दिल्ली: नजफगढ़ में बड़ा हादसा, CNG भरवाते समय ट्रक का सिलेंडर फटा; 3 पंपकर्मी समेत 4 झुलसे

Praveen Sharma हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

Delhi News : दिल्ली के बाबा हरिदास नगर इलाके में नजफगढ़-मित्राऊं रोड स्थित एक सीएनजी पंप पर गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां सीएनजी भरवाते समय एक ट्रक का सिलेंडर अचानक फट गया। इस दौरान आसपास मौजूद तीन पंपकर्मी समेत चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। 

दिल्ली: नजफगढ़ में बड़ा हादसा, CNG भरवाते समय ट्रक का सिलेंडर फटा; 3 पंपकर्मी समेत 4 झुलसे

Delhi News : दिल्ली के बाबा हरिदास नगर इलाके में नजफगढ़-मित्राऊं रोड स्थित एक सीएनजी पंप पर गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां सीएनजी भरवाते समय एक ट्रक का सिलेंडर अचानक फट गया। इस दौरान आसपास मौजूद तीन पंपकर्मी समेत चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों में शामिल एक शख्स की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसका इलाज आईसीयू में चल रहा है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने बताया कि गुरुवार दोपहर नजफगढ़-मित्राऊं रोड स्थित एक सीएनजी पंप पर हरियाणा नंबर का एक ट्रक सीएनजी भराने पहुंचा था। पंपकर्मी ने ट्रक में सीएनजी भरना शुरू ही किया था कि अचानक धमाके के साथ ट्रक का एक सिलेंडर फट गया। इससे आग लग गई और चार लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में 34 वर्षीय दीपक, 26 वर्षीय विकास कुमार और 40 वर्षीय नीरज शामिल हैं। यह तीनों पंपकर्मी हैं। चौथा घायल वहां सीएनजी भराने के लिए आया था, उसकी पहचान नहीं को सकी है।

किट को घटना का कारण मान रहे पुलिस अफसर

धमाके की सूचना के बाद बाबा हरिदास नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेराबंदी कर दी। पुलिस ने मौके पर फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) और जिला पुलिस की क्राइम टीम भी बुलाया और साक्ष्य जुटाए। सूत्रों ने बताया कि पुलिस की प्रारंभिक जांच के बाद आशंका जताई जा रही है कि जिस ट्रक में सीएनजी भरी जा रही थी, उसमें किट मानकों के अनुरूप फिट नहीं थी। इसे ही हादसे का कारण माना जा रहा है।

तीन वर्ष में हाईड्रो जांच जरूरी : विशेषज्ञ

आपके पास यदि सीएनजी वाहन है तो सिलेंडर का खास ख्याल रखना शुरू कर दीजिए। दिल्ली परिवहन विभाग के पूर्व डिप्टी कमिश्नर अनिल छिकारा का कहना है कि प्रत्येक तीन साल में सीएनजी सिलेंडर का हाइड्रो जांच जरूर कराएं। उन्होंने बताया कि जब सिलेंडर में सीएनजी भरी जाती है तो उसका प्रेशर 250 बार होता है। वहीं, जांच के दौरान इसमें 700 बार प्रेशर डाला जाता है, ताकि मजबूती परखी जा सके।

वाहन मालिक इन बातों का रखें खास ध्यान

● सीएनजी सिलेंडरों को भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) के मानकों के अनुरूप होना चाहिए

● इनका पेट्रोलियम और विस्फोटक सुरक्षा संगठन द्वारा अनुमोदित होना अनिवार्य है

● सिलेंडर और उसके वाल्व पर आईएसआई मार्क और सीएमएल (लाइसेंस) नंबर अंकित होना चाहिए, यह गुणवत्ता बताता है

● सिलेंडर में लगा वाल्व भी स्वीकृत कंपनियों द्वारा निर्मित होना चाहिए और इसमें सुरक्षा के लिए वॉशर का उपयोग किया जाता है

● प्रत्येक तीन साल के अंतराल पर सिलेंडर का हाइड्रो टेस्ट कराएं

● गैस फिलिंग कराते समय इस बात का ध्यान रखें कि सिलेंडर को किसी भी चीज से कवर न किया गया हो, पुराना सिलेंडर न लगाएं

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।