60 kmph की स्पीड से चलेंगी हवाएं, दिल्ली में आज फिर आंधी-बारिश से बिगड़ेगा मौसम

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

Delhi Weather News : दिल्ली और आसपास के इलाकों में सोमवार को एक बार फिर मौसम बिगड़ सकता है। मौसम विभाग ने दिन में गरज-चमक के साथ आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना जताई है। अधिकतम तापमान करीब 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।

60 kmph की स्पीड से चलेंगी हवाएं, दिल्ली में आज फिर आंधी-बारिश से बिगड़ेगा मौसम

दिल्ली-एनसीआर को पश्चिमी विक्षोभ के असर से मिली राहत अब खत्म होती दिख रही है। अगले कुछ दिनों में पारा 40 डिग्री के पास जाने के आसार हैं। मौसम विभाग ने सोमवार को दोपहर बाद या शाम के समय तेज धूल भरी आंधी और बूंदाबांदी होने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार, तेज धूप के चलते अगले दो दिन में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है। वहीं, सप्ताह भर में पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक भी पहुंच सकता है।

येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार को शाम के समय तेज धूल भरी आंधी और हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने आज के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। सोमवार को अधिकतम तापमान 38 से40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

आज आंधी-बारिश के आसार, आगे चढ़ेगा पारा

बता दें कि, भीषण गर्मी से बेहाल दिल्लीवाले पिछले कुछ दिन से पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते थोड़ी राहत महसूस कर रहे हैं, लेकिन अब फिर से पारा चढ़ने वाला है। रविवार को भी दिल्ली के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में एक दिन पहले की तुलना में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। पिछले दिनों पश्चिमी विक्षोभ के चलते दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में तेज धूल भरी आंधी और हल्की बारिश हुई थी। इसके चलते वायु मंडल में अभी भी काफी हद तक नमी बनी हुई है। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम है। शनिवार की तुलना में अधिकतम तापमान में 2.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है।

सप्ताह के अंत तक 44 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान

दिल्ली में एक बार फिर से झुलसाने वाली गर्मी का दौर शुरू हो सकता है। अनुमान है कि अब दिल्ली में सुबह से ही धूप निकलेगी और दस बजे के बाद से ही यह और कड़ी हो जाएगी। हवा की दिशा भी अब मुख्य तौर पर पश्चिमी या उत्तरी पश्चिमी रहने के आसार हैं। गर्म हवाओं के चलते तापमान में इजाफा होगा। शनिवार तक दिल्ली का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक भी पहुंच सकता है। इस बीच मौसम के कारकों के चलते दिल्ली की हवा साफ बनी हुई है। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, रविवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 151 के अंक पर रहा।

सीपीसीबी के अनुसार, एक्यूआई को शून्य से 50 के बीच 'अच्छा', 51 से 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच 'मध्यम', 201 से 300 के बीच 'खराब', 301 से 400 के बीच 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच 'गंभीर' माना जाता है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।