delhi ncr sudden weather change increase chill light rain expected today temperature falls coldwave fog दिल्ली-NCR में बारिश से बढ़ी ठिठुरन, आज भी हल्की बरसात की संभावना; पूरे हफ्ते के मौसम का हाल, Ncr Hindi News - Hindustan
Hindi Newsएनसीआर न्यूज़delhi ncr sudden weather change increase chill light rain expected today temperature falls coldwave fog

दिल्ली-NCR में बारिश से बढ़ी ठिठुरन, आज भी हल्की बरसात की संभावना; पूरे हफ्ते के मौसम का हाल

Delhi-NCR Rain Alert: राजधानी दिल्ली सहित एनसीआर के विभिन्न इलाकों में सोमवार सुबह अचानक बेमौसम बूंदाबांदी और हल्की बारिश हुई। जिससे इस मौसम में पहली बार दिल्ली का अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया और दिसंबर में पड़ने वाली ठंड की शुरुआत हो गई।

Sneha Baluni हिन्दुस्तान, नई दिल्लीTue, 24 Dec 2024 05:30 AM
share Share
Follow Us on
दिल्ली-NCR में बारिश से बढ़ी ठिठुरन, आज भी हल्की बरसात की संभावना; पूरे हफ्ते के मौसम का हाल

राजधानी दिल्ली सहित एनसीआर के विभिन्न इलाकों में सोमवार सुबह अचानक बेमौसम बूंदाबांदी और हल्की बारिश हुई। जिससे इस मौसम में पहली बार दिल्ली का अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया और दिसंबर में पड़ने वाली ठंड की शुरुआत हो गई। शहर का अधिकतम तापमान गिरकर 18.4 डिग्री सेल्सियस हो गया, जो रविवार के 24.1 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले और सामान्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस कम है। हालांकि पिछले की रातें ठंडी रही हैं, लेकिन अब दिन के तापमान में भी गिरावट आई है।

बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने मंगलवार को सुबह के समय अधिकांश स्थानों पर हल्के से मध्यम कोहरा और कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावना व्यक्त की है। आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा और कुछ इलाकों में हल्की फुहारें पड़ने की संभावना है। शाम को भी दिन की भांति कोहरा छाए रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनम तापमान सात डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। बता दें कि येलो अलर्ट मौसम बिगड़ने की संभावना को देखते हुए जारी किया जाता है। मुख्य मकसद लोगों को सतर्क करना होता है। इसके तहत लगातार मौसम संबंधित अपडेट लेने की सलाह दी जाती है।

वीकेंड पर हो सकती है बारिश

मौसम वैज्ञानिकों ने वीकेंड पर और भी ज्यादा बारिश होने का अनुमान जताया है, जिससे दिन का तापमान साल के इस समय सामान्य से काफी नीचे रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 2021 के बाद यह पहली बार है, जब सर्दियों में इतनी जल्दी अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे आया है। पिछले साल, 29 दिसंबर को पहली बार अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया था, तब तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस और 2022 में 25 दिसंबर को अधिकतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था। 2021 में, 2 दिसंबर को तापमान कुछ समय के लिए 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया था।

गंभीर श्रेणी में एक्यूआई

हल्की बारिश के बाद भी राजधानी में प्रदूषण की स्थिति गंभीर बनी हुई है। कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक अति गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, सोमवार को राजधानी का औसत एक्यूआई 406 अंक पर रहा। रविवार को यह 409 अंक पर था। वहीं, शाम चार बजे अशोक विहार, रोहिणी, बवाना सहित पांच इलाकों का सूचकांक अति गंभीर श्रेणी में था। दो दर्जन स्थानों पर यह गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया। मौसम में बदलाव और हवा की गति में परिवर्तन होने से राजधानी में प्रदूषण के स्तर में शनिवार को बदलाव देखा गया था, लेकिन फिर स्थिति गंभीर हो गई। दिल्ली-एनसीआर की हवा में प्रदूषक कणों का स्तर सामान्य से अधिक दर्ज किया गया।