| लाइव हिन्दुस्तान | Fri, 28 Jun 2024 09:43 PM IST
हमें फॉलो करें![]()
![]()
दिल्ली-एनसीआर में पश्चिमी विक्षोभ राहत लेकर आया है। बीते कुछ दिनों से बारिश हो रही है जिसने गर्मी से राहत दिलाई है। शुक्रवार सबह-सुबह एक बार फिर मौसम की चाल बदली और तेज बारिश हुई। बारिश ने दिल्ली में जलभराव रोकने की तैयारियों को लेकर किए जा रहे तमाम दावों की पोल खोल दी। सड़कें बारिश के पानी से लबालब हैं। मिंटो रोड पर बारिश का पानी जमा होने से एक कार लगभग पूरी तरह डूब गई है। वहीं कई जगह ट्रैफिक जाम की समस्या से भी लोगों को दो-चार होना पड़ रहा है। इसी बीच बारिश के कारण एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 में छत का एक हिस्सा गिर गया। जिसकी चपेट में आने से कारें दब गई और एक व्यक्ति की मौत हो गई। अबतक छह लोगों के घायल होने की जानकारी है। कुल मिलाकर बारिश लोगों के लिए राहत के साथ ही आफत भी लाई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले सात दिनों के लिए मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है, जिसमें बादल छाए रहने और तेज हवाओं के साथ बारिश की अलग-अलग तीव्रता का अनुमान लगाया गया है। यहां पढ़ें इससे जुड़े अपडेट्स-
28 Jun 2024, 06:44:41 PM IST
Delhi Rain: उत्तरी व मध्य दिल्ली के कुछ हिस्सों में प्रभावित रहेगी पानी की आपूर्ति
Delhi Rain: दिल्ली जल बोर्ड ने कहा है कि शुक्रवार सुबह दिल्ली में हुई भारी बारिश से राष्ट्रीय राजधानी के विभिन्न हिस्सों में शुक्रवार शाम और शनिवार सुबह पानी की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका है। अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के कारण चंद्रावल जल उपचार संयंत्र के पंपिंग स्टेशन में बड़ी खराबी आ गई है। इससे उत्तरी और मध्य दिल्ली के कुछ इलाकों में पानी की आपूर्ति बाधित हो सकती है।
28 Jun 2024, 06:15:31 PM IST
Delhi Rain: दिल्ली में बारिश को लेकर LG की आपात बैठक, अधिकारियों की छुट्टियां रद्द
Delhi Rain: दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने भारी बारिश के बाद स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को एक आपातकालीन नियंत्रण कक्ष स्थापित करने तथा जलभराव के समाधान के लिए पंप लगाने का निर्देश दिया। LG ने छुट्टी पर गए सभी वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत ड्यूटी पर वापस आने के लिए कहा, साथ ही अगले दो महीनों तक कोई छुट्टी मंजूर नहीं करने के निर्देश दिए।
28 Jun 2024, 05:43:15 PM IST
Delhi Rain: एयरपोर्ट हादसा मामले में पुलिस ने दर्ज किया मामला
Delhi Rain: दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर कैनोपी गिरने की घटना में IPC की धारा 304ए/337 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस बात की जानकारी पुलिस उपायुक्त (डीसीपी), IGI एयरपोर्ट उषा रंगनानी ने दी।
28 Jun 2024, 05:29:44 PM IST
Delhi Rain: दिल्ली एयरपोर्ट का T1 टर्मिनल अनिश्चितकाल के लिए बंद
Delhi Rain: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के टर्मिनल 1 से विमानों का संचालन अनिश्चित काल के लिए बंद कर दिया गया है। यहां शुक्रवार सुबह छत का एक बड़ा हिस्सा गिर गया था। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और 6 लोग घायल हो गए थे।
28 Jun 2024, 04:54:34 PM IST
Delhi Rain: दिल्ली सरकार के मंत्रियों की अधिकारियों संग बैठक, जलभराव से निपटने को लेकर की चर्चा
Delhi Rain: दिल्ली में हुई जलभराव की समस्या को देखते हुए शुक्रवार दोपहर सचिवालय में दिल्ली सरकार के मंत्रियों आतिशी, सौरभ भारद्वाज, गोपाल राय और इमरान हुसैन ने कई विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की और इस समस्या से निपटने को लेकर चर्चा की।
28 Jun 2024, 04:44:00 PM IST
Delhi Rain: आतिशी बोलीं- नालों की क्षमता से ज्यादा बारिश हुई, इसलिए दिखा जलभराव
Delhi Rain: दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'आपको समझना होगा कि अगर 24 घंटे में दिल्ली में 228 मिमी बारिश होती है, तो पानी को निकलने में समय लगेगा। अभी दिल्ली में नालों की क्षमता से अधिक बारिश हो चुकी है। इसलिए हम कई जगहों पर जलभराव देख रहे हैं।'
28 Jun 2024, 03:53:28 PM IST
Delhi Rain: एयरपोर्ट हादसे में मृतक के परिजन के लिए AAP ने मांगा 1 करोड़ रु का मुआवजा
Delhi Rain: आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को दिल्ली हवाई अड्डे पर टर्मिनल 1 की छत गिरने की घटना में मारे गए व्यक्ति के परिजनों के लिए एक करोड़ रुपए के मुआवजे की मांग की है। एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए AAP नेता जैस्मीन शाह ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार को सामने आकर घटना के कारणों की व्याख्या करनी चाहिए।
28 Jun 2024, 03:26:11 PM IST
Delhi Rain: जांच के लिए IGI एयरपोर्ट के टर्मिनल 1 पहुंची फोरेंसिक टीम
दिल्ली हवाई अड्डे के टर्मिनल 1 पर का छज्जा गिरने के बाद मामले की जांच के लिए फोरेंसिक टीम वहां पहुंची। टीम ने छत के उस हिस्से का निरीक्षण किया, जो आज ढह गया था और जिसके नीचे दबकर एक व्यक्ति की मौत हो गई थी।
28 Jun 2024, 02:33:21 PM IST
Delhi Rain: भारी बारिश के बीच कई स्थानों पर पावर कट
Delhi Rain: दिल्ली में भारी बारिश के बीच शुक्रवार की सुबह कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली वितरण कंपनियों (डिस्कॉम) के अधिकारियों ने बताया कि शहर के जलभराव वाले इलाकों में तकनीकी खराबी और एहतियातन बिजली आपूर्ति बंद करने से बिजली आपूर्ति बाधित हुई। अधिकारियों ने बताया कि द्वारका, जंगपुरा और लक्ष्मीनगर के लोगों ने बताया कि इन क्षेत्रों में सुबह बारिश शुरू होते ही बिजली आपूर्ति ठप पड़ गई।
28 Jun 2024, 02:29:49 PM IST
Delhi Rain: इमरजेंसी कंट्रोल रूम बनाएं
Delhi Rain: उपराज्यपाल ने अधिकारियों को जलभराव की समस्या से निपटने के लिए आपातकालीन नियंत्रण कक्ष स्थापित करने का निर्देश दिया। इसकी जानकारी उपराज्यपाल ऑफिस ने दी है।
28 Jun 2024, 02:22:58 PM IST
Delhi Rain: प्लास्टिक कचरा जिम्मेदार
Delhi Rain: केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने शुक्रवार सुबह मूसलाधार बारिश के बाद दिल्ली में जलभराव के लिए नालियों में जमा होने वाले प्लास्टिक के कचरे को जिम्मेदार ठहराया। कई बार चेतावनी देने के बावजूद निष्क्रियता के लिए दिल्ली सरकार की आलोचना की।
28 Jun 2024, 02:18:01 PM IST
Delhi Rain: गाद निकाली लेकिन लैंडफिल साइट में नहीं हो पाई डिस्पोज
Delhi Rain: निगम का कहना है कि सभी नालों से सफाई के दौरान गाद निकालकर इसका डिस्पोजल सेनैटरी लैंडफिल साइट भलस्वा,ओखला तथा गाजीपुर पर किया जाना था। इसे 3 से 5 दिन के भीतर करना था लेकिन बारिश के कारण इसमें बाधा हुई है।
28 Jun 2024, 01:54:30 PM IST
Delhi Rain: निगम के नाले बंद हैं: निगम में नेता प्रतिपक्ष
Delhi Rain: निगम में नेता प्रतिपक्ष राजा इकबाल सिंह का कहना है कि मैं पहले से कह रहा हूं कि दिल्ली की स्थिति मॉनसून आते ही खराब हो जाएगी। आज निगम के नाले बंद हैं। मॉनसून के आते ही दिल्ली भर गई। आम आदमी पार्टी के पार्षद भी कुछ नहीं कर रहे हैं। ग्रीन पार्क, छतरपुर, दिल्ली का अधिकांश हिस्सा पानी से भरा पड़ा है। जनता परेशान है।
28 Jun 2024, 01:45:39 PM IST
Delhi Rain: निगम ने पूरा नहीं किया काम
Delhi Rain: दिल्ली नगर निगम द्वारा नालों से गाद निकालने का दूसरे चरण का काम 30 जून तक होना था। लेकिन निगम इसे पूरा नहीं कर पाया। इसे लेकर एमसीडी का कहना है कि उसने 95.46 फीसद काम पूरा कर लिया है।
28 Jun 2024, 01:22:08 PM IST
Delhi Rain: दिल्ली में बाढ़ जैसी स्थिति
Delhi Rain: दिल्ली में शुक्रवार की सुबह भारी बारिश के बीच कई इलाकों में जलभराव हो गया, इस दौरान शहर के मुख्य इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा होने के साथ यातायात बाधित हो गया। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने प्रभावित मार्गों के संबंध में एडवाइजरी जारी कर यात्रियों को इसके अनुसार ही अपनी यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी है।
28 Jun 2024, 01:06:52 PM IST
Delhi Rain: आजाद अपार्टमेंट में घुसा बारिश का पानी
Delhi Rain: अरविंदो मार्ग स्थित आजाद अपार्टमेंट में सुबह बारिश के चलते सोसाइटी परिसर के अंदर तक पानी आ गया था। हालांकि स्थानीय लोगों ने बताया कि बारिश बंद होने के करीब आधे घंटे बाद पानी उतर गया था
28 Jun 2024, 12:26:24 PM IST
Delhi Rain: सड़क पर उतरेगी बीजेपी
Delhi Rain: दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा का कहना है कि हमारे पास लोक निर्माण विभाग, जलबोर्ड एवं नगर निगम से काम कराने की सत्ता नहीं है फिर भी हमने निर्देश दिये हैं की आज से पूरे मॉनसून के दौरान हमारे सभी सांसद, विधायक, पार्षद, एनडीएमसी और दिल्ली कैंट बोर्ड सदस्य सड़क पर रहकर जलजमाव को साफ कराते रहें।
28 Jun 2024, 12:18:04 PM IST
Delhi-NCR Rain: गुरुग्राम में एक अंडरपास बंद
Delhi-NCR Rain: गुरुग्राम में एक अंडरपास बंद गुरुग्राम में पहली बारिश में ही कई इलाके जलमग्न हो गए। हाईवे की सर्विस रोड पर भारी जलभराव देखने को मिला। वहीं अतुल कटारिया अंडरपास को आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है। गुरुवार को ही सीएम ने अधिकारियों के साथ बैठक में जलभराव से निपटने का दावा किया था।
28 Jun 2024, 12:00:40 PM IST
Delhi Rain: प्रगति मैदान टनल बंद
Delhi Rain: दिल्ली में भारी बारिश की वजह से हुए जलभराव के मद्देनजर प्रगति मैदान टनल को बंद कर दिया गया है। टनल के अंदर पानी घुसने से वाहनों की आवाजाही में काफी परेशानी हो रही थी। आईटीओ पर ट्रैफिक जाम लगा हुआ है।
28 Jun 2024, 11:57:49 AM IST
Delhi Rain: दिल्ली सरकार ने बुलाई बैठक
Delhi Rain: दिल्ली सरकार ने भारी बारिश और जलभराव को लेकर आज दोपहर 2 बजे दिल्ली सचिवालय में आपात बैठक बुलाई है। बैठक में दिल्ली सरकार के सभी मंत्री और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे।
28 Jun 2024, 11:45:24 AM IST
Delhi Rain: पॉश कॉलोनियों में भी घुसा पानी
Delhi Rain: वसंत कुंज, ग्रेटर कैलाश, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी, साकेत और मालवीय नगर सहित दक्षिणी दिल्ली के प्रमुख इलाकों में आवासीय इलाकों के साथ-साथ मुख्य सड़कों पर भी जलभराव देखा गया। साकेत के प्रेस एन्क्लेव रोड स्थित एकता अपार्टमेंट में लोग बाल्टी और मग से परिसर में घुसे पानी को बाहर निकालते हुए देखे गए।
28 Jun 2024, 11:35:56 AM IST
Delhi Rain: धीमी गति से बढ़ रहे वाहन
Delhi Rain: दिल्ली में लगातार बारिश के कारण भारी जलभराव के बीच मयूर विहार इलाके में ट्रैफिक जाम की स्थिती है। वाहन बहुत धीमी गति से आगे बढ़ रहे हैं। ऐसे में अगर आपको कहीं पहुंचना है तो घर से अतिरिक्त समय लेकर निकलें।
28 Jun 2024, 11:31:47 AM IST
Delhi Rain: PWD को जलभराव को लेकर मिली 100 से ज्यादा कॉल
Delhi Rain: लोक निर्माण विभाग को जलभराव को लेकर अभी तक 100 से ज्यादा कॉल आ चुकी हैं। ये कॉल नई दिल्ली, साउथ दिल्ली, बाहरी दिल्ली समेत कई अलग अलग इलाकों से आ रही हैं। वहीं एमसीडी मेयर का कहना है कि विभिन्न विभागों के अधिकारी जमीन पर हैं। दिक्कतों को दूर कर लिया जाएगा।
28 Jun 2024, 11:14:38 AM IST
Delhi Rain: आतिशी के घर घुसा पानी
Delhi Rain: दिल्ली की बारिश का पानी जलमंत्री आतिशी के घर में भी घुस गया है। कई वीवीआईपी इलाकों में पानी भर गया है। सांसदों के घर में भी पानी घुस गया है।
28 Jun 2024, 11:04:07 AM IST
Delhi Rain: डीडीए फ्लैट के ग्राउंड फ्लोर में घुसा पानी
Delhi Rain: आईआईटी दिल्ली के पास कटवारिया सराय में डीडीए फ्लैट्स में सीवर के रास्ते भूतल पर मौजूद फ्लैटों में पानी घुस गया। जिससे स्थानीय लोग परेशान हैं। यहां डीडीए के 200 से ज्यादा एलआईजी, जनता और एमआईजी फ्लैट्स बने हैं।
28 Jun 2024, 11:00:41 AM IST
Delhi Rain: एम्स में जलभराव से परेशानी
Delhi Rain: दिल्ली में एम्स के आसपास ड्रोन से ली गई तस्वीरें इलाके की मौजूदा स्थिति को दिखाती हैं, लगातार भारी बारिश के कारण इलाके में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। सफदरजंग अस्पताल के अंदर भी पानी भर गया है। मरीज घुटनों तक भरे पानी में आने-जाने को मजबूर हैं।
28 Jun 2024, 10:58:06 AM IST
Delhi Rain: आज के बाद नहीं होगी परेशानी
Delhi Rain: दिल्ली में जलभराव पर मेयर शैली ओबेरॉय ने कहा, 'पिछली बार के मुकाबले स्थिति काफी बेहतर है। एक तरह से यह मानसून की पहली बारिश है। आज जलभराव के सभी स्थानों की पहचान कर ली गई है। सभी विभाग और अधिकारी जमीनी स्तर पर काम कर रहे हैं और जलभराव से प्रभावित सभी स्थानों पर काम चल रहा है। आज के बाद दिल्ली के लोगों को ऐसी स्थिति का सामना नहीं करना पड़ेगा।'
28 Jun 2024, 10:40:17 AM IST
Delhi Rain: आजाद मार्केट अंडरपास से यात्रियों का रेस्क्यू
Delhi Rain: दिल्ली के आजाद मार्केट अंडरपास में डीटीसी की एक बस फंस गई। लोगों को एनडीआरएफ की टीम ने रेसक्यू किया। लोगों को नाव के जरिए बाहर निकाला गया। पहली ही बारिश ने ड्रेनेज सिस्टम की कलई खोलकर रख दी।
28 Jun 2024, 10:36:15 AM IST
Delhi Rain: तालाब बना मिंटो ब्रिज
Delhi Rain: मिंटो रोड पर इतना पानी भर गया कि कार की केवल छत दिखाई दे रही है। कनॉट प्लेस जाने वाला रास्ता पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। सड़क तालाब बन गई है। पानी में एक टेंपो पूरी तरह से डूब गया है। पानी बाहर नहीं निकल रहा है।
28 Jun 2024, 10:33:14 AM IST
Delhi Rain: टर्मिनल को बंद किया
Delhi Rain: केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ने टर्मिनल-1 का निरिक्षण करने के बाद कहा, 'हमने तुरंत इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम, फायर सेफ्टी टीम और सीआईएसएफ, एनडीआरएफ की टीमें भेजीं। सभी लोग मौके पर मौजूद हैं और उन्होंने पूरी तरह से निरीक्षण किया है ताकि कोई और हादसा न हो। अभी स्थिति नियंत्रण में है। टर्मिनल बिल्डिंग के बाकी हिस्से को बंद कर दिया गया है और हर चीज का गहन निरीक्षण किया जा रहा है ताकि यहां कोई और अप्रिय घटना न हो।'
28 Jun 2024, 10:28:34 AM IST
Delhi Rain: आईटीपीओ में कई वाहन खराब
Delhi Rain: आईटीपीओ परिसर के पास बारिश के कारण जलभराव हो गया। सुबह पीक ऑवर में कई वाहन खराब हो गए। जिसके बाद इलाके में जाम लग गया। पानी में वाहन धीमी रफ्तार से आगे बढ़ते दिखे।
28 Jun 2024, 10:21:48 AM IST
Delhi Rain: आरएमएल के अंदर भरा पानी
Delhi Rain: दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल के अंदर पानी भर गया है। अस्पताल परिसर के अंदर मौजूद सड़क तालाब में तब्दील हो गई है। मरीजों को आने-जाने में खासी दिक्कतें आ रही हैं। घुटनों तक पानी भर गया है।
28 Jun 2024, 10:19:30 AM IST
Delhi Rain: देर से हुई बारिश फिर भी नहीं हुई सफाई
Delhi Rain: बारिश को लेकर सपा सांसद राम गोपाल यादव ने कहा, 'एनडीएमसी तैयार नहीं है। बारिश देर से हुई है, फिर भी उन्होंने नालों की सफाई नहीं की। अगर नालों की सफाई हो जाती तो यह स्थिति कभी नहीं आती। नीति आयोग के सदस्य, मंत्री, गृह राज्य मंत्री, अन्य मंत्री, नौसेना के एडमिरल, जनरल यहां रहते हैं। लेकिन जब पानी भरा होता है तो आना-जाना मुश्किल हो जाता है। आप देख सकते हैं कि मुझे संसद जाने के लिए क्या करना पड़ा। मैं सुबह 4 बजे से एनडीएमसी अधिकारियों से बात कर रहा हूं। उन्हें पानी बाहर निकालना चाहिए, हमारे घरों में पानी घुस गया है।'
28 Jun 2024, 10:14:45 AM IST
Delhi Rain: मंत्री ने किया मुआवजे का ऐलान
Delhi Rain: टर्मिनल-1 का निरिक्षण करने के बाद नागरिक उड्डयन मंत्री ने कहा कि हादसे में मरने वाले व्यक्ति को 20 लाख रुपए और घायलों को तीन लाख की आर्थिक मदद दी जाएगी। घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। हमने इसे गंभीरता से लिया है।
28 Jun 2024, 10:12:43 AM IST
Delhi Rain: यात्री हमारी पहली प्राथमिकता
Delhi Rain: हादसे पर नागरिक उड्डयन मंत्री ने कहा, भारी बारिश की वजह से एयरपोर्ट की कैनोपी गिर गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। हमारी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं। चार लोग घायल हैं। घायलों का इलाज किया जा रहा है। यात्री हमारी पहली प्राथमिकता है। जिन लोगों की फ्लाइट कैंसिल हुई है उन्हें पूरा रिफंड दिया जाएगा।
28 Jun 2024, 10:09:25 AM IST
Delhi Rain: अस्पतालों में भी घुसा पानी
Delhi Rain: दिल्ली में भारी बारिश के कारण जलभराव की स्थिति बनी हुई है। सफदरजंग, एम्स अस्पताल के अंदर पानी घुस गया है। इससे यहां आने वाले मरीजों को दिक्कत हो रही है। अस्पताल के अंदर खड़े वाहन पानी में डूब गए हैं।
28 Jun 2024, 10:07:38 AM IST
Delhi Rain: जल्दबाजी में किया उद्घाटन
Delhi Rain: दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर सुबह छत गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। वहीं छह लोग घायल हैं। हादसे पर विपक्ष ने सवाल खड़े किए हैं। विपक्ष का कहना है कि जल्दबाजी में एयरपोर्ट के टर्मिनल का उद्घाटन किया गया। बता दें कि 11 मार्च को इसका उद्घाटन किया गया था। करीब तीन महीने बाद हादसा हो गया।
28 Jun 2024, 10:05:18 AM IST
Delhi Rain: पानी में डूबा आजाद मार्केट
Delhi Rain: दिल्ली में भारी बारिश की वजह से आजाद मार्केट पानी में डूब गया है। जिसके बाद सरकार के मॉनसून एक्शन प्लान पर सवाल उठ रहे हैं। कई इलाकों में सड़कें पानी से लबालब हैं।
28 Jun 2024, 09:59:50 AM IST
Delhi Rain: सपा सांसद के घर के बाहर पानी
Delhi Rain: लगातार भारी बारिश के बाद लोधी एस्टेट इलाके में भयंकर जलभराव हुई। इलाका पूरी तरह जलमग्न है और वाहनों की आवाजाही संभव नहीं है। सपा सांसद राम गोपाल यादव के आवास के बाहर पानी भर गया गै। इस इलाके में अन्य केंद्रीय मंत्रियों और सांसदों के आवास भी मौजूद हैं।
28 Jun 2024, 09:57:45 AM IST
Delhi Rain: दिल्ली-एनसीआर की सड़कों पर पानी
Delhi Rain: आईटीओ के पास मौजूद आईपी इस्टेट थाने में पानी भर गया है। एनसीआर में भी जलभराव से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार भारी बारिश के बाद गुरुग्राम के विभिन्न हिस्सों में भीषण जलभराव हुआ।