दिल्ली में कल का मौसम; 2 दिन येलो अलर्ट, कब तक जारी रहेगा बारिश का दौर?
Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार को भारी बारिश से जगह-जगह जलभराव और भीषण जाम लग गया। मौसम विभाग ने आगे भी गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी देते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। कल कैसा मौसम?
दिल्ली के साथ ही एनसीआर के विभिन्न हिस्सों में मंगलवार को जोरदार बारिश हुई। इससे दिल्ली, गुरुग्राम और नोएडा के अलग-अलग इलाकों में भारी जलभराव देखा गया। इससे भीषण ट्रैफिक जाम देखा गया। जलभराव से निपटने के लिए टीमें और पंपिंग स्टेशन पूरी तरह एक्टिव हैं। मौसम विभाग ने तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश का अनुमान जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दिल्ली-NCR में 3 अगस्त तक रिमझिम बारिश का दौर देखा जा सकता है।
रात को भी झमाझम बारिश की चेतावनी
IMD ने आगे शाम या रात के दौरान भी दिल्ली-NCR में बादल छाए रहने और गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और कुछ जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग की मानें तो कल बुधवार को भी दिल्ली-एनसीआर में जोरदार बारिश की संभावना है। मौसम विभाग की ओर से साझा की गई जानकारी के अनुसार, दिल्ली में सुबह साढ़े आठ बजे तक सफदरजंग में कुल 32.4 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई। इसके बाद रिज में 37.6 मिमी दर्ज हुई।
कल कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग ने 29 जुलाई को बादल छाए रहने और सुबह से दोपहर के बीच अधिकांश जगहों पर गरज चमक के साथ हल्की जबकि कुछ जगहों पर मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दिन शाम या रात के समय कई जगहों पर हल्की बारिश और कुछ अलग-अलग जगहों पर मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। इस दिन दिल्ली में अधिकतम तापमान के 32 से 34 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
30 जुलाई को भी दिल्ली-एनसीआर में बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने 30 जुलाई को दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहने और सुबह से दोपहर के दौरान कई जगहों पर गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।इस दिन रात के समय भी हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। 30 जुलाई को दिल्ली में अधिकतम तापमान के 31से 33 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किए जाने की संभावना है।
3 अगस्त तक रुक-रुक कर पड़ती रहेंगी फुहारें
मौसम विभाग ने 31 जुलाई से लेकर 3 अगस्त तक रुक-रुक कर छिटपुट बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। हालांकि इस बीच भारी बारिश नहीं होगी। इस दौरान दिल्ली में अधिकतम तापमान भी 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा सकता है। कुल मिलाकर यह कहा जा सकता है कि इस पूरे हफ्ते यानी पूरे सात दिन रह-रह कर बौछारें दिल्ली एनसीआर को भिगोती रहेंगी।


