काम की बात: दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के एक लेन पर आज से सिर्फ कांवड़िये चलेंगे, डीएमई के लिए भी नया प्लान

हिन्दुस्तान, गाजियाबाद
Follow us on Google News
share

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के एक लेन पर आज से सिर्फ कांवड़िये चलेंगे। इस लेन पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। इसके अलावा डीएमई के जरिये दिल्ली से मेरठ की ओर जाने वाले हल्के मालवाहक वाहनों के लिए भी नया ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है।

कांवड़ यात्रा।
कांवड़ यात्रा।

कांवड़ यात्रा के दौरान डाक कांवड़ियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए शुक्रवार सुबह आठ बजे से दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे की मेरठ से दिल्ली आने वाली लेन वाहनों के लिए पूरी तरह बंद कर दी जाएगी। इस लेन को डाक कांवड़ के लिए आरक्षित किया गया है।

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार कांवड़ यात्रा के अंतिम चरण में डाक कांवड़ियों की संख्या तेजी से बढ़ने की संभावना है। इसी को देखते हुए दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे की मेरठ से दिल्ली जाने वाली लेन पूरी तरह उनके लिए सुरक्षित रखी गई है। मेरठ पुलिस अपने क्षेत्र से ही वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट करेगी, जिससे गाजियाबाद पहुंचने तक प्रतिबंधित लेन पूरी तरह खाली रहे। उधर, डीएमई के जरिये दिल्ली से मेरठ की ओर जाने वाले हल्के मालवाहक वाहनों के लिए भी नया ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है।

शुक्रवार सुबह आठ बजे से ऐसे वाहन केवल डासना तक ही दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे का उपयोग कर सकेंगे। इसके बाद उन्हें डासना से राष्ट्रीय राजमार्ग-नौ पर उतारकर हापुड़ के रास्ते मेरठ भेजा जाएगा। वहीं, आम लोगों के हल्के निजी वाहनों को दिल्ली से मेरठ की ओर जाने के लिए दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे का उपयोग करने की अनुमति रहेगी। दूसरी ओर मेरठ से दिल्ली की ओर आने वाले निजी वाहन एक्सप्रेसवे की इस लेन का उपयोग नहीं कर सकेंगे।

इन मार्गों पर भी वाहन नहीं जा रहे

कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए बुधवार को सिद्धार्थ विहार से मेरठ तिराहे की ओर वाहनों की आवाजाही बंद की जा चुकी है। मेरठ तिराहे से मोक्षधाम हिंडन पुल, कनावनी और इंदिरापुरम की ओर जाने वाले हल्के मालवाहक वाहनों पर भी प्रतिबंध लागू है। इन वाहनों को नया बस अड्डा, चौधरी मोड़ और विजयनगर रेलवे पुल होते हुए एनएच-नौ के रास्ते उनके गंतव्य तक भेजा जा रहा है।

रूट डायवर्जन से तीसरे दिन भी जाम लगा

रूट डायवर्जन का असर गुरुवार को तीसरे दिन भी यातायात व्यवस्था पर दिखा। मेरठ मार्ग को वन-वे करने से एनएच-9, मेरठ रोड, जीटी रोड, सिद्धार्थ विहार और राजनगर एक्सटेंशन समेत कई प्रमुख मार्गों पर दिनभर जाम लगा रहा। सामान्य दिनों में 15 से 20 मिनट का सफर लोगों ने एक से दो घंटे में पूरा किया। भारी मालवाहक वाहनों का मेरठ मार्ग पर 29 जुलाई से प्रवेश बंद है, जबकि चार अगस्त से हल्के मालवाहक और अन्य वाहनों के लिए भी मार्ग वन-वे कर दिया गया।

महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर

यातायात संबंधी जानकारी के लिए ट्रैफिक कंट्रोल रूम 9643322904 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा नगर नियंत्रण कक्ष 9643208942, ट्रांस हिंडन नियंत्रण कक्ष 9643204440, ग्रामीण नियंत्रण कक्ष 8939436700 और कांवड़ सेल प्रभारी निरीक्षक भानू प्रताप सिंह के मोबाइल 7017652500 पर भी आवश्यकता पड़ने पर संपर्क किया जा सकता है।

Subodh Kumar Mishra

लेखक के बारे में

Subodh Kumar Mishra

सुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह 'लाइव हिन्दुस्तान' में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के 'डीडी न्यूज' से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।

ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।

शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsदिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के एक लेन पर आज से सिर्फ कांवड़िये चलेंगे