दिल्ली में रात को आंधी-बारिश का अलर्ट, कल से बढ़ेगी तपिश; आगे कब-कब होगी बारिश?
दिल्ली-NCR में मॉनसून से पहले की बारिश और आंधी का दौर शुरू हो गया है, जिससे मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग ने रात में तेज हवाओं, गरज-चमक और हल्की बारिश की चेतावनी जारी की है।

Delhi Weather Forecast: उत्तर भारत में मॉनसून से पहले वाली बारिश और आंधी का दौर शुरू हो गया है। बीते कुछ दिनों से दिल्ली-NCR में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मौसम विभाग ने रात के समय गरज चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान हवा की स्पीड 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है। आंधी के दौरान हवा की स्पीड 60 किलोमीटर प्रति घंटा जा सकती है।
मौसम विभाग ने कल रविवार से दिल्ली के साथ ही एनसीआर में मौसम के एकबार फिर गर्म होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-NCR में रविवार को छिटपुट हल्के बादल दिख सकते हैं लेकिन तेज धूप से मौसम गर्म रहने का अनुमान है। दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है। दिल्ली एनसीआर में 8 जून को मौसम के और भी गर्म होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में उमस भरी गर्मी पड़ने की संभावना जताई है। इस दिन दिल्ली में अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है। मौसम विभाग ने दिल्ली एनसीआर में 9 और 10 जून को आसमान साफ रहने और दिन के समय तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। दोनों ही दिन दोपहर के वक्त में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा तक की स्पीड से हवाएं चलने की संभावना है।
42 डिग्री तक जाएगा तापमान
मौसम विभाग ने 9, 10 और 11 जून को दिल्ली में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किए जाने की संभावना है।
11 से बदलेगा मौसम, आंधी बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, 11 जून से मौसम एकबार फिर करवट लेगा। दिल्ली-एनसीआर में 11 जून को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और अचानक आंधी के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। आंधी के दौरान हवा की स्पीड 40 से 50 किलोमीटर/घंटा रहेगी। झोंकों के साथ यह 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
12 जून को आंधी और बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने 12 जून को भी आंधी और बारिश वाला मौसम देखे जाने की संभावना जताई है। इस दिन आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। साथ ही तेज आंधी के साथ हल्की बारिश देखी जा सकती है। हवा की स्पीड 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। लगातार दो दिनों यानी 11 और 12 जून को आंधी और बारिश के कारण तापमान में थोड़ी कमी आएगी। 12 जून को दिल्ली में अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस तक देखा जा सकता है।


