
बीड़ी मांगने पर ऐसा झगड़ा की पीट-पीटकर मार डाला, दिल्ली में शख्स की बेरमही से हत्या
पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर इलाके में मंगलवार देर रात मामूली विवाद में एक युवक की डंडे से पीट पीट कर हत्या कर दी गई। विवाद बीड़ी मांगने को लेकर शुरू हुआ था और इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने युवक पर डंडों से ताबड़तोड़ वार कर दिया।
पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर इलाके में मंगलवार देर रात मामूली विवाद में एक युवक की डंडे से पीट पीट कर हत्या कर दी गई। विवाद बीड़ी मांगने को लेकर शुरू हुआ था और इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने युवक पर डंडों से ताबड़तोड़ वार कर दिया। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचकर उसे अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय पुलिस, क्राइम और एफएसएल की टीमों के साथ मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच के बाद आरोपी 32 साल के मनोज को गिरफ्तार कर लिया। वह इलाके में ही सैलून चलाता है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि मंगलवार रात दीपक उससे बीड़ी की मांग कर रहा था। उसने मना किया तो दीपक उससे झगड़ा करने लगा।
इस बात गुस्से में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी जमकर पिटाई कर दी। दीपक के छोटे भाई कुणाल और सूरज ने आरोप लगाया है कि मनोज, रवि और एक अन्य ने मिलकर उनके भाइयों हत्या कर दी। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। बुधवार को दीपक का शव पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त अभिषेक धानिया ने बताया कि दीपक कुमार अपने परिवार के साथ पंडित राम प्रसाद बिस्मिल कैंप, मेन रोड, शशि गार्डन में रहता था। दीपक पूर्वी दिल्ली में एक ढाबे पर तंदूर में रोटी लगाने का काम करता था। परिवार में मां और एक बहन के अलावा चार भाई हैं। मंगलवार रात को वह अपने घर के पास मौजूद था। इसी दौरान उसका आरोपियों से बीड़ी को लेकर झगड़ा हुआ और आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। मंगलवार देर रात करीब 1.24 बजे पुलिस को पीसीआर कॉल मिली। एलबीएस अस्पताल पहुंचने पर उसकी मौत होने का पता चला। पुलिस ने भाइयों के बयान पर मामला दर्ज कर एक आरोपी को दबोच लिया। बाकी की तलाश की जा रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मृतक दीपक के दो भाई पहले से जेल में हैं।





