काम की बात: राजीव चौक से एयरपोर्ट टर्मिनल जाना आसान होगा, दिल्ली मेट्रो का सबसे लंबा सबवे बनेगा
दिल्ली मेट्रो के सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर पर शिवाजी स्टेडियम के पास एक नया स्टेशन बनेगा। इसके अलावा शिवाजी स्टेडियम से राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के बीच दिल्ली मेट्रो का सबसे लंबा सबवे बनेगा। इसकी लंबाई 800 मीटर होगी। इससे दोनों स्टेशनों मेट्रो बदलने की सुविधा मिलेगी। इस कॉरिडोर पर चार इंटरचेंज होंगे।

दिल्ली मेट्रो के फेज-5ए में आरके आश्रम से इंद्रप्रस्थ के बीच बन रहे सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर पर शिवाजी स्टेडियम के पास एक नया मेट्रो स्टेशन बनेगा, जो एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन के वर्तमान स्टेशन के साथ इंटरचेंज स्टेशन होगा। खास बात यह कि कॉरिडोर के साथ शिवाजी स्टेडियम से राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के बीच 800 मीटर लंबा सबवे बनाया जाएगा। यह दिल्ली मेट्रो का सबसे लंबा सबवे होगा।
इससे दोनों स्टेशनों के बीच मेट्रो बदलने की सुविधा मिल सकेगी। वैशाली, आनंद विहार, लक्ष्मी नगर, नोएडा सहित दिल्ली के कई इलाकों से आईजीआई एयरपोर्ट टर्मिनल-3 और टर्मिनल-2 पहुंचना आसान हो जाएगा। मौजूदा समय में शिवाजी स्टेडियम एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन का स्टेशन है, लेकिन अभी यह राजीव चौक मेट्रो स्टेशन से नहीं जुड़ा है।
डीएमआरसी का कहना है कि 9.913 किलोमीटर लंबे आरके आश्रम-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर का काम शुरू हो गया है। यह कॉरिडोर पूरी तरह भूमिगत होगा और इस पर नौ मेट्रो स्टेशन होंगे। वर्ष 2029 तक यह बनकर तैयार होना है। इस कॉरिडोर के स्टेशनों के प्लेटफार्म से छह कोच की मेट्रो का परिचालन हो सकेगा। इसका निर्माण पूरा होने पर शिवाजी स्टेडियम एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन के साथ इंटरचेंज स्टेशन हो जाएगा।
भीड़ में कमी आएगी
राजीव चौक अभी कश्मीरी गेट के बाद दिल्ली मेट्रो का दूसरा सबसे व्यस्त मेट्रो स्टेशन है। डीएमआरसी का कहना है कि सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर पर आरके आश्रम और इंद्रप्रस्थ इंटरचेंज स्टेशन बनने पर राजीव चौक स्टेशन पर भीड़ कम हो जाएगी।
ट्रैवलेटर की सुविधा
सबवे में ट्रैवलेटर की भी सुविधा होगी। इससे शिवाजी स्टेडियम और राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के बीच आवागमन के दौरान यात्रियों को ज्यादा पैदल चलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। ट्रैवलेटर से यात्री आसानी से एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन पहुंच सकेंगे। वैशाली, आनंद विहार, नोएडा इत्यादि इलाकों से एयरपोर्ट टर्मिनल-3 जाने वाले यात्री राजीव चौक स्टेशन पर मेट्रो से उतरकर सबवे और ट्रैवलेटर के जरिए शिवाजी स्टेडियम स्टेशन पहुंचकर एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन की मेट्रो पकड़ सकेंगे। अभी राजीव चौक और नई दिल्ली स्टेशन से मेट्रो बदलनी पड़ती है।
सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर पर 9 स्टेशन
शिवाजी स्टेडियम, युगे युगीन भारत, केंद्रीय सचिवालय, कर्तव्य भवन, इंडिया गेट, वॉर मेमोरियल– हाई कोर्ट, बड़ौदा हाउस, भारत मंडपम और इंद्रप्रस्थ।
चार इंटरचेंज स्टेशन होंगे
शिवाजी स्टेडियम: एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन के साथ इंटरचेंज स्टेशन होगा।
केंद्रीय सचिवालय: येलो और वायलेट के साथ इंटरचेंज स्टेशन हो जाएगा।
इंद्रप्रस्थ: ब्लू के साथ इंटरचेंज होगा।
आरके आश्रम: ब्लू के साथ इंटरचेंज स्टेशन होगा।
लेखक के बारे में
Subodh Kumar Mishraसुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह 'लाइव हिन्दुस्तान' में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के 'डीडी न्यूज' से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।
ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।


