दिल्ली में बारिश ने वातावरण में घोली ठंडक, शनिवार को भी जारी रहेगा बारिश का दौर; अगले तीन दिन गर्मी से रहेगी राहत
शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री ज्यादा रहा।

दिल्ली के कई इलाकों में शुक्रवार को तेज हवाओं के साथ हुई बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और हवा में काफी ठंडक घुल गई। बारिश की वजह से ना केवल तापमान में गिरावट दर्ज की गई, बल्कि गर्मी से लोगों को राहत भी मिली। इस दौरान दिन में सेंट्रल दिल्ली समेत शहर के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई और शाम को भी कई इलाकों में पानी गिरा। मौसम विभाग ने शनिवार को भी दिल्ली में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान लगाया है, जिसमें कई जगहों पर हल्की से मध्यम और कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। साथ ही बारिश का यह दौर 14 सितंबर यानी सोमवार तक जारी रहने की उम्मीद जताई है।
मौसम विभाग ने शनिवार को शहर के लगभग सभी हिस्सों में बादल छाए रहने का अनुमान लगाया है, साथ ही सुबह से दोपहर तक कई जगहों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश के साथ-साथ गरज-चमक होने और बिजली कड़कने की संभावना भी जताई है। इसके अलावा विभाग ने कुछ जगहों पर मध्यम बारिश होने का अनुमान भी लगाया है। साथ ही दोपहर से शाम के बीच एक बार फिर बहुत हल्की से हल्की बारिश भी होने की बात कही है। इस दौरान विभाग ने दिल्ली के सभी इलाकों के साथ ही शाहदरा, फरीदाबाद, गुरुग्राम, नोएडा और गाजियाबाद में कई जगह पर बारिश होने का अनुमान लगाया है।
13 सितंबर को भी होगी बारिश
रविवार को विभाग ने शहर में आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहने और सुबह से लेकर दोपहर के बीच कुछ जगहों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान विभाग ने दिल्ली के सभी इलाकों के साथ ही शाहदरा, फरीदाबाद, गुरुग्राम, नोएडा और गाजियाबाद में कुछ जगहों पर बारिश होने का अनुमान लगाया है।
14 सितंबर को भीग सकते हैं कुछ इलाके
सोमवार के लिए मौसम का अनुमान लगाते हुए IMD ने कहा कि आमतौर पर दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान विभाग ने सुबह से दोपहर के बीच बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। साथ ही शाम से रात के बीच भी बहुत हल्की से हल्की बारिश होने का अनुमान लगाया है।
शुक्रवार को रिज में हुई सबसे ज्यादा बारिश
आज शुक्रवार को शहर के अलग-अलग इलाकों में दर्ज की गई बारिश की बात करें तो शाम 5.30 बजे तक शहर के रिज इलाके में 10.6 मिमी, आयानगर में 10 मिमी, पालम में 4.2 मिमी, लोदी रोड में 2.2 मिमी और सफदरजंग में 1.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इस दौरान शहर का अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री ज्यादा है।
122 दर्ज किया गया दिल्ली का AQI
उधर केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) की तरफ से दी गई जानकारी में बताया गया कि शाम 6 बजे दिल्ली का AQI (वायु गुणवत्ता सूचकांक) 122 था। CPCB के AQI स्केल के अनुसार, 0 से 50 की रीडिंग को 'अच्छा', 51 से 100 को 'संतोषजनक', 101 से 200 को 'मध्यम', 201 से 300 को 'खराब', 301 से 400 को 'बहुत खराब' और 401 से 500 को 'गंभीर' माना जाता है।


