दिल्ली-NCR में कल का मौसम; भारी बारिश या फुहारें, 22 अगस्त तक का हाल
Delhi Weather Forecast: मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में रुक-रुक कर हल्की बारिश, बूंदाबांदी और बादल छाए रहने की संभावना जताई है। इस हफ्ते 22 अगस्त तक कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली-एनसीआर के इलाकों में जोरदार बारिश नहीं होने से उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। एक दिन पहले यानी शनिवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.0 डिग्री ज्यादा है। मौसम विभाग ने इस पूरे हफ्ते यानी 22 अगस्त तक दिल्ली के साथ ही एनसीआर के विभिन्न हिस्सों में रुक-रुक कर हल्की बारिश, बूंदाबांदी या फुहारें पड़ने की संभावना जताई है लेकिन उमस भरी गर्मी की परेशानी पूरे हफ्ते बरकरार रहेगी।
इस हफ्ते भारी बारिश नहीं होगी
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, मौजूदा वक्त में मॉनसूनी ट्रफ का असर नहीं देखा जा रहा है। इसकी वजह से दिल्ली-NCR में भारी बारिश के आसार नहीं हैं। हालांकि पूरे हफ्ते दिन के समय आंशिक तौर पर बादल रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी या फुहारें भी पड़ सकती हैं। इसकी वजह से तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। नमी और तापमान में बढ़ोतरी से पूरे हफ्ते उमस परेशान कर सकती है।
कितना रहा तापमान?
दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो सामान्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है। दिल्ली के साथ ही NCR में आर्द्रता का स्तर 63 से 86 फीसदी तक रिकॉर्ड किया गया।
कल कैसा मौसम?
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान दिल्ली-NCR में बादलों की आवाजाही बरकरार रहने के साथ बूंदाबांदी या बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। इससे तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी देखी जा सकती है। मौसम विभाग ने कल सोमवार और परसों मंगलवार को भी दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहने के साथ ही बहुत हल्की बारिश, बूंदाबांदी या फुहारें पड़ने की संभावना जताई है। दोनों ही दिन दिल्ली में अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है।
22 अगस्त तक का वेदर अपडेट
मौसम विभाग ने 19 और 20 अगस्त को दिल्ली-NCR में बादल छाए रहने और सुबह से दोपहर के बीच एक-दो बार हल्की बारिश की संभावना जताई है। दोनों ही दिन दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किए जाने की संभावना है। 21 और 22 अगस्त को बादल छाए रहने सुबह से दोपहर के बीच एक से दो बार हल्की बारिश हो सकती है। यही नहीं शाम से रात के बीच हल्की बारिश की संभावना जताई है।
रिमझिम फुहारें लेकिन उमस करेगी परेशान
मौसम विभाग ने 21 अगस्त को दिल्ली में अधिकतम तापमान के 33 से 35 डिग्री जबकि 22 अगस्त को इसके 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किए जाने की संभावना जताई है। कुल मिलाकर मौसम विभाग की मानें तो इस हफ्ते दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश नहीं होगी केवल रुक-रुक कर रिमझिम फुहारें पड़ेंगी। इससे वातावरण में नमी के चलते उमस भरी गर्मी के बरकरार रहने की संभावना है।
इन राज्यों में जोरदार बारिश की चेतावनी
IMD के अनुसार, दिल्ली में रविवार को सुबह साढ़े आठ बजे आर्द्रता 73 फीसदी दर्ज की गई। रविवार सुबह नौ बजे दिल्ली की एक्यूआई 85 अंक संतोषजनक श्रेणी में दर्ज किया गया। मौसम विभाग की मानें तो उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बंगाल और उत्तरी ओडिशा के तटों पर कम दबाव का क्षेत्र बना है। इससे अगले 2 दिनों के दौरान पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और झारखंड में जोरदार बारिश की संभावना है।


