
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर सफर करने वालों के मिलेगी ‘नई राहत’; यहां एंट्री-एग्जिट कट होंगे चौड़े
Delhi Meerut Expressway : दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक के पास एंट्री और एग्जिट कट चौड़े किए जाएंगे। यह काम इसी हफ्ते शुरू होगा। कट एक से दो लेन के होंगे। सबसे पहले आईपीईएम कॉलेज के सामने वाले निकास कट पर काम शुरू किया जाएगा।
Delhi Meerut Expressway : दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक के पास एंट्री और एग्जिट कट चौड़े किए जाएंगे। यह काम इसी सप्ताह शुरू होगा। कट एक से दो लेन के होंगे। सबसे पहले आईपीईएम कॉलेज के सामने वाले निकास कट पर काम शुरू किया जाएगा। इससे लोगों को राहत मिल सकेगी।
मेरठ एक्सप्रेसवे पर क्रॉसिंग रिपब्लिक सोसाइटी समेत आसपास के क्षेत्र में रहने वाले लोगों के लिए पहले प्रवेश और निकास स्थान नहीं थे। इस कारण यहां से दिल्ली की तरफ जाने के लिए लोगों को एनएच-9 पर चलना पड़ रहा था। एनएच-9 पर वाहनों का दबाव रहने से जाम लगता था। इसके बाद एनएचएआई ने क्रॉसिंग रिपब्लिक सोसाइटी के पास प्रवेश और निकास के लिए कट बनाए। प्रवेश और निकास कट की चौड़ाई कम है। इस कारण वाहनों का दबाव बढ़ते ही मेरठ एक्सप्रेसवे पर जाम लग रहा है।
एनएचएआई जाम की समस्या खत्म करने के लिए दोनों कट को चौड़ा करेगा। दोनों कट पर एक-एक अतिरिक्त लेन बनेगी। एक अधिकारी ने बताया कि कट के चौड़ा करने का काम शनिवार या रविवार से शुरू करा दिया जाएगा। इसकी तैयारी पूरी हो गई है। इस कार्य को पूरा होने में करीब छह महीने का समय लगेगा।
कट को नियमित रूप से बंद किया
मेरठ एक्सप्रेसवे पर क्रॉसिंग रिपब्लिक (आईपीईएम कॉलेज) के सामने निकास कट को शुक्रवार रात 12 बजे स्थाई रूप से बंद कर दिया गया। यह कट बीते सोमवार से शनिवार शाम छह से रात 9 बजे तक बंद रहता था। इसे छह महीने के लिए बंद कर दिया गया है। एनएचएआई ने क्रॉसिंग रिपब्लिक, गाजियाबाद और अलीगढ़ की ओर जाने वाले वाहन चालकों से अपील की है कि वह इंदिरापुरम के निकास से बाहर आकर एनएच-9 का इस्तेमाल करें। मेरठ एक्सप्रेसवे पर आईपीईएम कॉलेज के सामने निकास कट पर रोजाना जाम लग रहा था।
लोगों को जाम से निजात मिल सकेगी
एनएचएआई ने कट को सोमवार से शनिवार शाम छह बजे से रात नौ बजे तक बंद किया था। इसके चलते वाहन चालक यूपी गेट से शाम छह से नौ बजे तक एक्सप्रेसवे से न आकर एनएच-9 से गाजियाबाद की तरफ आने लगे। हालांकि, जिन लोगों को कट बंद होने की जानकारी नहीं थी, वह एक्सप्रेसवे से आ रहे थे और सन सिटी के सामने बने कट से बाहर निकल रहे थे। यहां भी वाहनों के दबाव के चलते एक्सप्रेसवे पर जाम लगने लगा था। एनएचएआई के परियोजना निदेशक बताया कि आईपीईएम कॉलेज के सामने वाले निकास कट को चौड़ा करने से यहां लगने वाले जाम से वाहन चालकों को निजात मिल सकेगी।
अरविन्द कुमार, परियोजना निदेशक, एनएचएआई, ''मेरठ एक्सप्रेसवे पर आईपीईएम कॉलेज के सामने बना कट छह महीने के लिए नियमित रूप से बंद रहेगा। ट्रैफिक पुलिस के सुझाव पर कट को नियमित रूप से बंद करने का निर्णय लिया है। गाजियाबाद की तरफ आने वाले वाहन चालक जिन्हें आईपीईएम कॉलेज के सामने बने कट से बाहर निकलना है, वह एनएच-9 से आ सकेंगे। निकास कट को चौड़ीकरण का काम पूरा होने के बाद ही खोला जाएगा।''





