Delhi Metro News : दिल्ली मेट्रो ने रचा एक और नया इतिहास! इन 2 बातों में दुनिया में सबसे आगे

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

Delhi Metro News : दिल्ली मेट्रो ने अब एक और नया इतिहास रच दिया है। ट्रेनों की पंक्चुअलिटी और विश्वसनीयता के मामले में यह दुनिया में सबसे आगे निकल गई है। डीएमआरसी ने आज इसके आंकड़े जारी कर विस्तार से जानकारी दी है। 

delhi metro
दिल्ली मेट्रो ने रचा नया इतिहास

दिल्ली मेट्रो ने ट्रेन परिचालन की समयबद्धता और विश्वसनीयता के मामले में हांगकांग मेट्रो, पेरिस मेट्रो और न्यूयॉर्क सबवे जैसी विश्व की कुछ सबसे प्रतिष्ठित मेट्रो प्रणालियों से भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए स्वयं को दुनिया की बेहतरीन शहरी रेल प्रणालियों में स्थापित किया है। यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि डीएमआरसी परिचालन प्रदर्शन को मापने के लिए अत्यंत कड़े मानदंड अपनाता है। जहां अनेक मेट्रो प्रणालियां ट्रेन के कई मिनट विलंब से पहुंचने पर ही उसे विलंबित मानती हैं, वहीं दिल्ली मेट्रो में यदि कोई ट्रेन अपने गंतव्य स्टेशन पर निर्धारित समय से 59 सेकेंड से अधिक देरी से पहुंचती है, तो उसे लेट माना जाता है।

डीएमआरसी के प्रधान कार्यकारी निदेशक कॉरपोरेट कम्युनिकेशंस अनुज दयाल ने बताया कि दिल्ली मेट्रो की ट्रेन पंक्चुअलिटी वर्ष 2003 में 98.27 प्रतिशत थी, जो वर्ष 2005 में बढ़कर 99.64 प्रतिशत हो गई। इस उपलब्धि के साथ, दिल्ली मेट्रो ने अपने परिचालन की शुरुआत के महज दो वर्षों के भीतर ही 99% से अधिक पंक्चुअलिटी हासिल करने वाली दुनिया की चुनिंदा मेट्रो प्रणालियों की प्रतिष्ठित श्रेणी में स्थान बना लिया। इसके बाद से DMRC ने वर्ष दर वर्ष लगातार 99.9% ट्रेन पंक्चुअलिटी हासिल की है। वर्ष 2026 में, अपने विशाल नेटवर्क और बढ़ते बेड़े के बावजूद, दिल्ली मेट्रो ने 99.95 प्रतिशत की असाधारण पंक्चुअलिटी हासिल की है।

नेटवर्क के व्यापक विस्तार के बावजूद विश्वसनीयता कायम

आमतौर पर किसी मेट्रो नेटवर्क और उसके बेड़े के विस्तार के साथ-साथ परिचालन एवं रखरखाव संबंधी चुनौतियां भी बढ़ती हैं, जिसका प्रतिकूल प्रभाव समयबद्धता और विश्वसनीयता पर पड़ सकता है। हालांकि, दिल्ली मेट्रो ने अपने 23 वर्षों के परिचालन के दौरान इस सामान्य प्रवृत्ति को पीछे छोड़ते हुए लगातार उच्च स्तर की परिचालन दक्षता बनाए रखी है।

ट्रेन हेडवे में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है। शुरुआती वर्षों में जहां ट्रेनों के बीच अंतराल लगभग सात मिनट था, वहीं आज सबसे व्यस्त कॉरिडोर पर यह घटकर मात्र 2 मिनट 18 सेकंड रह गया है। इससे तेजी से बढ़ती यात्री संख्या को कुशलतापूर्वक संभालने में दिल्ली मेट्रो को मदद मिली है।

पंक्चुअलिटी और विश्वसनीयता एक-दूसरे से सीधे जुड़ी हुई हैं। डीएमआरसी ने 2.72 मिलियन कार-किलोमीटर का Mean Distance Between Failures (MDBF) हासिल किया है। यह एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय मानक है, जो यह दर्शाता है कि किसी सेवा-प्रभावित करने वाली खराबी के आने से पहले मेट्रो ट्रेन औसतन कितनी दूरी तय करती है।

दुनिया की 45 प्रमुख मेट्रो प्रणालियों के संघ Community of Metros (COMET) द्वारा किए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्किंग के तहत, दो मिनट के विलंब मानदंड के आधार पर दिल्ली मेट्रो को विश्व की शीर्ष पांच सबसे विश्वसनीय मेट्रो प्रणालियों में लगातार स्थान मिलता रहा है।

ड्राइवरलेस मेट्रो परिचालन में भी अग्रणी

डीएमआरसी वर्तमान में भारत के सबसे बड़े ड्राइवरलेस मेट्रो नेटवर्क का भी संचालन करता है। इसके लगभग 29 प्रतिशत नेटवर्क पर Unattended Train Operation (UTO) के तहत ट्रेनें संचालित हो रही हैं।

दिल्ली मेट्रो की लाइन-7, जो 71.55 किलोमीटर लंबी और 45 स्टेशनों वाली है, दुनिया की सबसे लंबी ड्राइवरलेस मेट्रो लाइन है और विश्व की सबसे लंबी सर्कुलर मेट्रो लाइनों में भी शामिल है। यह दिल्ली मेट्रो के लगभग पूरे नेटवर्क को इंटरचेंज सुविधा प्रदान करती है, केवल ग्रे लाइन के एक छोटे हिस्से को छोड़कर।

इस लाइन ने दिल्ली के केंद्रीय क्षेत्रों में इंटरचेंज पर होने वाली भीड़ को काफी कम किया है, विभिन्न मार्गों को एकीकृत नेटवर्क से जोड़ा है, यात्रियों के यात्रा समय को कम किया है तथा वैकल्पिक रूट उपलब्ध कराकर सेवा बाधित होने की स्थिति में पूरे नेटवर्क की परिचालन क्षमता और मजबूती को बढ़ाया है।

8.4 से 416.5 KM तक—एक उल्लेखनीय सफर

दिल्ली मेट्रो ने 25 दिसंबर 2002 को शाहदरा से तीस हजारी के बीच मात्र 8.4 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर और छह स्टेशनों के साथ अपनी परिचालन यात्रा शुरू की थी।

आज दिल्ली मेट्रो भारत का सबसे बड़ा मेट्रो रेल नेटवर्क बन चुका है, जो 12 लाइनों पर 303 स्टेशनों के साथ 416.5 किलोमीटर में फैला हुआ है। इसके 31 इंटरचेंज स्टेशन दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के विभिन्न हिस्सों के बीच निर्बाध कनेक्टिविटी प्रदान करते हैं।

यात्रियों की संख्या में भी इस दौरान अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। परिचालन के पहले वर्ष में लगभग 82,000 यात्री यात्राएं प्रतिदिन से शुरू होकर दिल्ली मेट्रो ने 8 अगस्त 2025 को एक दिन में 81 लाख से अधिक यात्री यात्राओं का रिकॉर्ड बनाया। वर्तमान में इसकी औसत दैनिक यात्री संख्या 64.06 लाख यात्री यात्राएं तक पहुंच चुकी है।

इस उल्लेखनीय विस्तार के साथ-साथ दिल्ली मेट्रो ने तकनीकी उन्नयन, परिचालन नवाचार और सुरक्षा, समयबद्धता, विश्वसनीयता एवं यात्री सुविधा पर निरंतर विशेष ध्यान दिया है।

परिचालन उत्कृष्टता, तकनीकी नवाचार और टिकाऊ शहरी परिवहन को बढ़ावा देने में योगदान के लिए डीएमआरसी को हाल के वर्षों में कई प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार और सम्मान भी प्राप्त हुए हैं।

मात्र 8.4 किलोमीटर के एक छोटे से कॉरिडोर से शुरू होकर दुनिया के सबसे बड़े और विश्वसनीय मेट्रो नेटवर्कों में शामिल होने तक दिल्ली मेट्रो की यह यात्रा परिचालन उत्कृष्टता के प्रति उसकी प्रतिबद्धता और लाखों यात्रियों को सुरक्षित, सुगम, भरोसेमंद एवं टिकाऊ सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने के उसके संकल्प का प्रमाण है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsदिल्ली मेट्रो ने रचा एक और नया इतिहास! इन 2 बातों में दुनिया में सबसे आगे