दिल्ली में फिर बदला मौसम, कई इलाकों में तेज हवा के साथ झमाझम बारिश
- Delhi Weather: दिल्ली में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। कई इलाकों में तेज हवा के बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई है।

Delhi Weather: दिल्ली में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। कई इलाकों में तेज हवा के बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई है। IMD ने पहले ही आज आंधी तूफान और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया था। ऐसे में अब पूर्वी दिल्ली में बारिश शुरू हो गई है जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।
मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में आज के लिए आंधी तूफान के साथ बारिश की आशंका जताई थी। इसके साथ ही दिल्ली, गुरुग्राम और गौतम बुद्ध नगर के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया था। शाम 8 बजे के करीब दिल्ली के कई इलाकों में तेज आंधी आई जिसके बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई। इससे पहले दिन में गर्म हवाओं के साथ लोगों को भीषण गर्मी की मार झेलनी पड़ रही थी। अब अचानक मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
कल के लिए भी येलो अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक कल यानी 19 अप्रैल को भी दिल्ली में धूल भरी आंधी, तूफान के साथ बारिश आ सकती है। मौसम विभाग ने इसके लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 26 और अधिकतम तापमान 38 डिग्री के आसपास रह सकता है।
अन्य दिनो में कैसा रहेगा मौसम?
वहीं बात करें अन्य दिनों की तो 20 अप्रैल को तेज सतही हवाएं चल सकती है। इसके बाद 24 अप्रैल तक मौसम साफ रहने का अनुमान है। वहीं इस दौरान न्यूनतम तापमान 25-26 डिग्री और अधिकतम तापमान 37-39 डिग्री के बीच दर्ज किया जा सकता है।