LIVE UPDATES
रिफ्रेशLIVE UPDATES
रिफ्रेशDelhi MCD Election 2022 : दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के सभी 250 वार्ड के लिए आज सुबस से मतदान जारी है। इस चुनाव में आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party), भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तथा कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। एमसीडी चुनाव (MCD Chunav) में 1.45 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए योग्य हैं। चुनाव में कुल 1,349 उम्मीदवार मैदान में हैं। मतदान सुबह 8 बजे से शाम साढ़े 5 बजे तक होगा और मतगणना 7 दिसंबर को होगी। राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में मतदाताओं की कुल संख्या 1,45,05,358 है, जिसमें 78,93,418 पुरुष, 66,10,879 महिलाएं और 1,061 ट्रांसजेंडर हैं।
परिसीसन की कवायद और उत्तर, दक्षिण और पूर्वी दिल्ली नगर निगमों को मिलाकर एकीकृत एमसीडी बनाने के बाद यह पहला चुनाव है। एकीकृत एमसीडी 22 मई से अस्तित्व में आई है। एमसीडी को 1958 में स्थापित किया गया था। 2012 में तत्कालीन मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के कार्यकाल के दौरान इसे तीन हिस्सों- उत्तर, दक्षिण और पूर्वी दिल्ली नगर निगमों में बांट दिया गया था। हालांकि, इस साल फिर से तीनों को एकीकृत कर दिया गया।
ये भी पढ़ें : दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी का नाम वोटर लिस्ट से 'गायब', पत्नी ने किया मतदान
राज्य चुनाव आयोग के अधिकारियों ने कहा कि चुनाव अधिकारी और उसकी टीम रविवार को होने वाले इस मतदान के लिए पूरी तरह तैयार हैं और सुरक्षा बलों की तैनाती के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली में फरवरी 2020 में हुए दंगों के बाद नगर निगम का यह पहला चुनाव है और अधिकारियों की ओर साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, 493 स्थानों पर 3360 बूथ को संवेदनशील घोषित किया गया है।
40,000 पुलिसकर्मी, 20,000 होमगार्ड और अर्द्धसैनिक बलों की 108 कंपनी होंगी तैनात
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एमसीडी चुनाव सुगम तरीके से कराने के लिए करीब 40,000 पुलिसकर्मी, 20,000 होमगार्ड और अर्द्धसैनिक तथा राज्य सशस्त्र पुलिस बलों की 108 कंपनी को तैनात किया जाएगा। चुनाव अधिकारियों ने बताया कि 68 मतदान केंद्रों को मॉडल मतदान केंद्र बनाया गया है, जबकि 68 को 'पिंक' मतदान केंद्र बनाया गया है।
साल 2017 में हुए निकाय चुनाव में भाजपा ने कुल 270 वार्ड में से 181 में जीत हासिल की थी। प्रत्याशियों के निधन के कारण दो सीट पर मतदान नहीं हो सका था। 'आप' ने 48 और कांग्रेस ने 27 वार्ड में जीत दर्ज की थी। 2017 में 53 फीसदी मतदान हुआ था।
ये भी पढ़ें : 'MCD चुनाव में BJP समर्थक 450 लोगों के नाम वोटर लिस्ट से काटे गए'
दिल्ली में एमसीडी चुनावों की वोटिंग खत्म हो गई है। इसके साथ ही 1349 उम्मीदवारों की किस्मत EVM में कैद हो गई है। अब तक के आंकड़े बताते हैं कि मतदान की प्रक्रिया बेहद धीमी रही है। कुल कितनी फीसद वोटिंग हुई राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से इसकी आधिकारिक जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है। मतदान के फाइनल आंकड़ों का इंतजार है।
उत्तर-पूर्वी दिल्ली और कई अन्य क्षेत्रों में लोगों ने मतदाता सूची से नाम गायब होने की शिकायतें की। समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अनिल कुमार उन लोगों में शामिल थे, जिनका नाम सूची से गायब था। इसकी वजह से वह मतदान नहीं कर सके। भाजपा ने ऐसे मामलों की शिकायत राज्य निर्वाचन आयोग से की है।
दिल्ली में निकाय चुनावों के लिए मतदान समाप्त होने की ओर बढ़ रहा है। लेकिन अभी भी मतदान की रफ्तार सुस्त बनी हुई है। सभी 250 वार्डों में शाम 4 बजे तक लगभग 45% मतदान दर्ज किया गया है। दिल्ली में कम मतदान होना एकबार फिर चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि सभी दल अपनी अपनी जीत के दावे कर रहे हैं।
इस बीच केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने दावा किया कि MCD चुनाव, गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में तीनों जगह कमल खिलेगा। गुजरात और हिमाचल प्रदेश में भाजपा की फिर से सरकार बनेगी और MCD में भी भाजपा की सरकार बनेगी।
कटेवाड़ा गांव के लोगों ने एमसीडी चुनाव का बहिष्कार किया है। गांव के लोगों का कहना है कि गांव में सड़क और नालियों जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी है। मांग करने के बावजूद भी इसका निर्माण नहीं कराया गया। कटेवाड़ा के लोगों का कहना है कि जब तक अधिकारी हमारी शिकायत नहीं सुनेंगे, हम वोट नहीं देंगे।
राज्य चुनाव आयोग के अनुसार, दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनावों में दोपहर 2 बजे तक लगभग 30 फीसद मतदाताओं ने अपने वोट डाले हैं। इसे कमजोर मतदान के रूप में देखा जा रहा है। दोपहर 12 बजे तक 18 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। सुबह 10.30 बजे तक यह महज 9 प्रतिशत के आसपास रहा। मतदान सुबह आठ बजे से शुरू हुआ जो शाम साढ़े पांच बजे तक चलेगा।
जेल में बंद आम आदमी पार्टी (आप) के मंत्री सत्येंद्र जैन पर हमला बोलते हुए मीनाक्षी लेखी ने यह भी कहा कि आप मंत्रियों की गतिविधियां सबके सामने हैं। आप के मंत्री जेल के अंदर क्या कर रहे हैं। दिल्ली सरकार जो सुविधाएं दे रही है, वह सबके सामने है। इतना सब होने के बाद भी वह व्यक्ति मंत्री है। केजरीवाल को यह बताना चाहिए कि उनके कितने ईमानदार रिश्ते हैं।
केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने रविवार को एमसीडी चुनाव में साउथ एक्सटेंशन पार्ट-2 के एक पोलिंग बूथ पर वोट डाला। वोट डालने के बाद बातचीत में मीनाक्षी लेखी ने आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि खुद को ईमानदार कहने वाले लोगों को दिल्ली के वोटरों से करारा जवाब मिलेगा।
एमसीडी चुनाव में मतदान के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद गौतम गंभीर ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी ने पिछले 15 वर्षों में दिल्ली के लोगों के लिए सच्चाई से काम किया है, तभी वह नगर निगम की सत्ता में है। इसके साथ ही गंभीर ने एमसीडी द्वारा किए गए कार्यों का श्रेय लेने के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधा। गंभीर ने कहा कि हमारे पास टैक्सपेयर्स के हजारों करोड़ रुपये नहीं हैं, जो हम अपनी राजनीति चमकाने के लिए लगाएं, हमारे पास सच्चाई है। प्रधानमंत्री ने 3000 से ज्यादा जहां झुग्गी, वहीं मकान दे दिए अगर ये दिल्ली सरकार ने किया होता तो 3 लाख का प्रचार करते।
भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने पंजाबी बाग एक्सटेंशन में पिंक पोलिंग बूथ मतदान किया। उन्होंने कहा कि जैसे पूरा देश तरक्की कर रहा है वैसे ही दिल्ली भी तरक्की करे, इसके लिए लोगों को मतदान करने की जरूरत है। दिल्ली के लोगों को झूठ और फरेब से निजात चाहिए।
दिल्ली में जारी एमसीडी चुनाव के बीच विकासपुरी थाने में डीडी नंबर 38 A भाजपा प्रत्याशी सुनील जिंदल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है।
भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली सरकार के इशारे पर सुभाष मोहल्ला इलाके में करीब 450 लोगों के वोट काटे गए हैं। वह चुनाव आयोग से इसकी शिकायत करेंगे और मांग करेंगे कि जहां धांधली हुई है वहां दोबारा वोटिंग होनी चाहिए। इसकी जांच होनी चाहिए जो लोग 30 साल से लोग वोट दे रहे हैं कि उनके वोट काट दिए गए।
एमसीडी चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पूरे परिवार सहित सिविल लाइंस स्थित मतदान केंद्र पर जाकर वोट डाला। मतदान के बाद केजरीवाल ने कहा कि हम दिल्ली से बेहद प्यार करते हैं, दिल्ली की जनता से अपील है कि वे ज्यादा से ज्यादा संख्या में बाहर आकर मतदान करें। आप ऐसी पार्टी को वोट दें जो काम करती है, गुंडागर्दी और गाली-गलौज करने वालों को वोट ना दें। कट्टर ईमानदार पार्टी को वोट दें, भष्टाचारी को नहीं शरीफ को वोट दें। अगले 5 साल तक काम करके दिल्ली को चमकाना है। दिल्ली को चमकाने वालों को वोट दें। ऐसे लोगों को वोट दें जो काम करते हैं, जो दिल्ली के काम रोकते हैं उन्हें वोट ना दें।
केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता मीनाक्षी लेखी ने कहा कि हमें जनता पर पूरा भरोसा है, हमने क्षेत्र में जनता की सेवा की है। हर मुद्दे के ऊपर काम किया है। मैं केजरीवाल जी के बयान से सहमत हूं कि ईमानदार पार्टी को ही वोट करना चाहिए क्योंकि जिस प्रकार मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और अन्य मंत्री हैं उनका रिकॉर्ड तो जनता के सामने है।
राज्य चुनाव आयोग के अनुसार, दिल्ली में मतदान की गति धीमी देखी जा रही है। दिल्ली नगर निगम चुनाव में सुबह 10:30 बजे तक लगभग 9% मतदान दर्ज किया गया।
MCD चुनाव में वोट डालने के बाद भाजपा उम्मीदवार राज रानी ने कहा कि MCD के एकीकरण से रुके हुए विकास के कार्यों के लिए पूरा बजट मिलेगा। AAP के चुने हुए मंत्री जेल में हैं तो वे काम कैसे कर पाएंगे। जैसा उनका पहला नेतृत्व है, वैसा ही MCD में भी होगा। मुझे यकीन है कि यहां से मुझे 100% समर्थन है।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल एमसीडी चुनाव में मतदान करने के लिए सिविल लाइंस स्थित मतदान केंद्र पर पहुंचे हैं। उनके साथ उनके माता-पिता, पत्नी और दोनों बच्चे भी साथ वोट डालने आए हैं।
दिल्ली नगर निगम चुनाव 2022 के दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने आज अपने परिवार के साथ वेस्ट पटेल नगर में मतदान किया।
पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कृष्णा नगर के एक मतदान केंद्र पर अपनी पत्नी के साथ दिल्ली एमसीडी चुनाव 2022 के लिए अपना वोट डाला। डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि दिल्ली से बड़ी संख्या में लोग वोट डालेंगे। पीएम मोदी के नेतृत्व में बीजेपी ने देश को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है, मुझे उम्मीद है कि लोग उसी के अनुसार मतदान करेंगे। दिल्ली ने पिछले 15 वर्षों में भाजपा का काम देखा है।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी ने कहा कि मेरा नाम वोटर लिस्ट में नहीं है, मेरी पत्नी ने वोट डाला है। अभी तक ना मुझे लिस्ट के बारे में बताया जा रहा है ना मेरा नाम दिख रहा है, मैं अभी औपचारिक जानकारी का इंतजार कर रहा हूं।
कांग्रेस नेता अलका लांबा ने एमसीडी चुनाव के लिए रघुबीर नगर के एक पोलिंग बूथ पर वोट डाला। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि मैं लोगों से अपने घरों से बाहर निकलने और मतदान करने की अपील करती हूं। लोगों को बदलाव के लिए मतदान करना चाहिए।
शाहदरा पंचशील पार्क मतदान केंद्र पर वोट डालकर आईं एक वोटर साधना पराशर ने कहा कि वह चाहती हैं कि दिल्ली साफ-सुंदर बने। इसी बात को ध्यान में रखकर मैंने आज मतदान किया है।
भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा और उनकी पत्नी ने मटियाला गांव के एक मतदान केंद्र पर एमसीडी चुनाव 2022 के लिए वोट डाला। प्रवेश वर्मा ने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) गोवा, उत्तराखंड और यूपी में सरकार बनाने का दावा कर रही थी, लेकिन लोग जानते हैं कि उन्हें झूठ बोलने की आदत है। COVID के दौरान, AAP का कोई भी व्यक्ति लोगों के लिए काम करते नहीं देखा गया। लोगों के साथ केवल एमसीडी के कार्यकर्ता ही खड़े थे। एमसीडी चुनाव में हमें 250 में से करीब 210 सीटें मिल रही हैं।
दिल्ली के मटियाला गांव के एक मतदान केंद्र पर पहली बार मतदान करने वाली एक छात्रा सोनम ने कहा कि मैं आज पहली बार मतदान करने आई हूं, इसे लेकर मैं उत्साहित हूं। जितना जरूरी इस देश में रहना है उतना ही जरूरी हमें देश को और बेहतर करने की दिशा में मतदान करना है। मेरे लिए महिला सुरक्षा, सफाई, सड़कें बनवाना यह प्राथमिकता है। सभी लोगों को बाहर आना चाहिए और मतदान करना चाहिए और अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को ट्वीट कर कहा कि साफ-स्वच्छ और सुंदर दिल्ली बनाने के लिए आज मतदान है, नगर निगम में एक भ्रष्टाचार मुक्त सरकार बनाने के लिए मतदान है। सभी दिल्लीवासियों से मेरी अपील- दिल्ली नगर निगम में एक ईमानदार और काम करने वाली सरकार बनाने के लिए आज अपना वोट डालने जरूर जाएं।
दिल्ली उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली के 1.5 करोड़ मतदाता आज निगम के लिए अपनी सरकार चुनेंगे। MCD का काम है दिल्ली का कूड़ा साफ करना, व्यापारियों को ईमानदारी से लाइसेंस देना, गलियां बनवाना, पार्कों की सफाई करवाना है। आप अपना वोट यह सोच कर दें कि आप वोट दिल्ली को साफ, स्वच्छ रखने के लिए दे रहे हैं।
कांग्रेस नेता अजय माकन दिल्ली एमसीडी चुनाव के लिए अपना वोट डालने के लिए राजौरी गार्डन के एक मतदान केंद्र पर पहुंचे। वोट डालने के बाद माकन ने सभी लोगों से अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने की अपील की है। माकन ने कहा कि ये चुनाव गलियों, कूड़े, नालियों और साफ-सफाई का चुनाव है, मुझे लगता है कि कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी सबसे बेहतरीन हैं। पिछली बार हमे 24% वोट मिले थे और हमने 31 सीटें जीती थीं। 2019 में भी हमें 22-23% वोट मिले थे।
दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए रविवार को हो रहे मतदान के लिए सुबह से ही अधिकतर सभी मतदान केंद्र के बाहर मतदाताओं की भारी भीड़ देखी जा रही है।
दिल्ली में एमसीडी चुनाव के लिए मतदान 8 बजे से शुरू होगा। मतदान से पहले मॉक पोलिंग की गई। तस्वीरें मटियाला गांव मतदान केंद्र की है।
एमसीडी चुनाव के लिए मतदान केंद्र पर सभी महिला कर्मचारियों सहित सुविधाओं के साथ 68 पिंक बूथ भी बनाए गए हैं। स्तनपान कराने वाली माताओं के लिए एक भोजन कक्ष, मतदाताओं के साथ छोटे बच्चों के लिए एक क्रेच सुविधा, बच्चों के लिए झूले, सेल्फी बूथ बनाए गए हैं।
एमसीडी चुनाव में इस बार दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों की मदद के लिए वेटिंग एरिया, मतदाताओं को कैंडी और टॉफी का वितरण, एक सेल्फी बूथ और सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स सहित सुविधाओं के साथ 68 आदर्श मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं।