दिल्ली-NCR में बदला मौसम, कई इलाकों में भारी बारिश; रेड-ऑरेंज अलर्ट जारी
दिल्ली के साथ-साथ नोएडा-गाजियाबाद में भी भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने दिल्ली के कई इलाकों में बारी और मध्यम बारिश की चेतावनी जारी करते हुए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर मौसम बदल गया है। कई इलाकों में झमाझम बारिश हो रही है जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। इससे पहले आसमान में घने बादल छाए गए और दिन में ही अधेंरे जैसा माहौल हो गया। मौसम विभाग ने दिल्ली के कई इलाकों में भारी और मध्यम बारिश की चेतावनी देते हुए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उधर दिल्ली के अलावा नोएडा और गाजियाबाद में भारी बारिश हो रही है।
दिल्ली में सोमवार को न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर का सबसे कम न्यूनतम तापमान रिज क्षेत्र में दर्ज किया गया, जो 24 डिग्री सेल्सियस था। पालम में न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस रहा। लोधी रोड और आयानगर में न्यूनतम तापमान 27.4 और 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक साउथ ईस्ट दिल्ली, ईस्ट दिल्ली, शाहदरा, सेंट्रल दिल्ली, साउथ दिल्ली, नई दिल्ली, साउथ वेस्ट दिल्ली और नॉर्थ दिल्ली में आंधी तूफान के साथ भारी बारिश हो सकती है। इन इलाकों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा साउथ वेस्ट दिल्ली, साउछ दिल्ली,नॉर्थ वेस्ट दिल्ली और नॉर्थ दिल्ली में मध्यम बारिश की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
गुरुग्राम में भारी बारिश के बाद जलभराव
गुरुग्राम में भी सोमवार सुबह झमाझम बारिश शुरू हो गई। कुछ मुख्य सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई। बारिश के बाद दिल्ली-जयपुर हाईवे, ओल्ड दिल्ली रोड, ओल्ड रेलवे रोड, न्यू रेलवे रोड, सेक्टर-नौ-नौए रोड, एमजी रोड, सोहना रोड, राजीव चौक और सुभाष चौक पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई।
वहीं, नगर निगम के आयुक्त प्रदीप दहिया की अध्यक्षता में नगर निगम और जीएमडीए के अधिकारियों ने जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए चौक चोराहों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने झाड़सा चौक, राजीव चौक, मेदांता अंडरपास, ताऊ देवीलाल स्टेडियम आदि का निरीक्षण किया। निगमायुक्त ने अधिकारियों को त्वरित जलनिकासी सुनिश्चित करने और जलभराव की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।
इनपुट - दीपक आहूजा


