जनवरी में क्यों हो रहा गर्मी का अहसास? दिल्ली के मौसम को आखिर हुआ क्या, वजह

Jan 22, 2026 10:24 am ISTAnubhav Shakya लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

दिल्ली-एनसीआर में सामान्य से 7 डिग्री ज्यादा तापमान के बीच अब मौसम विभाग ने 23 जनवरी को बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है, जिससे पारे में गिरावट आएगी और कड़ाके की ठंड की वापसी होगी।

जनवरी में क्यों हो रहा गर्मी का अहसास? दिल्ली के मौसम को आखिर हुआ क्या, वजह

दिल्ली-एनसीआर के लोग इन दिनों मौसम के बदलते मिजाज से हैरान हैं। जनवरी का महीना आमतौर पर कड़ाके की ठंड के लिए जाना जाता है, लेकिन इस बार दिन का तापमान काफी ऊपर चढ़ रहा है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 24-25 डिग्री सेल्सियस के आसपास तक पहुंच रहा है, जो इस मौसम में सामान्य से 4-6 डिग्री ज्यादा है। कल न्यूनतम तापमान सुबह के वक्त 8-12 डिग्री के बीच रहा, लेकिन दोपहर में धूप इतनी तेज कि लोगों को हल्के कपड़ों में घूमना पड़ रहा है।

जनवरी में मई जैसा अहसास, आखिर क्यों?

आंकड़े बताते हैं कि पिछले दो दिनों में तापमान सामान्य से करीब 7 डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया है। हालात ऐसे हैं कि सुबह और रात का तापमान जहां 8-9 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, वहीं दिन का पारा चढ़कर 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। लेकिन अगर आप इसे ठंड की विदाई समझ रहे हैं, तो ठहरिए.. मौसम विभाग के संकेत कुछ और ही कहानी बयां कर रहे हैं।

दिल्ली मौसम

अचानक कैसे आ गए गर्मी वाले दिन?

इस असामान्य गर्माहट की मुख्य वजह एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ यानी वेस्टर्न डिस्टरबेंस है, जो हिमालय क्षेत्र में सक्रिय हुआ लेकिन मैदानी इलाकों में ज्यादा प्रभाव नहीं डाल सका। आमतौर पर ऐसे विक्षोभ बादल, कोहरा और बारिश लाते हैं, लेकिन इस बार बादल कम छाए और आसमान ज्यादातर साफ रहा। इससे सूरज की किरणें सीधे जमीन पर पहुंच रही हैं, जिससे दिन में गर्मी का अहसास बढ़ गया है।

इसके अलावा, मैदानी क्षेत्र में एंटी-साइक्लोन जैसी स्थिति बनी हुई है, जिसने ठंडी हवाओं को रोक रखा है। हवा में नमी की कमी से घना कोहरा भी नहीं बन पा रहा।

कल से होगी बारिश और ठंड की वापसी

मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अब एक मजबूत और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत पर असर डाल रहा है। 23 जनवरी को दिल्ली-एनसीआर में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। बारिश के साथ गरज-चमक, बिजली और 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। बारिश के बाद दिन का तापमान गिरकर 19-21 डिग्री तक पहुंच सकता है। न्यूनतम तापमान भी 6-8 डिग्री के आसपास आ जाएगा। इसके बाद ठंड एक बार फिर लौटेगी और सुबह-रात में ठिठुरन बढ़ेगी।

Anubhav Shakya

लेखक के बारे में

Anubhav Shakya
भारतीय जनसंचार संस्थान नई दिल्ली से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद जी न्यूज से करियर की शुरुआत की। इसके बाद नवभारत टाइम्स में काम किया। फिलहाल लाइव हिंदुस्तान में बतौर सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। किताबों की दुनिया में खोए रहने में मजा आता है। जनसरोकार, सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों में गहरी दिलचस्पी है। एनालिसिस और रिसर्च बेस्ड स्टोरी खूबी है। और पढ़ें