काम की बात: नए कियोस्क वॉट्सऐप पर भेजेंगे दिल्ली मेट्रो के टिकट; DMRC ने इन 12 स्टेशनों पर की शुरुआत
Delhi Metro News : दिल्ली मेट्रो यात्रियों के लिए डीएमआरसी ने एक सुविधा की शुरुआत की है। इसके तहत पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर 12 स्टेशनों पर नए टिकटिंग कियोस्क लगाए गए हैं, जो यात्रियों के वॉट्सऐप नंबर पर डिजिटल क्यूआर कोड टिकट भेजेंगे।

दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने राजधानी के 12 मेट्रो स्टेशनों पर पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर सेल्फ सर्विस मोबाइल टिकटिंग कियोस्क लगाए हैं। इनकी मदद से यात्री अब खुद ही कागज रहित डिजिटल क्यूआर कोड वाले टिकट अपने वॉट्सऐप नंबर पर प्राप्त कर सकेंगे।
डीएमआरसी का कहना है कि यह पहल सफल होने पर दिल्ली मेट्रो के अन्य स्टेशनों पर भी चरणबद्ध तरीके से ये कियोस्क लगाए जाएंगे। इससे यात्रियों को कागज वाले क्यूआर कोड टिकट लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
दिल्ली मेट्रो में किराया भुगतान के लिए कई विकल्प पहले से मौजूद हैं। इसमें स्मार्ट कार्ड व एनसीएमएसी (नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड) शामिल है। इसके अलावा दिल्ली मेट्रो सारथी ऐप, डीएमआरसी के वॉट्सऐप चैटबॉट (09650855800), वन दिल्ली, आईआरसीटीसी सहित कई ऐप की मदद से डिजिटल क्यूआर कोड टिकट लिया जा सकता है।
क्यों उठाया ये कदम?
किराया भुगतान के तमाम विकल्प मौजूद होने के बावजूद विभिन्न मेट्रो स्टेशनों से हर दिन हजारों यात्री कागज के क्यूआर कोड टिकट लेकर मेट्रो में सफर करते हैं। इससे कई स्टेशनों पर स्वच्छता की समस्या होती है। साथ ही यात्रियों को टिकट के लिए कतार में भी लगना पड़ता है।
यहां लगे कियोस्क
● मंडी हाउस ● बाराखंभा रोड ● आईटीओ ● सर एम. विश्वेश्वरैया मोती बाग ● भीकाजी कामा प्लेस ● आईआईटी दिल्ली ● एयरपोर्ट टर्मिनल-1 ● नई दिल्ली ● शिवाजी स्टेडियम ● एयरोसिटी ● एयरपोर्ट टर्मिनल-तीन ● द्वारका सेक्टर 21 मेट्रो स्टेशन पर ये कियोस्क लगाए गए हैं।
ऐसे बुक कर सकेंगे
सेल्फ-सर्विस मोबाइल टिकटिंग कियोस्क पर प्रस्थान स्टेशन का नाम पहले से दर्ज होगा। यात्री को बस अपने डेस्टिनेशन स्टेशन का चयन करना होगा। इसके बाद टिकटों की संख्या और वॉट्सऐप वाला मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। भुगतान सफल होते ही क्यूआर कोड टिकट यात्री के वॉट्सऐप पर उपलब्ध हो जाएगा।
400 KM से ज्यादा नेटवर्क, 300 से ज्यादा स्टेशन
वर्तमान में दिल्ली से सटे एनसीआर के कई शहरों में दिल्ली मेट्रो का नेटवर्क करीब 416 किलोमीटर तक फैला है। इनमें अलग-अलग रूट के लिए 12 लाइनों पर कुल 300 से अधिक स्टेशन सेवा में हैं। दिल्ली मेट्रो की ट्रेनें नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद और बहादुरगढ़ सिटी तक दौड़ती हैं।
बता दें कि, राजधानी में दिल्ली मेट्रो नेटवर्क का विस्तार तेजी से जारी है। इसके तहत कई नए कॉरिडोर और दर्जनों नए स्टेशन बनाए जाएंगे, जो अनेक इलाकों में रहने वाले लोगों को नई कनेक्टिविटी देंगे। इसके साथ ही डीएमआरसी यात्रियों की हर दिन बढ़ने वाली संख्या को देखते हुए खुद को भी नई चुनौतियों और जिम्मेदारियों के लिए अपग्रेड और तैयार कर रहा है।


