
Delhi Fog Alert : दिल्लीवालों को फिर सताएगा घना कोहरा, IMD ने जारी किया 2 दिन का येलो अलर्ट
Delhi Weather Forecast: राजधानी दिल्ली में अगले दो दिनों में सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा छाने की संभावना है। मौसम विभाग की ओर से इसको लेकर दो दिन का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
Delhi Weather Forecast : राजधानी दिल्ली में अगले दो दिनों में सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा छाने की संभावना है। मौसम विभाग की ओर से इसको लेकर दो दिन का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में शुक्रवार सुबह हल्की धुंध देखने को मिली। दिन चढ़ने के साथ ही धुंध साफ हो गई और धूप निकल आई। सफदरजंग में अधिकतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। आर्द्रता का स्तर 47 से 100 फीसदी तक रहा।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों में सुबह के समय राजधानी दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में हल्का और कहीं-कहीं घना कोहरा देखने को मिल सकता है।
दो दिन राहत के बाद फिर दमघोंटू हुई हवा
वहीं, दो दिन की हल्की राहत के बाद राजधानी दिल्ली की हवा में एक बार फिर से प्रदूषण का स्तर बढ़ने लगा है। शुक्रवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 300 से ऊपर यानी बहुत खराब श्रेणी में पहुंच गया। महज बीते 24 घंटे में वायु गुणवत्ता सूचकांक में 98 अंकों की बढ़ोतरी हुई है। चिंता की बात यह है कि दिल्ली के आनंद विहार और बवाना जैसे निगरानी केन्द्रों का सूचकांक शुक्रवार की शाम 400 से ऊपर यानी गंभीर श्रेणी में रहा। वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली का अनुमान है कि अगले दो दिनों के बीच दिल्ली की वायु गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में ही रहेगी।
दिल्ली के लोगों को इस बार जाड़े में सामान्य से ज्यादा प्रदूषण का सामना करना पड़ रहा है। हवा की गति एकदम मंद पड़ने के चलते बीते मंगलवार को प्रदूषण के स्तर में तेजी से बढ़ोतरी हुई थी और वायु गुणवत्ता सूचकांक 412 के अंक पर यानी गंभीर श्रेणी में पहुंच गया था। लेकिन, बाद में मौसम में हल्का बदलाव हुआ और बुधवार और गुरुवार को सूचकांक 300 से नीचे यानी खराब श्रेणी में रहा। लेकिन, एक बार फिर से प्रदूषण का स्तर बढ़ने लगा है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक शुक्रवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 332 के अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को बहुत खराब श्रेणी में रखा जाता है। एक दिन पहले गुरुवार को यह सूचकांक 234 के अंक पर रहा था। दिल्ली के ज्यादातर इलाकों का सूचकांक बहुत खराब श्रेणी में है, जबकि दो इलाकों का सूचकांक 400 से ऊपर यानी गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया।

मानकों से तीन गुना ज्यादा : दिल्ली की हवा में इस समय मानकों से तीन गुना ज्यादा प्रदूषण मौजूद है। मानकों के मुताबिक हवा में पीएम 10 का स्तर 100 से और पीएम 2.5 का स्तर 60 से कम होने पर ही उसे स्वास्थ्यकारी माना जाता है। शुक्रवार शाम तीन बजे दिल्ली-एनसीआर की हवा में पीएम 10 का औसत स्तर 311.6 और पीएम 2.5 का औसत स्तर 191 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर पर रहा। यानी हवा में मानकों से तीन गुने से ज्यादा प्रदूषक कण मौजूद हैं।
अभी राहत के आसार नहीं
दिल्ली की हवा में मौजूद प्रदूषण अभी पूरी तरह से साफ नहीं होने वाले। वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली का अनुमान है कि अगले दो दिनों के बीच हवा की गति आमतौर पर दस किलोमीटर प्रति घंटे से कम रहेगी। इसके चलते प्रदूषक कणों का विसर्जन भी धीमा होगा। हवा में प्रदूषण का स्तर लगातार बना रहेगा। अगले दो दिनों के बीच वायु गुणवत्ता का स्तर बहुत खराब श्रेणी में ही रहने का अनुमान है।





