दिल्ली के साकेत में 5 मंजिला इमारत गिरी; 13 निकाले गए, 2 की हालत नाजुक

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

साउथ दिल्ली में साकेत के पास बड़ा हादसा हो गया है। सैदुलाजाब इलाके में पांच मंजिला इमारत के गिरने की खबर सामने आई है। मलबे से 13 लोगों को बचाया गया है। देर रात खबर लिखे जाने तक बचाव का काम जारी था।

दिल्ली के साकेत में 5 मंजिला इमारत गिरी; 13 निकाले गए, 2 की हालत नाजुक

दिल्ली के साकेत मेट्रो स्टेशन के पास सैदुल्लाजाब इलाके में एक बहुमंजिला इमारत भरभराकर गिर गई जिससे कुछ लोग मलबे में दब गए। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। आननफानन में बचाव अभियान चलाया गया। मौके पर दमकल विभाग के जवानों के साथ एनडीआरएफ, दिल्ली पुलिस, डीडीएमए, एमसीडी की टीमों ने बचाव अभियान में मोर्चा संभाल लिया। अब तक 13 लोगों को बाहर निकाला जा चुका है। इलाके की बिजली भी काट दी गई है। बताया जाता है कि हादसे के वक्त बिल्डिंग में कुछ कोचिंग छात्र भी मौजूद थे। सीएम रेखा गुप्ता ने हादसे पर चिंता जताते हुए प्रभावितों को तुरंत हर संभव मदद पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। खबर लिखे जाने तक बचाव कार्य जारी थे।

मलबा हटाने के लिए मंगाए 2 बुलडोजर

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, हादसा शनिवार रात करीब पौने आठ बजे हुआ। इमारत एक अस्थाई टिन की छत में चल रहे कैंटीन पर अचानक गिर गई। इससे वहां खाना खा रहे कई लोग मलबे में दब गए। कॉल मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। एनडीआरएफ की टीम ने भी मोर्चा संभाल लिया। अब तक मलबे में दबे कुल 13 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। मलबा हटाने के लिए 2 बुलडोजर मंगाए गए हैं।

एम्स ट्रॉमा सेंटर में 10 भर्ती, 2 की हालत नाजुक

वहीं एम्स ट्रॉमा सेंटर में मलबे से निकाले 10 लोगों को भर्ती कराया गया है। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। इसमें से एक को वेंटिलेटर सपोर्ट पर डाल दिया गया है। वहीं दूसरा मरीज शॉक में चला गया है। घटना के बाद एम्स ट्राॅमा सेंटर को अलर्ट कर दिया गया।

अवैध तरीके से तल रहा था निर्माण कार्य

मौके पर मौजूद फायर विभाग के अधिकारी रविंदर सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि इस पांच मंजिला इमारत (गाउंड+चार) बगल में स्थित एक अस्थायी टिन की छत वाली कैंटीन पर गिर गई। इस इमारत की चौथी मंजिल पर निर्माण कार्य चल रहा था। बताया जा रहा है कि अवैध तरीके से चल रहे इस निर्माण कार्य की वजह से यह पुरानी इमारत गिर गई, जिससे यह हादसा हुआ। हादसे के वक्त कैंटीन में कुछ बच्चे खाना खा रहे थे। हादसे वाली जगह पर इस समय युद्ध स्तर पर सर्च ऑपरेशन चल रहा है। दिल्ली पुलिस, एनडीआरएफ और फायर विभाग के टीमें मौके पर मौजूद हैं और अन्य एजेंसियों की मदद से मलबा हटाने का काम कर रही हैं।

वीकेंड की वजह से टल गया बड़ा हादसा

उधर स्थानीय लोगों के मुताबिक शनिवार होने की वजह से इलाके में ज्यादातर आफिस बंद थे। जिसके कारण कैंटीन और आसपास के इलाके में भीड़ आम दिनों की अपेक्षा कम थी। नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। बहरहाल फायर विभाग के मुताबिक अबतक कुल‌ दस लोगों को बाहर निकाला जा चुका है। जबकि अभी कुछ अन्य लोगों की तलाश के लिए राहत व बचाव कार्य जारी है। खबर लिखे जाने तक ऑपरेशन अभी जारी था। फायर विभाग का कहना है कि हो सकता है अभी कुछ और लोग फंसे हों। ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही मलबे में दबे लोगों व घायलों के बारे में अधिकारिक अपडेट दिया जाएगा।

वहीं मौके पर मौजूदद स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इमारत की ऊपरी मंजिलों पर निर्माण का काम जारी था। वह अभी पूरा नहीं हो सका था। पहले से बनी इस पुरानी इमारत पर उपर की मंजिल का निमाण कार्य चल रहा था। चश्मदीदों के मुताबिक, यह मल्टी-स्टोरी बिल्डिंग कुछ ही पलों में जमींदोज हो गई थी। वहां कंक्रीट और लोहे के सरियों का विशाल ढेर लग गया है। सैदुलाजाब की संकरी गलियों और घनी आबादी की वजह से राहत काम में काफी मुश्किलें आ रही हैं।

जोरदार धमाके की आवाज, आसपास फैला धूल और मलबा

इमारत गिरने के बाद आस पास रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई। इस बीच रेस्कयू ऑपरेशन शुरू होते ही लोग आसपास जमा हो गए। चश्मदीदों ने बताया कि बिल्डिंग के गिरते ही एक जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। इसके आसपास के इलाके में धूल और मलबा फैल गया।

चश्मदीद ने क्या बताया?

एक स्थानीय निवासी ने बताया, बिल्डिंग आज शाम करीब 6 बजे गिरी। इसमें ऑफिस थे लेकिन वीकेंड होने की वजह से ज्यादातर ऑफिस बंद थे। आम दिनों की तुलना में कम लोग मौजूद थे। हमें ठीक-ठीक नहीं पता कि हादसे के समय अंदर कितने लोग थे, लेकिन आमतौर पर कुछ ही लोग होते हैं। चूंकि छुट्टी थी, इसलिए शायद आज लोगों की संख्या और भी कम थी। पूरी इमारत गिर गई, और इसका असर आसपास की कुछ छोटी इमारतों पर भी पड़ा।

सीएम रेखा गुप्ता ने जताई चिंता

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गु्प्ता ने हादसे पर चिंता जताते हुए कहा, साकेत मेट्रो स्टेशन के पास इमारत गिरने की घटना से हम बेहद चिंतित हैं। एनडीआरएफ, दिल्ली अग्निशमन सेवा, दिल्ली पुलिस, डीडीएमए, एमसीडी और नागरिक सुरक्षा की टीमें युद्धस्तर पर बचाव अभियान चला रही हैं। फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने और प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता प्रदान करने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है और सभी संबंधित एजेंसियां ​​समन्वय में काम कर रही हैं।

आप विधायक आतिशी ने क्या कहा?

दिल्ली की पूर्व सीएम और आम आदमी पार्टी की विधायक आतिशी ने कहा, साकेत में इमारत गिरने की खबर बेहद चिंताजनक है। मलबे में दबे सभी लोगों के सुरक्षित बाहर निकाले जाने की प्रार्थना है। क्षेत्र के सभी AAP कार्यकर्ताओं से अपील है कि राहत एवं बचाव कार्य में हरसंभव सहयोग करें और घायलों की मदद के लिए आगे आएं।

Aditi Sharma

लेखक के बारे में

Aditi Sharma

अदिति शर्मा

अदिति शर्मा डिजिटल मीडिया की एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें लाइव हिंदुस्तान, TV9 भारतवर्ष और न्यूज नेशन जैसे संस्थानों में 9 वर्षों का अनुभव है। BCA और MMC की शैक्षणिक पृष्ठभूमि के साथ, वे तकनीक और पत्रकारिता के मूल्यों का सटीक संतुलन बनाती हैं। उनकी विशेषज्ञता राजनीति, अपराध और शोध-आधारित लेखन में है, जहां वे सकारात्मक प्रभाव डालने वाली विश्वसनीय पत्रकारिता को प्राथमिकता देती हैं।


विस्तृत बायो

डिजिटल मीडिया के इस दौर में, अदिति शर्मा पिछले 9 सालों से सूचनाओं को खबरों में और खबरों को अटूट विश्वसनीयता में बदलने का काम कर रही हैं। वर्तमान में 'लाइव हिंदुस्तान' में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत रहते हुए, उनकी पत्रकारिता का मुख्य आधार रफ्तार के साथ गहरी सटीकता बनाए रखना रहा है। उनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि तकनीकी और मीडिया शिक्षा का एक संतुलित मेल है। उन्होंने वेस्ट बंगाल स्टेट यूनिवर्सिटी से BCA किया है। इसके बाद उन्होंने इंडिया टुडे मीडिया इंस्टीट्यूट (ITMI) से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री प्राप्त की, जिसने उनके पत्रकारिता कौशल को निखारा।


अदिति के करियर का एक बड़ा हिस्सा TV9 भारतवर्ष, न्यूज नेशन और इंडिया टुडे जैसे देश के प्रतिष्ठित न्यूज रूम्स के साथ बीता है। इस दौरान उन्होंने न केवल पॉलिटिक्स, क्राइम और स्टेट न्यूज जैसी 'हार्ड-कोर' खबरों को कवर किया, बल्कि फीचर राइटिंग, ओपिनियन आर्टिकल्स और रिसर्च-आधारित गहन लेखन के जरिए खबरों की तह तक जाने का सफल प्रयास किया है।


उनके लिए पत्रकारिता केवल सूचना देना नहीं, बल्कि मल्टीमीडिया का एक संपूर्ण अनुभव है। एंकरिंग से लेकर वीडियो प्रोडक्शन और 'कैलेंडर जर्नलिज्म' से लेकर 'फैक्ट चेक' तक, उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता के हर अनिवार्य पहलू को जिया है। सोशल मीडिया की नब्ज पहचानना और कंटेंट को लाखों लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना उनकी सबसे बड़ी पेशेवर ताकत है।


तथ्यों के प्रति उनकी ईमानदारी और 'मीडिया लॉ एंड एथिक्स' के दायरे में रहकर जनता की आवाज उठाना ही उनकी पत्रकारिता का असली उद्देश्य है। वे नई तकनीक और पत्रकारिता के पुराने मूल्यों के बीच एक ऐसा संतुलन बनाने में विश्वास रखती हैं, जिससे समाज को न केवल सही जानकारी मिले, बल्कि उस पर लोगों का भरोसा भी बना रहे। उनका हमेशा यह प्रयास रहता है कि उनकी खबरों से समाज में एक सकारात्मक बदलाव आए।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।