दिल्ली-NCR में कल से मौसम में दिखेगा बदलाव; जारी रहेगी रिमझिम बारिश लेकिन एक राहत
Delhi Weather and Barish Alert: दिल्ली-NCR में शुक्रवार को तेज बारिश देखी गई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि, रविवार से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इस हफ्ते कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली-NCR में मौसम रविवार से बदलने वाला है। दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को जोरदार बारिश से हालात बिगड़ गए। अलग-अलग इलाकों में जलभराव देखा गया। कई हिस्सों में ट्रैफिक जाम की समस्या देखी गई। दिल्ली में शुक्रवार को बारिश ने 100 मिमी का आंकड़ा पार कर दिया। दिल्ली के अधिकतम तापमान में 6 से 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई इससे उमस भरी गर्मी से राहत मिली। IMD के अनुसार, इस हफ्ते यानी 14 अगस्त तक एक राहत के साथ रुक-रुक कर छिटपुट हल्की बारिश या रिमझिम फुहारों का दौर जारी रह सकता है।
तीन वेदर सिस्टम ऐक्टिव
मौजूदा वक्त में 3 वेदर सिस्टम ऐक्टिव हैं। मौसम विभाग की मानें तो दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और उसके आस-पास के इलाकों में बना कम दबाव का क्षेत्र अब कमजोर पड़ गया है लेकिन इससे जुड़ा साइक्लोनिक सर्कुलेशन अब उत्तर-पूर्व राजस्थान और आस-पास के इलाकों पर ऐक्टिव है। मॉनसूनी ट्रफ भी दिल्ली, सीधी और दीघा से होकर गुजर रही है। यह पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। एक ट्रफ के रूप में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस बना हुआ है।
आज झमाझम बारिश का येलो अलर्ट
इन वेदर सिस्टमों के प्रभाव से दिल्ली के साथ ही एनसीआर के विभिन्न हिस्सों में बादल छाए हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान दिल्ली के साथ ही एनसीआर के अलग-अलग हिस्सों में गरज चमक के साथ झमाझम बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। रात को भी हल्की बारिश का दौर देखा जा सकता है।
कल से बदलेगा मौसम, एक राहत; भारी बारिश के आसार नहीं
मौसम विभाग की मानें तो कल यानी रविवार से दिल्ली-एनसीआर में एक राहत के साथ मौसम करवट लेगा। कल से दिल्ली-NCR के लोगों को भारी बारिश से राहत मिलेगी। बारिश की तीव्रता में कमी आएगी। हालांकि पूरे हफ्ते बादलों की आवाजाही बरकरार रहेगी और हल्की फुहारों का दौर देखा जा सकता है। बड़ी राहत यह कि रविवार से लेकर 14 अगस्त तक भारी बारिश का अनुमान नहीं है। तापमान भी 32 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
कल भी हल्की बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न हिस्सों में बादल छाए रहेंगे जबकि सुबह से दोपहर के बीच हल्की बारिश हो सकती है। शाम से रात के दौरान हल्की बारिश हो सकती है। इस दिन अधिकतम तापमान में थोड़ी अधिकता देखी जाएगी। दिल्ली में यह 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जा सकता है।
10 और 11 अगस्त को भी बौछारें
मौसम विभाग ने 10 और 11 अगस्त को दिल्ली-NCR के अलग-अलग हिस्सों में गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। 11 अगस्त को रात के समय भी हल्की बारिश का अनुमान है। इन दोनों ही दिन दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है।
12, 13 और 14 अगस्त को कैसा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, 12, 13 और 14 अगस्त को दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग हिस्सों में गरज चमक के साथ हल्की बौछारें या बारिश की संभावना जताई गई है। इन तीनों ही दिन शाम से लेकर रात के बीच भी बौछारें पड़ सकती है। 12 और 13 अगस्त को दिल्ली में अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस जबकि 14 अगस्त को इसके 32 से 34 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किए जाने की संभावना है। कुल मिलाकर इस हफ्ते बीच-बीच में हल्की फुहारें आती रहेंगी।


