दिल्ली के लाडो सराय में पेट्रोल पंप पर देर रात मचा गदर, 3 दोस्तों को 40-45 बार चाकुओं से गोदा

May 03, 2026 11:06 am ISTPraveen Sharma हिन्दुस्तान, नई दिल्ली, राजन शर्मा
share

दिल्ली के लाडो सराय के पेट्रोल पम्प पर शनिवार देर रात को बाइक में पेट्रोल भरवाने आए तीन दोस्तों पर 10-15 लोगों ने अचानक से चाकुओं से हमला बोल दिया। हमलावरों द्वारा तीनों दोस्तों पर करीब 40 से 45 बार चाकुओं से वार किए गए। 

दिल्ली के लाडो सराय में पेट्रोल पंप पर देर रात मचा गदर, 3 दोस्तों को 40-45 बार चाकुओं से गोदा

दक्षिणी दिल्ली के साकेत थाना क्षेत्र के लाडो सराय स्थित पेट्रोल पम्प पर शनिवार रात को बाइक में पेट्रोल भरवाने आए तीन दोस्तों पर 10-15 लोगों ने अचानक से चाकुओं से हमला बोल दिया। हमलावरों द्वारा तीनों दोस्तों पर करीब 40 से 45 बार चाकुओं से वार किए गए। इस हमले 24 साल के एक लड़के की मौत मौके पर ही हो गई। मृतक की पहचान अली अमन के रूप में हुई है। उसके शरीर पर 20 बार चाकुओं से हमला किया गया था।

हमले में घायल 23 साल का दूसरा युवक सुफियान आईसीयू में भर्ती है। उस पर 8 बार चाकुओं से हमला हुआ है। वहीं तीसरे युवक ऋतिक की हालत भी नाजुक बनी हुई है। उसके ऊपर 12 से 15 बार चाकूओं से हमला किया गया है। दोनों को सफदरजंग अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।

देर रात लगभग 11 बजे की घटना

जानकारी के मुताबिक, यह घटना शनिवार देर रात लगभग 11 बजे की है। उस समय पेट्रोल पम्प पर अच्छी खासी भीड़भाड़ थी, लेकिन किसी ने तीनों दोस्तों को हमलावरों से बचाने की कोशिश नहीं की। सभी हमलावर हमला कर मौके से फरार हो गए।

दो बहनों का इकलौता भाई था अली अमन

बताया जा रहा है कि मृतक और घायल लड़के तीनों गहरे दोस्त थे। तीनो ऑटो चलाया करते थे। मृतक अली अमन के दो बहनों का इकलौता भाई था। अली की बहन की जल्द ही शादी होने वाली थी। उसके रिश्तेदार ने बताया कि अली अमन बहुत ही सीधा सादा लड़का था। अली अमन की गली में रहने वाले आवारा किस्म के कुछ युवक उसे अपने साथ रहने के लिए बोलते थे, लेकिन वह उनके साथ रहने से मना करता था। शायद इन्हीं लोगों ने इन तीनों दोस्तों पर हमला किया है।

पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरों का DVR साथ ले गई पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची साकेत थाना पुलिस मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर दोनों घायल दोस्तों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।पुलिस पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है। इसके साथ ही पेट्रोल पंप स्टाफ से पूछताछ कर रही है। पुलिस द्वारा घटना में शामिल अपराधियों की धरपकड़ की कोशिश की जा रही है। पुलिस जांच के लिए पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों का DVR अपने साथ ले गई है। पुलिस आपसी रंजिश के एंगल से भी इस मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि हमलावरों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।