दिल्ली-NCR में कल कैसा मौसम? जारी रहेगा जोरदार बारिश का दौर, इस दिन से राहत
दिल्ली-NCR में भारी बारिश से कई इलाकों में जलभराव हो गया जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने तेज हवाओं और गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली-एनसीआर में मौसम एकबार फिर खराब हो गया है। भारी बारिश के चलते शनिवार को दिल्ली-NCR के कई हिस्सों में सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया। इससे ट्रैफिक जाम की समस्या देखी गई। इस बीच मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में गरज चमक के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। कल भी झमाझम बारिश का दौर जारी रहेगा।
जोरदार बारिश का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग हिस्सों में बादल छाए रहने और गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज स्पीड से हवाएं चलने और बिजली कड़कने की चेतावनी जारी की है। बुधवार को सुबह साढ़े आठ बजे से साढ़े ग्यारह बजे के बीच दिल्ली के सफदरजंग में 22 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई जबकि पालम में 25.2 मिमी बारिश हुई।
दिल्ली-NCR में जोरदार बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने कल 6 सितंबर को भी दिल्ली-एनसीआर में गरज चमक के साथ जोरदार बारिश की चेतावनी दी है। दिन में बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग ने सुबह के समय कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी-तूफान या बिजली कड़कने की संभावना जताई है। दोपहर से शाम या रात के दौरान दिल्ली एनसीआर में कुछ जगहों पर गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दिन दिल्ली में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है।
7 सितंबर से बारिश से राहत का अनुमान
मौसम विभाग ने 7 सितंबर से बारिश से राहत मिलने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने 7 से लेकर 11 सितंबर तक दिल्ली-एनसीआर में जोरदार बारिश के आसार नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में 7 और 8 सितंबर को दिल्ली में अधिकतम तापमान के 33 से 35 डिग्री सेल्सियस की संभावना जताई है। जाहिर है कि 7 और 8 सितंबर से दिल्ली-एनसीआर में उमस भरी गर्मी बढ़ने की संभावना जताई है।
उमस और गर्मी करेगी परेशान, कितना रहेगा तापमान?
IMD ने 9 से लेकर 11 सितंबर के दौरान दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किए जाने की संभावना जताई है। इस दौरान दिल्ली-एनसीआर में उमस भरी गर्मी परेशान करेगी।
उत्तर पश्चिमी भारत में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश पर कम दबाव का क्षेत्र बना है। इसके असर से पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में कुछ जगहों पर भारी से बहुत ज्यादा भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड में 5 से 7 सितंबर के दौरान; हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 5 से 6 सितंबर के दौरान; पूर्वी उत्तर प्रदेश में 5-8 सितंबर के दौरान; पूर्वी राजस्थान में 6 सितंबर को कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।


