
दिल्ली में कुत्तों से बचने को बढ़ाई बाइक की रफ्तार, हादसे में एक युवक माैत, दूसरे की हालत गंभीर
दिल्ली के कालिंदी कुंज इलाके में आवारा कुत्तों के एक झुंड ने बाइक सवार दो युवकों पर हमला कर दिया। कुत्तों से बचने के लिए बाइक सवार युवक ने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी, जिसके चलते हुए हादसे में बाइक चला रहे युवक की माैत हो गई, वहीं उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया।
दिल्ली के कालिंदी कुंज इलाके में शनिवार देर रात आवारा कुत्तों के एक झुंड ने बाइक सवार दो युवकों पर हमला कर दिया। कुत्तों से बचने के लिए बाइक सवार युवक ने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी, जिसके चलते हुए हादसे में बाइक चला रहे युवक की माैत हो गई, वहीं उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पहुंची कालिंदी कुंज थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घायल के बयान पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि 29 वर्षीय तुषार कुमार उर्फ एटीएस अपने परिवार के साथ मदनपुर खादर इलाके में रहता था। घायल 29 वर्षीय सुधाकर सिंह भी अपने परिवार के साथ मदनपुर खादर इलाके में रहता है। पुलिस को दिए बयान में सुधाकर सिंह ने बताया कि 10 जनवरी की रात करीब 10:30 बजे वह अपना मेडिकल स्टोर बंद कर बाहर निकला था, तभी उसकी मुलाकात दोस्त तुषार से हुई। सुधाकर ने तुषार को बताया कि उनके मामा का लड़का घर से झगड़ा करके कही चला गया है। युवक को ढूंढने के लिए दोनों बाइक से निकले। सुधाकर ने बताया कि इस दाैरान वहां अचानक 4-5 कुत्ते उनकी ओर दौड़े, जिससे घबराकर तुषार ने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी। इससे हादसा हो गया।
कुत्तों को खाना खिलाने के लिए 735 स्थान चिह्नित
दिल्ली नगर निगम ने लावारिस कुत्तों की समस्याओं के संबंध में योजना तैयार की है। इसके तहत निगम ने 735 डॉग फीडिंग प्वाइंट की पहचान की है। इन निर्धारित स्थानों पर लावारिस कुत्तों को लोग खाना खिला सकेंगे।
इसके लिए निगम पशु कल्याण संगठनों व पशु प्रेमियों के साथ मिलकर कार्य कर रहा है। इस संबंध में निगम की स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के दिशानिर्देशों के तहत दिल्ली में लावारिस कुत्तों की समस्याएं और इनके काटने के मामलों को नियंत्रित करने के लिए निगम प्रशासन प्रयास कर रहा है। निगम ने सभी जोन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ 735 प्वाइंट तय किए हैं। निगम ने बताया कि कुत्तों के लिए फीडिंग प्वाइंट एक हजार करने की योजना है।





