दिल्ली की मंडोली जेल में कैदी की संदिग्ध हालत में मौत, जज से की थी जेल में उगाही की शिकायत
मृतक 66 वर्षीय राजेंद्र कुमार जैन दिल्ली के कन्हैया नगर में परिवार के साथ रहते थे और हार्डवेयर के कारोबार से जुड़े थे। राजेंद्र करीब 7 महीने से जेल में बंद थे। शुक्रवार को उनकी कोर्ट में पेशी होनी थी, लेकिन उससे ठीक एक दिन पहले उनकी संदिग्ध हालात में मौत हो गई।

दिल्ली की मंडोली जेल में एक विचाराधीन कैदी की गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान शकरपुर निवासी 66 वर्षीय राजेंद्र कुमार जैन के रूप में हुई है। राजेंद्र करीब 7 महीने से जेल में बंद थे। परिजनों ने जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे हत्या बताया है।
आरोप है कि धमकी देने के साथ जेल में उनसे 50 हजार रुपये की उगाही की कोशिश की गई थी। इस बारे में राजेंद्र ने अदालत में लिखित शिकायत देते हुए जज को भी अवगत कराया था।
ठगी के मामले में सात माह से बंद था
जानकारी के अनुसार, राजेंद्र कुमार जैन कन्हैया नगर में परिवार के साथ रहते थे और हार्डवेयर के कारोबार से जुड़े थे। परिवार मूल रूप से शकरपुर निवासी है। मृतक के बेटे रोहन ने बताया कि उनके पिता के खिलाफ शकरपुर थाने में ठगी का एक मामला दर्ज था।इसी मामले में अंडर ट्रायल थे। शुक्रवार को उनकी कड़कड़डूमा कोर्ट में पेशी होनी थी, लेकिन उससे ठीक एक दिन पहले उनकी संदिग्ध हालात में मौत हो गई।
ऑनलाइन मांगे थे 50 हजार रुपये
परिजनों ने आरोप लगाया कि जेल में राजेंद्र जैन से 50 हजार रुपये की मांग की गई थी। रकम भेजने के लिए एक पेटीएम नंबर भी दिया गया था। जब उनके पिता ने कोर्ट में पेशी के दौरान जज से इस उगाही की शिकायत की तो उसके बाद से ही जेल प्रशासन उन्हें लगातार परेशान कर रहा था। रोहन ने बताया कि गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे उनकी पिता से फोन पर बात हो रही थी। इसी दौरान अचानक पिता की आवाज आनी बंद हो गई। उस वक्त उन्हें बताया गया कि पिता को चक्कर आ गया है। इसके बाद शाम करीब 6 बजे पुलिस ने सूचना दी कि राजेंद्र कुमार जैन की मौत हो गई है।
मेडिकल बोर्ड करेगा शव का पोस्टमॉर्टम
शव को शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम के लिए पहले जीटीबी अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन मौत की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए परिजनों ने विरोध किया। सूत्रों के मुताबिक, परिजनों के भारी विरोध और हत्या के आरोपों को देखते हुए अब शव का पोस्टमॉर्टम एम्स में एक मेडिकल बोर्ड की निगरानी में किया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की सभी एंगल से जांच कर रही है। इससे पहले भी जेल के अंदर कैदियों पर उगाही को लेकर चाकू से हमले इत्यादि के आरोप लग चुके हैं। हर्ष विहार पुलिस केस दर्ज करके मामले की जांच कर रही है।
जेल में कैदियों पर हमले
● एक मार्च, 2026 : मंडोली जेल में विचाराधीन कैदी अमजद उर्फ राकल की नुकीले हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। परिजनों ने जेल में बंद जाकिर नामक कैदी पर हत्या का आरोप लगाया था।
● 10 अप्रैल, 2026 : मंडोली जेल की जेल संख्या-13 में बंद 22 वर्षीय विचाराधीन कैदी अमन पर उसकी बैरक में रहने वाले तीन कैदियों ने नुकीले हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
● 07 मई, 2026 : मंडोली जेल में 40 वर्षीय विचाराधीन कैदी जावेद उर्फ टोनी पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि उससे 10 से 15 हजार रुपये की उगाही की मांग की जा रही थी।


