
शराब के शौकीनों के लिए गुड न्यूज! मॉल और मेट्रो में खुलेंगी प्रीमियम ब्रांड की दुकानें
दिल्ली की नई शराब नीति के तहत अब मॉल, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और मेट्रो स्टेशन परिसरों में प्रीमियम वॉक-इन स्टाइल की शराब की दुकानें खुलेंगी, जिन्हें सिर्फ सरकारी एजेंसियां ही चलाएंगी, हालांकि किराए और कमीशन में बढ़ोतरी के कारण शराब की कीमतें बढ़ने की संभावना है।
दिल्ली में रहने वाले शराब के शौकीनों के लिए अच्छी खबर है। अब प्रीमियम शराब की दुकानें मॉल, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और मेट्रो स्टेशन परिसरों में खुलेंगी। यहां जाकर लाइनों में भी नहीं लगना पड़ेगा। लोग अपने पंसदीदा ब्रांड की शराब रेट्स देखकर आसानी से ले पाएंगे। ये बदलाव दिल्ली की नई शराब नीति के तहत होगा।
मॉल और मेट्रो स्टेशन में खुलेंगी प्रीमियम दुकानें
नई नीति का सबसे बड़ा बदलाव यह है कि अब शराब की दुकानें मॉल, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और मेट्रो स्टेशन परिसरों में खुलेंगी। ये दुकानें वॉक-इन स्टाइल की होंगी, जहां ग्राहक आराम से ब्रांड देखकर, छूकर और चुनकर खरीद सकेंगे। हर प्रीमियम दुकान के लिए न्यूनतम मानक तय किए गए हैं। मतलब चमचमाती लाइट, एसी और ढेर सारे लग्ज़री ब्रांड्स एक ही छत के नीचे।
सरकारी एजेंसियां चलाएंगी दुकानें
इसके अलावा अब दिल्ली में शराब की रिटेल दुकानें सिर्फ सरकारी एजेंसियां ही चलाएंगी। प्रवेश वर्मा की अध्यक्षता वाली समिति ने नई आबकारी नीति का मसौदा तैयार कर मुख्यमंत्री कार्यालय को भेज दिया है। मसौदे में साफ है कि प्राइवेट प्लेयर्स को शराब बेचने का लाइसेंस नहीं मिलेगा। दिल्ली की चार सरकारी एजेंसियां DSIIDC, DTTDC, DSCSC और DCCWS – ही सारी दुकानें संभालेंगी। यानी हाइब्रिड मॉडल पूरी तरह बंद हो जाएगा।
शराब खरीदने की न्यूनतम उम्र में कोई बदलाव नहीं हुआ है। 25 साल से कम उम्र वालों के लिए अब भी सख्त मनाही रहेगी। साथ ही, स्कूल, धार्मिक स्थल और रिहायशी इलाकों के पास नई दुकानें नहीं खुलेंगी।
शराब होगी महंगी
मॉल और मेट्रो में दुकानें खोलने का किराया बहुत ज्यादा है। इसे पूरा करने के लिए सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। अभी प्रति बोतल सरकारी एजेंसियों को सिर्फ 50 रुपये कमीशन मिलता है। अब इसे बढ़ाने की सिफारिश की गई है। ज्यादा कमीशन से एजेंसियाँ प्रीमियम दुकानें चला सकेंगी और ज्यादा लग्जरी ब्रांड्स ला सकेंगी। इसकी वजह से शराब की कीमतें बढ़ेंगी।





