दिल्ली का मौसम सर्द-गर्म; 4 दिन कब-कब बूंदाबांदी? 35°C तक जाएगा तापमान
Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर में सुबह ठंड तो दिन में उमस देखी जा रही है। कश्मीर और उत्तराखंड में बर्फबारी से भी मौसम के बदलने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने 4 दिन बूंदाबांदी की संभावना जताई है।

दिल्ली-एनसीआर में मौसम का अजब रुख देखने को मिल रहा है। दिल्ली में सोमवार की सुबह अपेक्षाकृत ठंडी रही। दिल्ली में सुबह के वक्त न्यूनतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.9 डिग्री कम है। हालांकि दिन चढ़ने के साथ ही उमस भरी गर्मी भी लोगों को परेशान कर रही है। इस सर्द-गर्म के बीच मौसम विभाग ने इस हफ्ते 4 दिन बूंदाबांदी की संभावना जताई है।
पहाड़ो पर बर्फबारी शरद ऋतु की शुरुआत के संकेत
बीते शनिवार को कश्मीर में मौसम की पहली बर्फबारी हुई। वहीं मैदानी क्षेत्रों में कुछ जगहों पर ओले गिरे। यूनीवार्ता की रिपोर्ट के मुताबिक, इसको कश्मीर घाटी में धीरे-धीरे शरद ऋतु की शुरुआत का संकेत माना जा रहा है। यही नहीं उत्तराखंड में भी बदरीनाथ और हेमकुंड की चोटियों पर बर्फबारी हुई। इससे तापमान में बदलाव देखा गया। दिल्ली-एनसीआर में भी सोमवार को न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी गई।
दिल्ली-NCR में कल कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग ने इस पूरे हफ्ते दिल्ली में अधिकतम तापमान के 35 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा नहीं बढ़ने की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश और बिजली कड़कने की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने कल मंगलवार को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने और गरज चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है।
11 सितंबर से बारिश का नया दौर
मौसम विभाग ने 9 और 10 सितंबर को दिल्ली-एनसीआर में बारिश की संभावना नहीं जताई है। 8, 9 और 10 सितंबर को दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान के 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किए जाने की संभावना है। इसके बाद 11 सितंबर से दिल्ली-एनसीआर में बारिश का नया दौर शुरू होगा। इससे तापमान में गिरावट की संभावना है।
11, 12 और 13 सितंबर को हल्की बारिश या बूंदाबांदी के आसार
मौसम विभाग ने 11, 12 और 13 सितंबर को बादल छाए रहने और सुबह से दोपहर के बीच एक से 2 बार हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई है। रात के समय भी एक बार हल्की बारिश की संभावना है। इन तीनों ही दिन दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है। न्यूनतम तापमान की बात करें तो इस हफ्ते दिल्ली में इसके 23 से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किए जाने की संभावना है।
उत्तराखंड में 10 से 12 सितंबर के बीच जोरदार बारिश
मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में कहीं-कहीं या छिटपुट बारिश के साथ आंधी-तूफान और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। उत्तराखंड में 10 से 12 सितंबर के बीच व्यापक बारिश के आसार हैं। इस दौरान कहीं-कहीं भारी बारिश भी हो सकती है। हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 7 से 10 सितंबर के बीच कहीं-कहीं बारिश होगी। इसके बाद 11 से 13 सितंबर के बीच छिटपुट बारिश के आसार हैं।


