने वाली झुग्गी-बस्ती में बनी थी। करीब 11 लोग मकान के मलबे में दबने से फंस गए और आठ लोग घायल हो गए थे, जिनमें मकान में रहने वाले और पड़ोसी शामिल थे।
पुलिस को डीएनए जांच रिपोर्ट के इंजतार
मलबे से मिले शरीर के पांच हिस्सों की पहचान के लिए पुलिस फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही हैं, इसलिए मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। पुलिस ने डीएनए जांच शुरू कर दी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि ये अवशेष किनके हैं। इस हादसे में तीन महिलाओं और करीब चार साल के एक बच्चे की मौत हो गई थी। मृतक महिलाओं की पहचान 56 वर्षीय हजरा बीबी, उसकी भतीजी और अनवर की बेटी 33 वर्षीय नुसरत और चार महीने की गर्भवती 21 वर्षीय गुलाफ्शा के तौर पर हुई है।
मकान गिरने के बाद 28 घंटे तक सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चला। शुरुआत में दो बच्चों और एक महिला की मौत की पुष्टि हुई थी। गुरुवार तड़के दो और महिलाओं के शव बरामद किए गए, जिसके बाद पुलिस ने मृतकों की संख्या चार बताई।

