Delhi Factory Fire : दिल्ली की नमकीन फैक्ट्री में सिलेंडर फटने से लगी भीषण आग, 6 कर्मचारी झुलसे
दिल्ली में नजफगढ़ इलाके के नंगली सकरावती इंडस्ट्रियल एरिया की एक नमकीन फैक्ट्री में शनिवार सुबह भीषण आग लग गई। आग लगने से फैक्ट्री में जोरदार धमाका हो गया, जिससे झुलसकर फैक्ट्री के छह कर्मचारी झुलसकर घायल हो गए।

राजधानी दिल्ली में नजफगढ़ इलाके के नंगली सकरावती इंडस्ट्रियल एरिया की एक नमकीन फैक्ट्री में शनिवार सुबह गैस सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई। सिलेंडर में हुए जोरदार धमाके से आग तेजी से चारों फैल गई। इस आग में झुलसकर फैक्ट्री के छह कर्मचारी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचीं दमकल की करीब डेढ़ दर्जन गाड़ियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब सवा 8 बजे नजफगढ़ में श्मशान घाट रोड स्थित नंगली सकरावती इंडस्ट्रियल एरिया के मकान नंबर 25/2 में चल रही नमकीन फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी गई, जिसके बाद कुल 5 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग इतनी भयानक थी कि अंदर पहले काला धुआं और फिर आग का गुबार छा गया। आग को बढ़ते देख दमकल की और एक दर्जन गाड़ियों को भी मौके पर बुला लिया गया।
आग के साथ हुए जोरदार धमाके से फैक्ट्री में काम कर रहे 6 कर्मचारी इसकी चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए। उन्हें इलाज के लिए पहले डीडीयू अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बाद में उन्हें सफदरजंग अस्पताल भेज दिया गया है। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है। दमकल कर्मी कूलिंग के काम में जुटे हैं।
दिल्ली पुलिस की ओर से बताया गया कि 28 दिसंबर 2024 को नजफगढ़ थाने में नंगली औद्योगिक क्षेत्र के नंगली सकरावती के मकान नंबर 25/2 मोनू नमकीन फैक्ट्री में गैस सिलेंडर में विस्फोट के बारे में एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई। पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। हादसे के समय कर्मचारी ग्राउंड फ्लोर पर ओवन में बिस्कुट पका रहे थे। ओवन में गैस सिलेंडर का इस्तेमाल किया जा रहा था और कथित तौर पर इसका पाइप फटने से यह घटना हुई। फिलहाल घटना की जांच चल रही है। पुलिस और दमकल के जवान मौके पर मौजूद हैं।
ये 6 कर्मचारी हुए घायल
1. शिवम (23 वर्ष)
2. अमित (35 वर्ष)
3. अमित सिंह (26 वर्ष)
4. चंदन (22 वर्ष)
5. जयपाल (40 वर्ष)
6. वासुदेव (50 वर्ष)