गर्दन पकड़ी और छाती पर बरसा दिए मुक्के; दिल्ली मेट्रो में पूर्व IAS ने बेटे संग कैसे किया मर्डर; FIR में पूरी कहानी
दिल्ली मेट्रो में पूर्व आईएएस और उनके बेटे ने सीट के लिए एक युवक की पीट-पीटकर जान ले ली। पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर में पूरे घटना की कहानी है।

Delhi Metro Murder: दिल्ली मेट्रो में बीते 9 अक्तूबर को बुजुर्गों के लिए आरक्षित सीट को लेकर ऐसा विवाद हो गया कि बाप-बेटे ने एक युवक की जान ले ली। आरोपियों में बाप पूर्व आईएएस अधिकारी रह चुके हैं और बेटा सुप्रीम कोर्ट में वकील। सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर 65 वर्षीय रिटायर्ड आईएएस अधिकारी और उनके 36 वर्षीय बेटे ने 48 वर्षीय पवन शर्मा के साथ इतनी मारपीट की, उनकी जान चली गई। घटना के बाद पवन बेहोश होकर मेट्रो ट्रेन के फर्श पर गिर पड़े थे और अस्पताल जाते-जाते दम तोड़ गए। मामले में पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर में मेट्रो में हुई हत्या की पूरी कहानी है।
पुलिस ने घटना के अगले ही दिन यानी 9 अक्टूबर को रिटायर्ड आईएएस अधिकारी संजय प्रताप सिंह (65) और उनके बेटे सिद्धार्थ सिंह (36) के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली थी। मामले में आगे की जांच की जा रही है।
एफआईआर के मुताबिक, पवन शर्मा अपनी 65 वर्षीय मां दुर्गा शर्मा के साथ गुरुग्राम से दिल्ली स्थित अपने घर लौट रहे थे। दोनों 8 अक्टूबर को शाम करीब चार बजे द्वारका सेक्टर-21 मेट्रो स्टेशन से ट्रेन में सवार हुए थे। मां-बेटे मेट्रो में बुजुर्गों के लिए आरक्षित सीट पर बैठे थे। दुर्गा शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जब मेट्रो ट्रेन सुप्रीम कोर्ट स्टेशन पहुंची, तो दो लोग उसमें चढ़े। इनमें एक बुजुर्ग और दूसरा युवक था। आरोप है कि दोनों ने मां-बेटे से सीट खाली करने के लिए कहा और उनके साथ रूखे तरीके से बात की।
सीट से उठाना चाहते थे बाप-बेटा
शिकायत के अनुसार, पवन ने उनके बात करने के तरीके पर आपत्ति जताई, लेकिन कहा कि वे सीट खाली कर देंगे। इसके बाद मां-बेटे उठने लगे। इसी दौरान पवन ने बुजुर्ग व्यक्ति से कुछ कहा, जिस पर विवाद बढ़ गया। जानकारी के अनुसार, पवन ने कथित तौर पर दोनों से कहा कि अब दोनों को सीट पर लेट जाना चाहिए। इस पर आरोपी भड़क गए और पवन पर टूट पड़े।
पहले थप्पड़ मारा, फिर सीने पर घूसे
एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि बुजुर्ग आरोपी ने पवन का कॉलर पकड़कर उन्हें थप्पड़ मार दिया। पवन ने इसका विरोध किया तो आरोपी के बेटे ने कथित तौर पर पवन की गर्दन पकड़ ली और सीने पर कई घूंसे मारे। दुर्गा शर्मा के मुताबिक, जब उन्होंने अपने बेटे को बचाने की कोशिश की, तो बुजुर्ग आरोपी ने उनके हाथ पकड़ लिए, जिससे वह बीच-बचाव नहीं कर सकीं।
मेट्रो में बेहोश होकर गिरे, तमाशबीन भीड़
शिकायत के मुताबिक, मारपीट के दौरान पवन अचानक मेट्रो ट्रेन के फर्श पर गिर पड़े और बेहोश हो गए। यात्रियों ने शोर मचाया, जिसके बाद मेट्रो कर्मचारी मौके पर पहुंचे। पवन को स्ट्रेचर पर रखा गया, जबकि दोनों आरोपियों को ट्रेन से उतार लिया गया। इसके बाद दुर्गा शर्मा अपने बेटे के साथ एलएनजेपी अस्पताल पहुंचीं। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने पवन को मृत घोषित कर दिया।
मेडिकल रिपोर्ट में चोटों का जिक्र
मेडिकल रिपोर्ट में पवन के दाएं गाल पर कई छोटे चोट के निशान, गर्दन के पास सीने पर चोट के निशान और दाएं हाथ के अंगूठे पर हल्की खरोंच है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि मारपीट के बाद पवन बेहोश हो गए थे और उनकी जान चली गई।

