
सेंट्रल विस्टा में शिफ्ट होंगे पांच और मंत्रालय, जानिए कहां किसका होगा नया दफ्तर
केंद्र सरकार ने सेंट्रल विस्टा मेगा प्लान के तहत राजधानी दिल्ली के लुटियंस जोन में स्थित पांच बड़े मंत्रालयों को नेताजी नगर और कर्तव्य पथ के नए और आधुनिक दफ्तरों में शिफ्ट करने का ऐलान किया है।
राजधानी दिल्ली के लुटियंस जोन में अब पुरानी इमारतों को अलविदा कहने का सिलसिला तेज हो गया है। केंद्र सरकार ने बुधवार को बड़ा ऐलान किया। अब पांच बड़े मंत्रालय अब चमचमाते नए दफ्तरों में शिफ्ट होने वाले हैं। ये पांचों मंत्रालय अब नेताजी नगर और कर्तव्य पथ की नई-नकोर इमारतों में बसने वाले हैं। ये सब सेंट्रल विस्टा के मेगा प्लान का हिस्सा है, जिसमें पुराना सेंट्रल सेक्रेटेरिएट एकदम मॉडर्न लुक ले रहा है।
कौन-कौन से मंत्रालय जा रहे नए ठिकाने?
- युवा मामले एवं खेल मंत्रालय
- सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
- महिला एवं बाल विकास मंत्रालय
- जनजातीय मामले मंत्रालय
- कॉर्पोरेट अफेयर्स मंत्रालय
क्या होगा नया पता है?
युवा मामले एवं खेल मंत्रालय, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय तथा महिला एवं बाल विकास मंत्रालय अब नेताजी नगर के नए जीपीओए ब्लॉक-3 में जाएंगे। ये तीनों मंत्रालय अभी शास्त्री भवन और संकल्प भवन में हैं। नए भवन में खेल मंत्रालय को छठी से आठवीं मंजिल तक का हिस्सा मिलेगा, जबकि सामाजिक न्याय मंत्रालय सातवीं और आठवीं मंजिल पर और महिला एवं बाल विकास मंत्रालय छठी और सातवीं मंजिल पर काम करेगा। पार्किंग की व्यवस्था अलग से तय की जाएगी।
दूसरी ओर जनजातीय मामले मंत्रालय और कॉर्पोरेट अफेयर्स मंत्रालय कर्तव्य भवन-01 में शिफ्ट होंगे। दोनों मंत्रालय अभी शास्त्री भवन और निर्माण भवन में स्थित हैं। नए भवन की तीसरी मंजिल पर दोनों को अच्छा-खासा स्पेस और वर्क हॉल मिलेगा।
सरकार ने सभी मंत्रालयों को निर्देश दिया है कि वे जल्द से जल्द नोडल अधिकारी नियुक्त करें। इन अधिकारियों का काम स्टाफ, फर्नीचर, फाइलें और आईटी सिस्टम को सुचारु रूप से नए दफ्तर तक पहुंचाना रहेगा। इससे पूरा शिफ्टिंग प्रोसेस बिना किसी रुकावट के पूरा हो सकेगा। सेंट्रल विस्टा के इस कदम से दिल्ली का पावर कॉरिडोर अब और आधुनिक और व्यवस्थित रूप लेने लगा है।





