दिल्ली में रेड अलर्ट; NCR के कई हिस्सों में जोरदार बारिश, कल कैसा रहेगा मौसम?
Delhi NCR Weather: दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न हिस्सों में सोमवार को तेज बारिश हुई। मौसम विभाग ने दिल्ली के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। कल कैसा रहेगा मौसम? इस रिपोर्ट में जानें….

Delhi Mausam: दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग हिस्सों में सोवार को झमाझम बारिश देखी गई। मौसम विभाग ने दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में गरज चमक के साथ जोरदार बारिश को लेकर रेड अलर्ट भी जारी किया। मौसम विभाग ने सुबह ही दिल्ली-एनसीआर में मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की थी। मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली-एनसीआर में आज और कल भी गरज चमक के साथ जोरदार बारिश वाला मौसम रहेगा।
जोरदार बारिश से बदला मौसम
मौसम विभाग ने सोमवार को दोपहर में दिल्ली में गरज चमक और तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश का रेड अलर्ट जारी कर दिया। इसके कुछ ही देर बात दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग हिस्सों में तेज गरज और चमक के साथ काले बादलों ने डेरा डाल दिया। देखते ही देखते नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद, दिल्ली और गुरुग्राम समेत कई क्षेत्रों तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश होने लगी। जोरदार बारिश से मौसम बदल गया। कई इलाकों में जलभराव हो गया।
रात को भी बारिश, ये वेदर सिस्टम एक्टिव
मौसम विभाग ने रात को भी दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। IMD की मानें तो मौजूदा वक्त में तीन सिस्टम एक्टिव हैं। मॉनसून ट्रफ बीकानेर, दतिया, उत्तरी मध्य प्रदेश, डाल्टनगंज और दीघा से होकर दक्षिण-पूर्व की ओर पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। इससे बंगाल की खाड़ी से नम हवाएं भी आ रही हैं। साथ ही एक ट्रफ के रूप में मौजूद पश्चिमी विक्षोभ भी मौजूद है।
दिल्ली-NCR में फिर बारिश की गतिविधियां
यही नहीं दक्षिण-पूर्वी हिमाचल प्रदेश और उसके आस-पास साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी बना हुआ है। मौसम विभाग की मानें तो पहाड़ी राज्यों जैसे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में जोरदार बारिश के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। साथ ही पंजाब, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में भी बारिश वाला सिस्टम ऐक्टिव हो गया है। इससे दिल्ली-एनसीआर में एकबार फिर बारिश की गतिविधियों में तेजी देखे जाने की संभावना है।
कल कैसा रहेगा दिल्ली-NCR में मौसम?
मौसम विभाग ने कल भी दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश की संभावना जताई है। दिल्ली-NCR में मंगलवार को बादल छाए रहेंगे। अधिकांश जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। शाम या रात के समय भी बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो 12 और 13 अगस्त को बारिश की तीव्रता में कमी रहेगी। हालांकि इन दोनों ही दिन हल्की बारिश या फुहारें पड़ सकती हैं।
14 और 15 अगस्त को कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-एनसीआर में 14 अगस्त को बादल छाए रहेंगे। इस दिन सुबह से दोपहर के बीच कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। दोपहर से शाम के बीच कई जगहों पर फिर से हल्की बारिश का अनुमान है। 15 अगस्त को सुबह (4 से 6 बजे के दौरान) लगभग 5 मिमी हल्की बारिश की 70 फीसदी संभावना है। फिर सुबह 6 से 9 बजे के बीच लगभग 2 से 3 मिमी बारिश की 60 फीसदी संभावना है। दोपहर से शाम के समय लगभग 3 मिमी बारिश की 60 फीसदी संभावना है।
कितना रहेगा तापमान?
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली के साथ ही एनसीआर के अलग-अलग हिस्सों में 16 अगस्त को भी हल्की बारिश या फुहारें पड़ सकती हैं। दिल्ली में 11, 12, 13 और 16 अगस्त को दिल्ली में अधिकतम तापमान के 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किए जाने की संभावना है। वहीं 14 और 15 अगस्त को दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जा सकता है।


