दिल्ली-NCR में कल का मौसम; उमस भरी गर्मी करेगी परेशान, बारिश पर क्या पूर्वानुमान?
Delhi Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में शनिवार को हल्की बारिश हुई लेकिन उमस भरी गर्मी से लोग काफी परेशान रहे। इस हफ्ते भारी बारिश की संभावना नहीं है। इस हफ्ते कैसा रहेगा दिल्ली-NCR में मौसम? जानें…

दिल्ली के साथ ही एनसीआर के अलग-अलग हिस्सों में शनिवार तड़के झमाझम बारिश हुई। हालांकि उमस बनी हुई है। शनिवार को पूरे दिन बादल छाए रहने और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। शनिवार को न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौजूदा मौसमी परिस्थितियों के कारण दिल्ली में एक्यूआई 89 अंक दर्ज किया गया जो संतोषजनक है। मौसम विभाग के अनुसार, कल भी बूंदाबांदी का अनुमान है। इस पूरे हफ्ते उमस भरी गर्मी के बढ़ने की संभावना है।
कल और परसों कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान दिल्ली के साथ NCR के विभिन्न हिस्सों में बादल छाए रहने और उमस भरी गर्मी बरकरार रहने की संभावना जताई है। कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। हालांकि रविवार और सोमवार को मौसम के तेवर तीखे होंगे और उमस परेशान करेगी। मौसम विभाग ने रविवार और सोमवार को भी दिल्ली-एनसीआर में हल्के बादलों की आवाजाही जारी रहने और अलग अलग जगहों पर बूंदाबांदी की संभावना जताई है।
अगले तीन दिन कैसा रहेगा तापमान?
मौसम विभाग ने रविवार यानी 23, 24 और 25 अगस्त को दिल्ली में अधिकतम तापमान के 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किए जाने की संभावना जताई है। कुल मिलाकर 23, 24 और 25 अगस्त को दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश की संभावना नहीं है। 25 अगस्त को भी दिल्ली-एनसीआर में केवल बूंदाबांदी हो सकती है। तीनों ही दिन उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करेगी।
उमस भरी गर्मी करेगी परेशान
मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली-एनसीआर में 26, 27 और 28 अगस्त को दिल्ली एनसीआर में झमाझम बारिश की संभावना नहीं है। बारिश नहीं होने से इन तीनों ही दिन तापमान में बढ़ोतरी देखी जाएगी। दिल्ली में इन तीनों ही दिन अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है। इन तीन दिनों के दौरान जोरदार बारिश नहीं होने और वातावरण में नमी के कारण दिल्ली एनसीआर में उमस भरी गर्मी से परेशानियां बढ़ सकती हैं।
देश के बाकी हिस्सों का हाल
IMD ने 22 से 28 अगस्त के बीच उत्तराखंड में जबकि 23 अगस्त पूर्वी उत्तर प्रदेश में अच्छी बारिश की संभावना जताई है। देश के बाकी हिस्सों की बात करें तो अगले 24 घंटों के दौरान पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश के तटों के पास बंगाल की उत्तरी खाड़ी के ऊपर एक लो-प्रेशर एरिया बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से अगले 2 से 3 दिन के दौरान में ओडिशा और छत्तीसगढ़ में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है।


