'सीट खाली करने को कहा और फिर...', मां ने सुनाई दिल्ली मेट्रो में बेटे की हत्या की आंखों देखी कहानी
सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर अधेड़ उम्र के एक शख्स की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में पूर्व आईएएस अधिकारी संजय प्रताप सिंह और बेटे को गिरफ्तार किया है। इस घटना की कहानी अब मृतक पवन की मां ने सुनाई है।

दिल्ली मेट्रो में हत्या के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। हत्या के मामले में पूर्व आईएएस संजय प्रताप सिंह और उनके बेटे की गिरफ्तार कर लिया गया है। इस घटना पर मां ने सामने आकर अपने बेटे की हत्या की आंखों देखा सच बयान किया है। मां ने बताया कि दो लोग आए और उनसे सीट खाली करने के लिए कहा। सीट खाली करने के बावजूद उनके बेटे को बेरहमी से पीटा गया। इस दौरान अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई।
मां सुनाया आंखो देखा हाल
बेटे की हत्या का आंखो देखा हाल बताते हुए मां ने कहा कि वो अपने बेटे पवन शर्मा के साथ दूसरे बेटे से मिलने गई थीं। वहां से वापस आने के दौरान जब मेट्रो सुप्रीम कोर्ट स्टेशन पर पहुंची तो दो लोग सवार हुए।पवन की मां ने बताया कि मेट्रो में चढ़ने के तुरंत बाद ही उन्हें सीट खाली करने के लिए कहा गया। उनके बार-बार कहने के बाद उन्होंने सीट छोड़ी लेकिन इस दौरान बहस हो गई। पवन की मां ने बताया कि दोनों ने मिलकर उनके बेटे के साथ मारपीट की और धक्का-मुक्की भी की। इस दौरान बेरहमी से उनके बेटे की पिटाई की गई। पिटाई के बाद पवन शर्मा बेहोस हो गए। इस घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, पुलिस मौके पर पहुंची और पवन को अस्पताल में इलाज के लिए ले गई, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई थी।
मां का भी पकड़ा हाथ
घटना का आंखो देखा हाल बताते हुए मां ने बताया कि सीट खाली करने को लेकर हुए विवाद में उनके बेटे को दोनों मिलकर मारने लगे। इस दौरान जब मां ने अपने बेटे को बचाने की कोशिश की तो दोनों ने उनका हाथ पकड़ लिया और पवन को पीटते ही रहे। इस दौरान पवन को तब तक पीटा गया, जब तक वो बेहोश नहीं हो गया। बेहोश होने के बाद सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर उतारा गया और पवन को लोकनायक जय प्रकाश अस्पाताल में इलाज के लिए ले जाया गया, लेकिन वहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने पवन को मृत घोषित कर दिया।
गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज
इस मामले में पुलिस ने तुरंत ऐक्शन लेते हुए नोएडा में रहने वाले पूर्व आईएएस अधिकारी संजय प्रताप सिंह और उनके बेटे सिद्धार्थ को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ पुलिस ने बीएनएस की धारा 105 और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है।


