दिल्ली मेट्रो में फोटो लेने का आरोपी CISF कर्मी सस्पेंड; लड़की नहीं चाहती ऐक्शन
दिल्ली मेट्रो में एक महिला यात्री की कथित तौर पर फोटो खींचने के आरोपी CISF जवान को सस्पेंड कर दिया गया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद CISF ने ऐक्शन लिया है।

सेंट्रल इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स यानी CISF ने दिल्ली मेट्रो ट्रेन में महिला यात्री (लड़की/युवती) के साथ कथित गलत व्यवहार के आरोपी जवान को सस्पेंड कर दिया है। CISF दिल्ली मेट्रो ने X पर एक पोस्ट में कहा कि CISF ने आरोपों को बहुत गंभीरता से लिया है। आरोपी जवान को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच के नतीजों के आधार पर आगे ऐक्शन लिया जाएगा।
वायरल हो रहा वीडियो
बता दें कि कथित घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें एक युवती CISF के एक जवान पर मोबाइल फोन से उसकी फोटो खींचने का आरोप लगा रही है। वीडियो सामने आने के बाद मेट्रो ट्रेन में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चर्चा शुरू हो गई। मामला साकेत मेट्रो रेल स्टेशन से जुड़ा बताया जा रहा है।
किसी ने रिकॉर्ड कर लिया पूरे विवाद का वीडियो
युवती ने पुलिस को बताया कि घटना के समय वह किसी के साथ थीं। उनके अनुसार, इसी दौरान सीआईएसएफ के एक एएसआई ने कथित तौर पर अपने मोबाइल फोन से कथित तौर पर उनकी कुछ तस्वीरें खींच लीं। आरोपी से विवाद और हाथापाई की घटना का वीडियो किसी व्यक्ति ने रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद यह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
शिकायतकर्ता बोली- कोई कार्रवाई नहीं चाहती
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद शिकायतकर्ता से रात के दौरान फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई। हालांकि उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला। बाद में शिकायतकर्ता की ओर से बताया गया कि वह फिलहाल दिल्ली से बाहर है। शिकायतकर्ता लड़की ने यह भी कहा कि वह मामले में कोई कार्रवाई नहीं चाहती है।
भेजा लिखित बयान
शिकायतकर्ता ने कुछ घंटे के भीतर व्हाट्सऐप के जरिए अपना लिखित बयान भी भेजा। इसमें उसने कहा कि वह मामले में कोई कार्रवाई नहीं चाहती है। हालांकि, पुलिस ने मामले से संबंधित जानकारी CISF के साथ साझा करने का निर्णय लिया ताकि विभागीय कार्रवाई की जा सके। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शिकायतकर्ता ने आगे कोई कार्रवाई नहीं मांगी है।
बहस बढ़ी, हाथापाई
इस बीच CISF के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जांच पूरी होने तक आरोपी अधिकारी को सस्पेंड कर दिया गया है। आरोपी ने महिला की तस्वीरें लेने से इनकार किया लेकिन जब उसके मोबाइल फोन की गैलरी में महिला की तस्वीरें कथित तौर पर मिलीं तो सहयात्री भी विवाद में शामिल हो गए। यात्रियों ने उससे तस्वीरें डिलीट करने के लिए कहा लेकिन जब अधिकारी कोच से बाहर निकलने लगा तो कुछ यात्रियों ने उसे रोका। इस पर बहस बढ़ गई और हाथापाई हो गई।


