काम की बात: दिल्ली में मेट्रो पर क्या असर? BRICS सम्मेलन के बीच क्या बंद और क्या खुला रहेगा
Delhi Metro Amid Brics Summit: ब्रिक्स सम्मेलन को देखते हुए दिल्ली छावनी में तब्दील किया गया है। मेट्रो से लेकर हवाई उड़ानों के लिए खास गाइडलाइन्स हैं। जानें- क्या खुला और क्या बंद रहेगा।

Delhi Metro Amid Brics Summit: ब्रिक्स सम्मेलन में भाग लेने के लिए सदस्य देशों के नेताओं का दिल्ली पहुंचना शुरू हो चुका है। इस आयोजन के लिए राजधानी को अभेद्य किले में तब्दील कर दिया गया है। मुख्य आयोजन स्थल भारत मंडपम् के आसपास 15 हजार जवान तैनात किए गए हैं। आसपास के दफ्तरों को बंद कर दिया गया है तो पूरे शहर के स्कूलों में छुट्टियां कर दी गई हैं। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन की तरफ से भी अपडेट सामने आया है।
दिल्ली मेट्रो की टाइमिंग में बदलाव
डीएमआरसी के मुताबिक, ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के मद्देनजर यातायात प्रतिबंधों के बीच परीक्षा में बैठने वाले छात्रों और यात्रियों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए रविवार 13 सितंबर को सभी मार्गों पर मेट्रो ट्रेन सेवाएं सुबह छह बजे शुरू होंगी। आमतौर पर पिंक, मजेंटा और ग्रे लाइन पर रविवार को मेट्रो सेवाएं सुबह सात बजे शुरू होती हैं।
समिट के दौरान दिल्ली के कुछ हिस्सों में ट्रैफिक पाबंदियों को देखते हुए छात्र और अन्य यात्री को उसी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं। यह भी बताया गया है कि सभी मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक खुले रहेंगे। मेट्रो सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी।
वहीं, सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन स्थित दिल्ली मेट्रो म्यूजियम 13 सितंबर तक बंद रहेगा। यह म्यूजियम रविवार तक बंद रहेगा। म्यूजियम 14 सितंबर, सोमवार को अपने साप्ताहिक अवकाश के कारण भी बंद रहेगा। मंगलवार से म्यूजियम आम लोगों के स्वागत के लिए फिर से खुल जाएगा।
डायवर्जन समेत कई बदलाव
ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान आम लोगों को परेशानी न हो इसके लिए पुलिस ने शहर के कई हिस्सों में डायवर्जन प्लान लागू किया है। पुलिस के अनुसार, हवाई अड्डा, होटलों और उन स्थानों पर जहां गणमान्य व्यक्तियों का दौरा हो सकता है, वहां सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
तीन दिन तक राष्ट्रपति भवन-अमृत उद्यान बंद
शुक्रवार से 13 सितंबर तक राष्ट्रपति भवन, राष्ट्रपति भवन म्यूजियम और अमृत उद्यान आम लोगों के लिए बंद रहेंगे। गुरुवार को यह जानकारी दी गई। शनिवार को राष्ट्रपति भवन के फोरकोर्ट में ‘चेंज ऑफ गार्ड’ सेरेमनी भी नहीं होगी।
सभी बाजार खुले रहेंगे
राजधानी में 11 से 13 सितंबर को होने वाले ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान कनॉट प्लेस, खान मार्केट समेत तमाम बाजार खुले रहेंगे। वहीं, एनडीएमसी की ओर से प्रमुख मार्गों और भवनों को सुंदर लाइटों से सजाया गया है। खान मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव मेहरा ने बताया कि आवाजाही सामान्य होने के कारण बाजार बंद नहीं करने का निर्णय लिया गया है। नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन के संयुक्त सचिव अमित गुप्ता ने बताया कि कनॉट प्लेस मार्केट खुला रहेगा। ग्राहकों को यातायात संबंधी निर्देशों के पालन की सलाह दी जा रही है। वहीं, व्यापारी नेता देवराज बावेजा ने बताया कि चांदनी चौक, सदर बाजार भी खुले रहेंगे। सरोजिनी नगर मिनी मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक रंधावा ने बताया कि इस दौरान विदेशी मेहमान खरीदारी करने पहुंचते हैं तो उन्हें 50 फीसदी तक छूट दी जाएगी।
हवाई उड़ानों पर विशेष पाबंदियां
इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे और दिल्ली से 300 किलोमीटर के दायरे में आने वाले अन्य हवाईअड्डों से विमानों की आवाजाही पर रोक रहेगी। हालांकि, कुछ श्रेणी की उड़ानों को छूट दी गई है।
सिर्फ इन उड़ानों को मिलेगी अनुमति
-नियमित रूप से संचालित होने वाली शेड्यूल्ड एयरलाइन उड़ानें।
-ब्रिक्स में शामिल होने वाले विशिष्ट मेहमानों की विशेष उड़ानें और उनसे जुड़ी उड़ानों को छूट। इससे पहले एयर ट्रैफिक कंट्रोल से मंजूरी लेना जरूरी होगा।
-वायुसेना,सीमा सुरक्षा बल और एविएशन रिसर्च सेंटर की उड़ानें।
-क्विक रिस्पॉन्स या इमरजेंसी मेडिकल इवैक्यूएशन के लिए इस्तेमाल होने वाले सेना के हेलीकॉप्टर।
-राज्य सरकार के विमान या हेलीकॉप्टर, जिनमें राज्यपाल या मुख्यमंत्री सवार हों।
सफदरजंग एयरपोर्ट और रोहिणी हेलीपैड बंद
सफदरजंग और रोहिणी एयरपोर्ट बंद रहेगा। हालांकि, इमरजेंसी या वीआईपी ड्यूटी पर तैनात भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर और एनएसजी के इस्तेमाल वाले कुछ सैन्य हेलीकॉप्टरों को अनुमति रहेगी।


