DTC बस ड्राइवरों की हड़ताल से आई दिल्ली मेट्रो की मौज! बना दिया नया रिकॉर्ड
दिल्ली में एक ओर जहां डीटीसी बस ड्राइवरों की हड़ताल से राजधानी की परिवहन व्यवस्था प्रभावित रही। वहीं इससे दिल्ली मेट्रो की मौज भी आ गई। मेट्रो में भीड़ बढ़ने से सर्वाधिक यात्रियों का पुराना रिकॉर्ड भी टूट गया।

दिल्ली में डीटीसी बस ड्राइवरों की हड़ताल के कारण मेट्रो में यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। इस वजह से गुरुवार को मेट्रो में सर्वाधिक 82,44,903 यात्रियों ने सफर किया। इससे पहले पिछले वर्ष 8 अगस्त को मेट्रो में 81,87,674 यात्रियों ने सफर किया था, जो एक दिन में मेट्रो में सर्वाधिक यात्रियों के सफर करने का रिकॉर्ड था। गुरुवार को यह रिकॉर्ड ध्वस्त हो गया।
दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन, ब्लू लाइन के बाद पिंक लाइन पर सबसे अधिक भीड़ रही। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) का कहना है कि डीटीसी बस ड्राइवरों की हड़ताल के कारण मेट्रो में यात्रियों की यह संख्या बढ़ी है। डीएमआरसी ने इसके लिए पहले से तैयारी भी की थी। यात्रियों की संख्या बढ़ने के कारण गुरुवार को मेट्रो ट्रेनों ने 32 फेरे अधिक लगाए।
डीटीसी बस ड्राइवरों की हड़ताल शुक्रवार को लगातार चौथे दिन जारी रही। निजी कंपनियों के माध्यम से नियुक्त बस ड्राइवर वेतन बढ़ोतरी सहित अपनी मांगों पर डटे रहे। हालांकि, दिल्ली सरकार ने डीटीसी में कॉन्ट्रैक्ट पर नियुक्त अपने ड्राइवरों की दूसरे कार्यों से बसों में ड्यूटी लगाई ताकि डीटीसी बसें सड़क पर उतर सकें। कुछ डीटीसी बसें सड़कों पर दिखी भी लेकिन ज्यादातर बसों का परिचालन नहीं हो पाने के कारण यात्री परेशान हुए। ऑटो, कैब, ई-रिक्शा चालकों ने मनमाना किराया वसूल किया। वहीं, मेट्रो में भी भीड़ बढ़ गई।
बाहरी, दक्षिणी पश्चिमी दिल्ली में ज्यादा प्रभाव
बाहरी और दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली क्षेत्र में भी बस ड्राइवरों की हड़ताल का खासा असर देखने को मिला। यहां पर लोगों को बस के लिए घंटों का इंतजार करना पड़ा। बसें नहीं आने पर लोग ई-रिक्शा, ऑटो या मेट्रो आदि के सहारे अपने गंतव्य तक पहुंचते दिखे। डीटीसी ने कॉन्ट्रैक्ट पर नियुक्त 2700 ड्राइवरों को शुक्रवार को उतारा। ये ड्राइवरों दूसरे कार्यों का दायित्व संभाल रहे थे। सामान्य दिनों में डीटीसी करीब 550 रूटों पर 6300 बसों का परिचालन करता है। माना जा रहा है कि शुक्रवार को 2700 बसें सड़क पर उतरीं, लेकिन कई जगहों पर हड़ताल बस ड्राइवरों ने बसों के परिचालन में व्यवधान डालने की कोशिश की। बाहरी दिल्ली के बवाना, नरेला, दक्षिणी पश्चिमी दिल्ली के नजफगढ़ क्षेत्र में ज्यादा प्रभाव रहा।
ई-रिक्शा, ऑटो और आरटीवी का सहारा
ड्राइवरों की हड़ताल के बीच सड़क पर डीटीसी की कुछ बसें दिखाई दीं, लेकिन बसें काफी देर से आ रही थीं। इस वजह से सभी यात्री बसों में चढ़ नहीं पा रहे थे। लक्ष्मी नगर मेट्रो स्टेशन से मदर डेयरी, मंगलम अस्पताल, मयूर विहार की तरफ जाने के लिए यात्री आरटीवी बस, ऑटो, ई-रिक्शा के भरोसे दिखे। ई-रिक्शा चालक दो-ढाई किलोमीटर के लिए 15-20 रुपये किराया मांग रहे थे।

