
यात्री कृपया ध्यान दें! मेट्रो स्टेशन पर थोड़ा पहले जाएं; दिल्ली में कल तक सुरक्षा कड़ी
बीटिंग रिट्रीट समारोह के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो स्टेशनों पर 29 जनवरी तक गहन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर चलने की सलाह दी गई है, वहीं विजय चौक और आसपास के मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा।
दिल्ली में मेट्रो स्टेशनों पर 29 जनवरी तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी। ऐसे में अगर आपको भी मेट्रो से सफर करना है तो घर से अतिरिक्त समय लेकर चलें। इसको लेकर डीएमआरसी की ओर से मंगलवार को यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है।
मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ी
दरअसल, गणतंत्र दिवस के बाद 29 जनवरी को बीटिंग रिट्रीट समारोह भी आयोजित किया जाता है। इस समारोह में राष्ट्रपति समेत बड़ी संख्या में वीवीआईपी शामिल होंगे। ऐसे में डीएमआरसी ने सुरक्षा और बढ़ाने का निर्णय लिया है। डीएमआरसी के मुताबिक मेट्रो स्टेशनों पर लगेज और यात्रियों की व्यक्तिगत जांच को गहनता से किया जाएगा। इसकी वजह से चेकिंग प्वाइंट पर समय लग सकता है। ऐसे में यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें। यात्रा के लिए अतिरिक्त समय रखें और सुचारू और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए कतारों में इंतजार करते समय धैर्य और अनुशासन बनाए रखें।
विजय चौक जाने से बचें
विजय चौक पर बुधवार को बीटिंग रिट्रीट समारोह की रिहर्सल होगी। इस दौरान शाम 4 बजे से 6 बजे तक कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंध लागू रहेगा। यातायात पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वह विजय चौक के आसपास आने से बचें। आवाजाही के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि रिहर्सल के दौरान विजय चौक सामान्य यातायात के लिए पूरी तरह बंद रहेगा। इसके अलावा कृषि भवन चौराहे से विजय चौक की ओर जाने वाले रोड बंद रहेंगे।
इन मार्गों से जाएं
दिल्ली यातायात पुलिस के मुताबिक लोग आने-जाने के लिए रिंग रोड, रिज रोड, अरबिंदो मार्ग, मदरसा टी-पॉइंट, सफदरजंग रोड, कमाल अतातुर्क मार्ग, रानी झांसी रोड और मिंटो रोड उपयोग कर सकते हैं। दिल्ली यातायात पुलिस ने बताया कि गंतव्य तक जाने के लिए घर से थोड़ा पहले निकलें, जिससे कि ज्यादा परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।





