दिल्ली में कल कैसा मौसम? बूंदाबांदी की संभावना, 21 सितंबर तक का हाल
Delhi Weather: दिल्ली-NCR में मंगलवार को उमस भरी गर्मी से लोग परेशान रहे। दिल्ली में इस दिन तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली-NCR में मंगलवार को भी बादलों की आवाजाही के बीच उसम भरी गर्मी के चलते लोग परेशान रहे। मौसम विभाग ने बुधवार और गुरुवार को दिल्ली के साथ ही एनसीआर के अलग-अलग इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई है। दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री रहा जो सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक है।
कल दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान दिल्ली-एनसीआर में बूंदाबांदी की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने बुधवार को दिल्ली-NCR में बेहद हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई है। दिल्ली में बुधवार को अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इस बीच दक्षिण पूर्वी हवा भी चल सकती है। इसकी गति अधिकतम 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा तक रिकॉर्ड की जा सकती है।
परसों भी बूंदाबांदी, 21 सितंबर तक का हाल
IMD ने गुरुवार को भी दिल्ली-NCR में बेहद मामूली बारिश या बूंदाबांदी या फुहारें पड़ने की संभावना जताई है। इस दिन भी दिल्ली में अधिकतम तापमान के 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। इसके बाद से लेकर 21 सितंबर तक दिल्ली-एनसीआर में बारिश के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग की मानें तो 18 से 21 सितंबर तक बारिश नहीं होने का पूर्वानुमान जारी किया है।
कितना रहेगा तापमान?
मौसम विभाग के अनुसार, 18 और 21 सितंबर को दिल्ली में अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जा सकता है। दिल्ली में 19 और 20 सितंबर को अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किए जाने की संभावना है। कुल मिलाकर मौसम विभाग की मानें तो इस हफ्ते भी कुछ दिन उमस लोगों को परेशान कर सकती है।
दक्षिण-पश्चिम राजस्थान पर कम दबाव का क्षेत्र
यदि देश के अन्य हिस्सों में मौसम की बात करें तो दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के असर से सौराष्ट्र और कच्छ में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो अब बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है क्योंकि 19 सितंबर के आसपास पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की वापसी के लिए स्थितियां अनुकूल हो रही हैं।
देश के इन राज्यों में झमाझम बारिश के आसार
उत्तर पश्चिमी भारत के क्षेत्रों की बात करें तो 16 से 17 सितंबर के दौरान हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में गरज-चमक और बिजली कड़कने के साथ झमाझम बारिश देखी जा सकती है। हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में कहीं-कहीं भारी बारिश भी हो सकती है। 17 से 19 सितंबर के दौरान पश्चिमी मध्य प्रदेश और 17 सितंबर तक पूर्वी मध्य प्रदेश और 20 से 21 सितंबर के दौरान विदर्भ के अलग-अलग हिस्सों में भी झमाझम बारिश हो सकती है।


