दिल्ली के घर में गीजर फटने से लगी भीषण आग; बाथरूम में बेहोश मिले पति-पत्नी, एक की मौत
दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन इलाके में शनिवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। यहां अलवी चौक स्थित एक मकान के बाथरूम में इलेक्ट्रिक गीजर फटने से घर में भीषण आग लग गई। इस घटना में घर के मालिक की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

राजधानी दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन इलाके में शनिवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। यहां अलवी चौक स्थित एक मकान के बाथरूम में इलेक्ट्रिक गीजर फटने से घर में भीषण आग लग गई। इस घटना में घर के मालिक की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
क्या हुआ था?
पुलिस ने बताया कि शनिवार शाम करीब 5 बजे पीसीआर कॉल के जरिये पुलिस को सूचना मिली कि मकान नंबर 134–135, अलवी चौक, बस्ती हजरत निजामुद्दीन में आग लग गई है। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची तो पाया कि घर अंदर से बंद था। घर के अंदर गीजर में धमाके के बाद आग लगी थी, जिससे पूरे घर में घना धुआं भर गया था।
दरवाजा तोड़कर किया रेस्क्यू
पुलिसकर्मी तुरंत दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुए और सभी परिवारवालों को बाहर निकाला। घटना के वक्त बाथरूम में मौजूद घर के मालिक मोहम्मद सैयद निजामी (50 वर्ष) और उनकी पत्नी फिदा निजामी (45 वर्ष) धुएं की वजह से बेहोश मिले। दोनों को एंबुलेंस से मूलचंद अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मोहम्मद सैयद निजामी को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनकी पत्नी होश में हैं और उनका इलाज जारी है।
रेस्क्यू ऑपरेशन में मौके पर 02 फायर टेंडर, 02 एम्बुलेंस और 03 PCR वैन तैनात की गईं। दमकल कर्मियों द्वारा आग पूरी तरह बुझाकर स्थिति को नियंत्रण में लाया गया। पुलिस द्वारा इस मामले में कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।



