अप्रैल में 'दिसंबर' जैसा अहसास! दिल्ली-NCR में दिखा कोहरा; विशेषज्ञों ने बताई वजह

Praveen Sharma लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

Delhi Weather: मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक मौसम सुहावना बना रहेगा। रविवार शाम को भी हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। 7 और 8 अप्रैल को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे सोमवार रात से एक बार फिर धूल भरी आंधी और बारिश का दौर शुरू हो सकता है।  

अप्रैल में 'दिसंबर' जैसा अहसास! दिल्ली-NCR में दिखा कोहरा; विशेषज्ञों ने बताई वजह

Delhi Weather : दिल्ली-एनसीआर के लिए शनिवार की सुबह बेहद चौंकाने वाली रही। अप्रैल के महीने में लोग जहां चिलचिलाती धूप और लू की उम्मीद करते हैं, वहीं कल सुबह राजधानी और आसपास के इलाकों में हल्की धुंध और कोहरा देखने को मिला। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अप्रैल के महीने में इस तरह का कोहरा दिखना एक दुर्लभ घटना है।

विशेषज्ञ इस असामान्य घटना की वजह हाल ही में हुई बारिश, रात के तापमान में गिरावट और हवा में मौजूद अत्यधिक नमी के मेल को मान रहे हैं, जिसके चलते सुबह के शुरुआती घंटों में जमीन की सतह के पास संघनन की स्थिति बन गई। विशेषज्ञों ने कहा कि दिन की शुरुआत में छाया कोहरा पिछले 48 घंटों के दौरान कई कारकों के आपस में मेल खाने का नतीजा थी।

आखिर क्यों छाया कोहरा

स्काईमेट वेदर के अध्यक्ष महेश पलावत ने बताया कि पिछले 48 घंटों में मौसम में आए कई बदलावों के कारण ऐसा हुआ है। शुक्रवार को हुई हल्की बारिश ने हवा में नमी बढ़ा दी थी। इसके साथ ही रात के तापमान में गिरावट और आसमान साफ रहने की वजह से सतह के पास 'कंडेनसेशन' (वाष्प का जमना) हुआ, जिससे सुबह-सुबह धुंध छा गई। आमतौर पर ऐसी स्थितियां मार्च या अप्रैल की शुरुआत में बहुत कम देखने को मिलती हैं।

तापमान का हाल

शनिवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा अधिक होने के बावजूद कोहरा बनाने के लिए पर्याप्त था। वहीं, अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री कम है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण चल रही ठंडी हवाओं ने दोपहर की गर्मी को भी काबू में रखा है।

हवा हुई साफ

मौसम में आए इस बदलाव का सबसे बड़ा फायदा दिल्ली की हवा को हुआ है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) शुक्रवार के 266 (खराब श्रेणी) से गिरकर शनिवार को 137 (मध्यम श्रेणी) पर आ गया। बारिश और तेज हवाओं ने प्रदूषण के कणों को साफ कर दिया है।

आगे क्या है मौसम का अनुमान

पालावत ने कहा कि रविवार और सोमवार को दिन का तापमान बढ़ने की संभावना है और बारिश का अगला दौर सोमवार रात को ही आने की संभावना है। ऐसा एक नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण होगा, जो इस क्षेत्र में चक्रवाती परिसंचरण को प्रभावित करेगा। पालावत ने कहा, “सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर 7 और 8 अप्रैल के आसपास उत्तर-पश्चिम भारत पर पड़ने की उम्मीद है। इसके चलते सोमवार रात से बारिश का एक नया दौर शुरू हो सकता है और दिल्ली-एनसीआर में गरज के साथ तूफानी हवाएं चल सकती हैं।”

मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि अगले हफ्ते के अधिकतर दिनों में तापमान सामान्य के आस-पास या सामान्य से नीचे रहने की संभावना है, जिससे गर्मियों की शुरुआत में पड़ने वाली आम गर्मी आने में देरी होगी।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।