बेटी की 18 से पहले शादी तो नहीं मिलेगी राशि, दिल्ली की लाडली योजना में बड़ा बदलाव

Feb 11, 2026 05:57 am ISTAnubhav Shakya हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लाडली योजना के विस्तार की घोषणा की है, जिसके तहत 12वीं और स्नातक स्तर पर 20,000 रुपये की अतिरिक्त सहायता दी जाएगी। दिल्ली में भाजपा सरकार के एक साल पूरे होने पर 19 फरवरी को इंदिरा गांधी स्टेडियम में भव्य कार्यक्रम होगा।

बेटी की 18 से पहले शादी तो नहीं मिलेगी राशि, दिल्ली की लाडली योजना में बड़ा बदलाव

मुख्यमंत्री ने कहा है कि लाडली योजना में सरकार 36 हजार रुपये जमा कराती थी, लेकिन अब 12वीं पास होने और ग्रेजुएट होने के दौरान 20 हजार रुपये और जमा कराएगी। अगर 18 साल से पहले बेटी की शादी हो जाती है तो यह राशि नहीं मिलेगी।

सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि लाडली योजना में 160 करोड़ का खर्च आएगा। इसके फंड की व्यवस्था सरकार करेगी। परिपक्वता राशि तब प्राप्त की जा सकेगी जब लाभार्थी ने या तो कक्षा 12 उत्तीर्ण कर 18 वर्ष की आयु प्राप्त कर ली हो, अथवा स्नातक/डिप्लोमा पूर्ण कर 21 वर्ष की आयु प्राप्त कर ली हो।

इन्हें मिलेगा योजना का लाभ

  • जिस लड़की का परिवार कम से कम तीन वर्ष से दिल्ली में रहता हो।
  • परिवार की आर्थिक आय 1.20 लाख रुपये से ज्यादा न हो।
  • यह लाभ परिवार की अधिकतम दो जीवित बालिकाओं को मिलेगा।
  • लड़कियों का पंजीकरण जन्म के एक वर्ष के भीतर या बाद में कक्षा 1, 6, 9, 11 में प्रवेश के समय अथवा मान्यता प्राप्त स्नातक या डिप्लोमा पाठ्यक्रम में प्रवेश पर कराया जा सकता है।

सरकार की सालगिरह पर होगा बड़ा आयोजन

दिल्ली में भाजपा सरकार के एक वर्ष पूरा होने पर बड़ा आयोजन किया जाएगा। 19 फरवरी को इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कार्यक्रम में शामिल होंगे। इससे पहले सप्ताह भर भाजपा सरकार नई-नई घोषणाओं से एक वर्ष का जश्न मनाएगी। 19 फरवरी के कार्यक्रम के लिए सरकार और संगठन स्तर पर तैयारी तेज हो गई हैं। करीब 27 वर्ष बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी करने वाली भाजपा सरकार का एक वर्ष पूरा होने पर भव्य आयोजन की तैयारी में है। आने वाले सप्ताह में कई घोषणाएं की जाएंगी।

चरणों में जमा होगी सहायता राशि

योजना के ढांचे के अनुसार सरकार महत्वपूर्ण चरणों पर सहायता राशि जमा करेगी।

  • बालिका के जन्म पर 11,000 रुपये
  • कक्षा 1 में प्रवेश पर 5,000 रुपये
  • कक्षा 6 में प्रवेश पर 5,000 रुपये
  • कक्षा 9 में प्रवेश पर 5,000 रुपये
  • कक्षा 10 उत्तीर्ण करने पर 5,000 रुपये
  • कक्षा 12 में प्रवेश पर 5,000 रुपये

Anubhav Shakya

लेखक के बारे में

Anubhav Shakya
भारतीय जनसंचार संस्थान नई दिल्ली से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद जी न्यूज से करियर की शुरुआत की। इसके बाद नवभारत टाइम्स में काम किया। फिलहाल लाइव हिंदुस्तान में बतौर सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। किताबों की दुनिया में खोए रहने में मजा आता है। जनसरोकार, सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों में गहरी दिलचस्पी है। एनालिसिस और रिसर्च बेस्ड स्टोरी खूबी है। और पढ़ें